

नई दिल्ली। लंदन में दो से छह मई तक आयोजित होने वाले चार देशों की ओलम्पिक टेस्ट प्रतियोगिता में भारतीय हॉकी टीम की कमान गोलकीपर भरत छेत्री के हाथों में होगी। छेत्री 18 सदस्यीय भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे। खिलाड़ियों का चयन बेंगलुरू के साई सेंटर में आठ से नौ अप्रैल के बीच आयोजित किए गए ट्रायल शिविर के बाद किया गया।
टीम के चयन में हॉकी इंडिया (एचआई) के बी चयनकर्ताओं, पी गोविंदा और बलबीर सिंह सहित सरकार की ओर से पर्यवेक्षक हरबिंदर सिंह शामिल थे। इस प्रतियोगिता में मेजबान ब्रिटेन, भारत, आस्ट्रेलिया और जर्मनी की टीमें हिस्सा लेंगी।

चंडीगढ़। कॉमनवेल्थ गेम्स, आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे टूनामेंटों के उद्घाटन समारोह आयोजित करने के बाद विजक्राफ्ट इंटरनेशनल एंटरटेनमेट बुधवार से यहां शुरू होने जा रहे ब्रिजस्टोन वर्ल्ड सीरीज हॉकी के उद्घाटन समारोह में धमाका करने के लिए तैयार है। समारोह में सैफ अली खान, नेहा धूपिया और मीका सहित कई नामचीन हस्तियां धमाल मचाने जा रही हैं।
पंजाब की फिजा में संगीतकार ए आर रहमान का संगीत गूंजेगा। हर्षदीप कौर फिल्म रॉकस्टार के गाने कतया करूं की धुन पर चंडीगढ़ को झूमने पर मजबूर कर देंगी। मानसी स्काट मंच पर रॉक आन प्रस्तुत करेंगी जिसमें विभिन्न टीमों के लीग कैप्टन का खुलासा होगा।
नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम का लंदन ओलंपिक का टिकट पक्का हो गया है। ओलंपिक क्वालिफायर के फाइनल में भारत ने फ्रांस को 8-1 से हराकर 8 साल बाद ओलंपिक में अपनी जगह बनाई। टीम के सामने अब चुनौती है पदक जीतने की। कैसे होगी ये मंजिल फतह इसपर चर्चा के लिए मौजूद थे हॉकी टीम के कप्तान भरत छेत्री, स्टार खिलाड़ी शिवेंद्र सिंह, फाइनल में 5 गोल करने वाले संदीप सिंह और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सरदार सिंह। कैसी रही ये चर्चा जानने के लिए वीडियो देखें।

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने लंदन ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम और विशेष तौर पर इसमें हरियाणा के खिलाड़ियों पर ईनामों की बौछार कर दी है।
हॉकी टीम के ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने से गदगद हुड्डा ने उसे बधाई देते हुए अन्य राज्यों के मुकाबले ईनामों की घोषणा में पहल करते हुए इसमें राज्य के खिलाड़ियों को फाईनल मैच में प्रत्येक गोल के लिए पांच लाख रुपए देने व सीरीज के अन्य मैचों में टीम के किसी भी खिलाड़ी द्वारा किए गए प्रत्येक गोल के लिए एक-एक लाख रूपए देने की घोषणा की है।

नई दिल्ली। स्टार ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह की शानदार हैट्रिक सहित पांच गोलों की बदौलत भारतीय टीम ने मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में मौजूद लगभग 12 हजार जूनूनी दर्शकों के सामने फ्रांस को 8-1 से हराकर हीरो एफआईएच रोड टू लंदन टूर्नामेंट के खिताब के साथ-साथ लंदन ओलम्पिक में खेलने का अधिकार भी हासिल कर लिया।
भारतीय टीम ने 1928 के बाद से 2004 तक सभी ओलम्पिक में हिस्सा लिया था लेकिन 2008 के बीजिंग ओलम्पिक में वह हिस्सा नहीं ले सकी क्योंकि उसी साल चिली में आयोजित क्वालीफाईंग टूर्नामेंट के फाइनल में उसे इंग्लैंड के हाथों 0-2 से हार मिली थी।

