

नई दिल्ली। लंदन ओलंपिक खेलों की मशाल इस वर्ष भले ही विश्व भ्रमण पर नहीं निकली हो लेकिन भारतीय कलाकारों के समूह ‘जयपुर कावा ब्रास बैंड’ और ‘कावा म्युजिकल सर्कस’ ब्रिटेन के बेलफास्ट में इस मशाल यात्रा के दौरान अपनी प्रस्तुति से भारतीय कलाओं और संस्कृति की छटा बिखेरेंगे।
राजस्थान विश्विद्यालय में तबला के प्राध्यापक रहे हामिद खान कावा के नेतृत्व में यह 16 सदस्यीय दल जल्द ही ब्रिटेन रवाना होगा जहां इसे बेलफास्ट में 30 मई और 13 जून को इस बैंड को अपनी प्रस्तुति देनी है। इसके लिए बैंड ने ‘हंस ध्वनि’ की विशेष प्रस्तुति की तैयारी की है।
लंदन। लंदन ओलम्पिक आयोजन समिति ने जुलाई-अगस्त में होने वाले इस महाआयोजन के लिए और अधिक टिकट जारी करने का फैसला किया है। टिकटों की बिक्री के पहले चरण में 10 लाख से अधिक लोग टिकट नहीं प्राप्त कर सके थे। ऐसे में इन लोगों के पास गुरुवार को टिकटों के लिए आवेदन करने का मौका है।
13 मई को आवेदनकर्ताओं को 100 मीटर पुरुषों की रेस का फाइनल देखने के लिए टिकट प्राप्त करने का मौका मिला था। इसके अलावा हॉकी, टेनिस, बीच बॉलीबॉल, जिमनास्टिक और फुटबाल के लिए भी टिकट जारी किए गए हैं।
नई दिल्ली। भारत के बसंत बहादुर राणा ने रूस के सरंस्क में आईएएएफ बर्ल्ड रेस वाकिंग कप में 50 किमी. पैदल चाल स्पर्धा में चार वर्ष पुराने अपने राष्ट्रीय रिकार्ड में आठ मिनट का सुधार किया और ‘बी’ मापदंड हासिल कर ओलंपिक का टिकट हासिल कर लिया।
गुजरात के राणा ने 4 घंटे 2 मिनट 13 सेकंड का समय लेकर 32वें स्थान के साथ लंदन ओलंपिक का टिकट पाया। आईएएएफ वर्ल्ड रेस वाकिंग कप में ये दूसरी बार हिस्सा ले रहे हैं। राणा तीन घंटे 59 मिनट के ‘ए’ मापदंड के काफी करीब रहे। राणा के टीम साथी संदीप कुमार 4 घंटे 3 मिनट 45 सेकंड के साथ 36वें स्थान पर रह कर राणा से चार स्थान पीछे रहे। हालांकि यह समय चार घंटे नौ मिनट के ‘बी’ मापदंड से कम था। लेकिन इस मापदंड में केवल एक एथलीट ही राष्ट्रीय टीम में जगह बना सकता था इसलिए संदीप को निराश होना पड़ा।
लंदन। लंदन ओलम्पिक आयोजन समिति के प्रमुख सबास्टियन कोए ने कहा है कि ब्रिटेन के खेल प्रेमियों ने ओलम्पिक के लिए जारी कुल टिकटों में से 75 फीसदी टिकट खरीद लिए हैं। कोए ने बीबीसी से कहा ऐसे में जबकि ब्रिटेनवासियों ने दो तिहाई टिकट खरीद लिए हैं, दूसरे स्थान से आने वाले खेल प्रेमियों को निराश झेलनी पड़ सकती है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने कोए के हवाले से लिखा है, "ओलम्पिक टिकटों को लेकर इतनी मांग और जिज्ञासा इससे पहले कभी नहीं देखी गई।"
नई दिल्ली। भारतीय लड़कियों ने स्पेन के शहर गिरोना में जारी स्पेनिश जूनियर एंड केडेट ओपन टेबल टेनिस चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता है। भारतीय टीम फाइनल में जापान से 0-3 से हार गई। भारतीय टेबल टेनिस महासंघ से प्राप्त जानकारी के मुताबिक भारतीय लड़के हालांकि क्वार्टर फाइनल में ही हार गए थे।
भारतीय लड़कियों की टीम में मानिका बत्रा, रीत टेनिसन और कर्णम स्पूथी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने बीते राउंड में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में जगह बनाई।
नई दिल्ली। लगातार पांच बार से विश्व चैम्पियन का खिताब हासिल करने वाली भारतीय महिला मुक्केबाज एम.सी. मैरीकॉम ने कहा कि लंदन ओलंपिक में पदक जीतकर यदि वह संन्यास लेती हैं तो इससे बढ़कर उनके शानदार करियर के लिए और कुछ नहीं होगा।
मैरीकॉम ने करनैल सिंह स्टेडियम में अभ्यास के दौरान कहा कि मैं इस समय अच्छी फॉर्म में हूं और ओलंपिक मेरा बड़ा सपना है। यदि मैं वहां पदक जीतती हूं तो यह मेरे भविष्य का फैसला करेगा कि मैं खेल जारी रखूं या संन्यास लेने का फैसला करूं।

