

अगरतला। मार्क्सकवादी कम्युनिस्ट पार्टी के दो नेताओं को अपने साथ लेकर बांग्लादेश में अपने ठिकाने से भागे तीन आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। आतंकवादियों ने इन माकपा नेताओं का पहली अप्रैल को अपहरण कर लिया था।
पुलिस के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा के ये तीनों आतंकवादी 30 से 45 साल की उम्र के हैं। इन्होंने उत्तरी त्रिपुरा के गांडाचारा में सोमवार की देर रात सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। वे दोनों बंधकों सहित असम राइफल्स और पुलिस के अधिकारियों के समक्ष उपस्थित हुए।

जयपुर। राजस्थान के जयपुर में मूक बधिर बालिकाओं के साथ रेप के मामले में सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग की जांच समिति खाली हाथ लौट गई। विभाग के सूत्रों ने बताया कि तीन सदस्यीय समिति के सदस्य जब आवाज फाउंडेशन द्वारा संचालित विद्यालय में गए तो वहां ताला लगा हुआ था। विद्यालय की छात्राओं की छुट्टी हो जाने के कारण समिति के सदस्य लौट गए।
पांच छात्राओं के परिजन नहीं होने के कारण वे गांधीनगर स्थित संस्था में आ गई। लेकिन जांच समिति के सदस्य वहां नहीं गए। इस मामले के बारे में सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री अशोक बैरवा अधिकारियों की बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में विभागीय जांच की स्थिति पर भी विचार किया जाएगा।

सिलिगुड़ी। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में पुलिस ने आईएसआई के नेटवर्क से जुड़े चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया। उत्तरी बंगाल के पुलिस महानिरीक्षक अनुज शर्मा ने बताया कि कुरसियोग उपमंडल के घरी धुरा निवासी भूतपूर्व सैनिक मगन बहादुर, गोपाल विश्वकर्मा, धन कुमार प्रधान और मीजो सुरैया को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से कुछ दस्तावेज और रक्षा उपकरण बरामद किए गए हैं।
आईएसआई को यहां की कुछ विशेष सूचनाएं लीक करने वाले राजस्थान में गिरफ्तार किए गए एक सेना कर्मचारी विद्युत कुमार सिन्हा से इनके संबंध होने की बात कही जा रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी कुछ सप्ताह से सुकना के 33 कोर क्षेत्र से रक्षा उपकरणों के बारे में सूचनाएं जमा कर रहे थे। इन्हें कल अदालत में पेश किया जाएगा।

श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के सोपोर में रविवार की रात लश्करे तैय्यबा के एक आतंकवादी को पुलिस ने दस लाख डॉलर के नोट के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सोपोर के अलावा अन्य स्थानों के लिए आतंकवादी साजो सामान के लिए धन का प्रबंध करने वाला मुदासिर अहमद दार नाम के इस आतंकवादी को विध्वंसक गतिविधियों में संलिप्तता के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। यह लश्कर के लिए काफी लंबे समय से मुविया के नाम से काम करता रहा है।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व पकड़े गए पाकिस्तानी आतंकवादी हाफिज नवीद उर्फ फहदुल्ला के खुलासे के अनुसार मुदासिर सोपोर और इसके बाहर भी आतंकवादियों के लिए धन का प्रबंध करने के अलावा मृतक आतंकवादियों के परिजनों को भी आर्थिक सहायता मुहैया करवाता था। गिरफ्तारी के समय मुदासिर के पास दस लाख डॉलर के नोट के अलावा दो टोकन और सत्यापन प्रमाणपत्र भी बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि इस नोट का बाजार मूल्य 4500 रुपये है जिसका प्रयोग दुनिया में लोगों के साथ धोखाधड़ी के लिए किया जाता है।

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में सुकमा जिले के दोरनापाल के पास चिंतलनार मार्ग पर शुक्रवार को तड़के नक्सलियों ने पुलिस के आधार कैंप पर हमला किया। हमले में एक सब इंस्पेक्टर शहीद हो गए और एक अन्य जवान घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस कैंप में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स की एक कंपनी तैनात है। इसमें विशेष कार्य बल के जवान भी तैनात थे। हमले में एसटीएफ के सब इंस्पेक्टर राजेंद्र यादव शहीद हो गए और प्रधान आरक्षक योगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल योगेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकॉप्टर से जगदलपुर लाया गया है।

बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की एक आदिवासी युवा विवाहिता को 50 हजार रुपये में बेच देने के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला और खरीददार उत्तरप्रदेश के युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रो ने बताया कि जिले के सारणी थाना क्षेत्र के ग्राम जाजबोड़ी निवासी आदिवासी मोहब्बत उइके ने पिछले दिनों रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी 19 साल की धरमती उइके को गांव की ही कलावतीबाई नाम की महिला काम करने के लिए महाराष्ट्र लेकर गई थी। बाद यह महिला लौट आई लेकिन उसकी पत्नी नहीं लौटी है।
पुलिस ने इस मामले की जांच पड़ताल कर कलावती बाई से पूछताछ की तो पता चला कि धरमती उत्तरप्रदेश के युवक प्रवीण के साथ रह रही है और दोनों ने विवाह भी कर लिया है। कलावती ने बताया कि महाराष्ट्र में कुछ दिनों तक काम करने के दौरान धरमती को प्रवीण के हाथों 50 हजार रुपए में बेच दिया था। इसके बाद काम खत्म हो जाने पर धरमती को प्रवीण उत्तरप्रदेश लेकर चला गया।

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश की राजनीति को झकझोर कर रख देने वाले डीएसपी जिया उल हक हत्याकांड में बुधवार को 11 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो ने पूर्वमंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया से गुरुवार को दोबारा पूछताछ शुरू कर दी है। बीते 02 मार्च को हथिगवां क्षेत्र के बलीपुर गांव के प्रधान नन्हे यादव और उनके भाई सुरेश यादव की हत्या से गुस्साई भीड़ ने हक को मार डाला था।
डीअसपी की पत्नी परवीन आजाद ने राजा भैया पर हत्या की साजिश रचने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। राजा भैया अपने नजदीकी रिश्तेदार और विधान परिषद सदस्य अक्षय प्रताप सिंह के साथ सुबह करीब 10:।5 बजे सी बी आई के कुंडा स्थित शिविर कार्यालय पहुंचे और जांच एजेंसी के तीखे सवालों के जवाब देने लगे।

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में दबंगों द्वारा एक ही परिवार की दो सगी बहनों के साथ हथियारों से आतंकित कर बलात्कार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस के अनुसार एटा जिले के सकीट क्षेत्र के राजपुरा गांव की रहने वाली एक महिला अपनी दो लड़कियों के साथ 11 मई को गांव से करीब एक किलोमीटर दूर किसी वाहन का इतंजार कर रही थी।
महिला का आरोप है कि तभी गांव के ही दबंग लोग जगमोहन, पपीया और तोडी हाथों में तमंचा लेकर आ गए और दोनो लड़कियों के सगे भाई को जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान जगमोहन बड़ी बहन को और तोडी छोटी बहन को तमंचे के बल पर पास ही झाड़ी में खींच ले गए और उनसे बलात्कार किया।

बीकानेर। राजस्थान में चुरू जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में एक व्यापारी से उसके पूर्वजों को शांति और घर में प्रेतात्माओं से मुक्ति दिलाने के नाम पर करीब 20 लाख रुपये से अधिक का सोना और नकदी ठगने का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस के अनुसार राजगढ़ में वार्ड 24 के निवासी व्यवसायी राकेश अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के नानकपुरा क्षेत्र में बृजघाट के निवासी पंडित अनिल भारद्वाज, राजस्थान के झुंझुनु के भास्कर उर्फ मुश्ताक, हरियाणा के हिसार जिले के बलदेव और एक अन्य के खिलाफ उससे 750 ग्राम सोना, 50 हजार रुपये नकद और धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर उससे लाखों रुपये ऐंठने का मामला दर्ज कराया।

इंदौर। इंदौर शहर के खजराना थाना क्षेत्र में पिछले सप्ताह हुए एक महिला के कत्ल का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के मास्टर माइंड उसके पति सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रो ने बताया कि खजराना थाना क्षेत्र के एहमद नगर के खुले मैदान में सात मई को एक बोरी मे बंद पड़ी लगभग 20 साल की महिला का शव पुलिस ने बरामद किया था। शव के साथ कोई सामान या जेवरात नहीं मिलने से उसकी शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। बाद में जांच-पड़ताल में शव की शिनाख्त इसी क्षेत्र में रहने वाले भादर पटेल ने अपनी पत्नी खुशबू के रूप में की। मृतका के माता-पिता ने भादर पर अपनी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया था।
इंदौर रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक राकेश गुप्ता ने बताया कि खुशबू का घटना के पूर्व आखिरी फोन संपर्क उसके पति भादर पटेल से हुआ था। उसके घर के पास रहने वाली महिला फरीदा बी और उसके बेटे आसिफ को खुशबू के साथ आखिरी बार देखा गया था। उन्होंने बताया कि जब आरोपी आसिफ से कड़ी पूछताछ की गई तो उसने खुशबू की हत्या करना स्वीकार करते हुए बताया कि इस काम को फरीदा बी, फैमिदा बी और भादर पटेल के साथ मिलकर अंजाम दिया गया। उसने बताया कि खुशबू को पिछली छह मई को झांसी जाना था इसलिए चारो आरोपियों ने मिलकर इस दिन रात को उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।