नई दिल्ली। ओलंपिक क्वालीफायर्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को लंदन ओलंपिक्स में अपनी जगह पक्की कर ली। ओलंपिक क्वालीफायर के फाइनल में भारत ने फ्रांस को 8-1 से हरा दिया। भारतीय टीम 2008 बीजिंग ओंलपिक्स के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी।
टूर्नामेंट में ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह हीरो बनकर उभरे हैं। संदीप ने फ्रांस के खिलाफ 5 गोल दागे। पूरे क्वालीफायर में पेनाल्टी कॉर्नर पर संदीप को रोकना चुनौती बना रहा। एक जमाने में भारतीय टीम पेनाल्टी में कमजोर मानी जाती थी लेकिन इस बार क्वालीफार्यस में ये ताकत बनकर उभरी है। संदीप के अलावा फाइनल में बिरंदर लाकरा, सुनील ने भी गोल दागे।

नई दिल्ली। हॉकी ओलंपिक क्वालिफायर मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फ्रांस को हरा दिय़ा। आठ बार की ओलंपिक गोल्ड विजेता टीम इंडिया अपने सभी लीग मैच जीतकर फाइनल में फ्रांस से भिड़ी। ये फाइनल मुकाबला दिल्ली के नेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस जीत के साथ ही भरत छेत्री की टीम को लंदन ओलंपिक के लिए टिकट मिल गया।
इससे पहले सिडनी ओलिंपिक की कड़वी यादों का बदला चुकता करते हुए भारत ने ओलंपिक क्वॉलिफायर के आखिरी पूल मैच में पोलैंड को 4-2 से हराकर बाहर कर दिया।
दरअसल बीजिंग ओलंपिक में नहीं क्वॉलिफाई करने के दर्द को टीम इंडिया भूलाकर नए कोच माइकल नॉब्स के नेतृत्व में नए जोश और जुनून के साथ ओलंपिक क्वॉलिफायर टूर्मामेंट में खेलने उतरे और जिसका नतीजा लंदन ओलंपिक का टिकट मिल गया। भारत ने कोच माइकल नॉब्स के नेतृत्व में अपने हॉकी के खेल में बड़ा बदलवा करते हुए दुनिया की सबसे आक्रमक खेल दिखाने वाली टीम का तमगा हासिल करने निकल पड़ी है।

नई दिल्ली। हॉकी ओलंपिक क्वालिफायर मुकाबले में आज भारत का मुकाबला फ्रांस से होगा। 8 बार की ओलंपिक गोल्ड विजेता टीम इंडिया अपने सभी लीग मैच जीतकर फाइनल में पहुंची है। दिल्ली के नेशनल स्टेडियम में ये मुकाबला रात 8 बजे खेला जाएगा।
दूसरी तरफ भारतीय महिला टीम का वर्ष 1980 के बाद पहली बार ओलम्पिक में हिस्सा लेने का सपना फिलहाल अधूरा रह गया है। दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को नेशनल स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत को 3-1 से हराकर न सिर्फ हीरो एफआईएच रोड टू लंदन टूर्नामेंट का खिताब जीता बल्कि लंदन ओलम्पिक में हिस्सा लेने का अधिकार भी हासिल किया।
नई दिल्ली। 'करो या मरो' के मैच में इटली को हराकर भारत की महिला टीम मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में जारी हीरो एफआईएच रोड टू लंदन क्वालीफायर टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई लेकिन खिताबी जीत और ओलम्पिक सीट पाना उसके लिए टेढ़ी खीर साबित हो सकती है क्योंकि फाइनल में आज उसका सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा, जो सर्वोच्च वरीय होने के अलावा इस खिताब के लिए और भी कृतसंकल्प नजर आ रही है।
भारत ने 1980 में पहली और आखिरी बार ओलम्पिक में हिस्सा लिया था। मास्को ओलम्पिक से कई देशों के बहिष्कार के बाद भारत को ओलम्पिक में हिस्सा लेने के लिए बुलाया गया था। उससे पहले या उसके बाद टीम ने कभी ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई नहीं किया।

नई दिल्ली। भारतीय टीम ने नेशनल स्टेडियम में जारी हीरो एफआईएच रोड टू लंदन टूर्नामेंट के अपने पांचवें पूल मैच में शुक्रवार को पोलैंड को 4-2 से हरा दिया। भारत की जीत के साथ फ्रांस की टीम फाइनल में पहुंच गई है जबकि पोलैंड को निराशा झेलनी पड़ी है। भारत और फ्रांस रविवार को भिड़ेंगे। जीतने वाली टीम लंदन ओलम्पिक में खेलेगी।
फ्रांस ने अपने पांचवें पूल मैच में शुक्रवार को कनाडा को 1-1 की बराबरी पर रोकते हुए 10 अंकों के साथ फाइनल में पहुंचने की उम्मीद बरकरार रखी थी लेकिन उसकी किस्मत भारत और पोलैंड के बीच होने वाले मुकाबले के परिणाम पर टिकी थी।