नई दिल्ली। बीच वॉलीबॉल का खेल अपने आप में लाजवाब होता है। महिला खिलाड़ियों का खेल और दर्शकों का जुनून तो इस खेल में होता ही है लेकिन सबसे खास होती है खिलाड़ियों की ड्रेस। देखें इस खेल के कुछ बेहतरीन नजारे (स्लाइड शो देखें)

नई दिल्ली। भारतीय मुक्केबाज एल देवेंद्रो सिंह 49 किग्रा कजाखस्तान के अलमाटी में चल रहे प्रेसीडेंट्स कप टूर्नामेंट के फाइनल में क्यूबा के योसवानी वीतिया से हारकर सीनियर टूर में अपना पहला स्वर्ण पदक हासिल करने से चूक गए और उन्हें रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।
शुरूआत की पहले तीन मिनट में देवेंद्रो का स्कोर 4.4 की बराबरी पर था लेकिन दूसरे राउंड के शुरू होते ही वीतिया नें अपने शानदार डिफेंस और तकनीक से देवेंद्रो के हाथों से मुकाबला छीन लिया। देवेंद्रो ने अंतिम राउंड में अच्छा स्कोर करने की बहुतेरे कोशिश की लेकिन वह वीतिया को हरा नहीं पाए और 11.15 से मुकाबला हार गए।

लंदन। ओलम्पिक खेलों के दौरान आतंकवादी हमले में घातक जहरीले पदार्थ को ले जाने वाले मानवरहित ड्रोन विमानों का इस्तेमाल हो सकता है। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बारे में आगाह किया है। समाचार पत्र 'डेली मेल' के मुताबिक लेफ्टिनेंट कर्नल ब्रायन फाही ने राजधानी के निवासियों की चिंताओं को दूर करने के लिए आयोजित एक बैठक में यह गम्भीर चेतावनी दी।
लंदन के निवासी ओलम्पिक खेलों के दौरान अपनी छतों पर मिसाइलों को तैनात किए जाने को लेकर भयभीत हैं। सेना की योजना खेलों के दौरान इमारत की छतों पर मिसाइल तैनात करने की है।

चेन्नई। इतिहास में पहली बार भारत की पुरुष और महिला टीमें कुवैत में जारी एशियाई टीम स्क्वॉश चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंच गई है। शुक्रवार को खेले गए महिला वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय महिलाओं ने दक्षिण कोरिया को 2-0 से हरा दिया। फाइनल में भारत का सामना हांगकांग से होगा, जिसने मलेशिया को 2-1 से शिकस्त दी है।
महिलाओं के पहले एकल वर्ग में भारत की अनाका अलानकमोनी ने यांग येओन सू को 11-8, 8-11, 11-9, 11-2 से हराया। दूसरे एकल वर्ग में भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त दीपिका पाल्लीकल ने सोंग सून मी को सीधे सेटों में 11-7, 11-8, 11-2 से शिकस्त दी।














