

रोम। भारतीय स्टार सानिया मिर्जा और उनकी अमेरिकी जोड़ीदार बिथानी माटेक सेंड्स को इटालियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में महिला युगल के दूसरे ही दौर में हार का सामना करना पड़ा है।
सानिया और बिथानी को बुधवार को यहां खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में लीजल ह्यूबर और लीसा रेमंड की शीर्ष वरीय अमेरिकी जोड़ी ने लगातार सेटों में 6-1, 6-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। सानिया और बिथानी ने पहले दौर में न्यूजीलैंड की एम इराकोविच और रोमानिया की एम निकूलेस्कू को 6-2, 6-1 से मात दी थी।

नई दिल्ली। लंदन ओलंपिक खेलों की मशाल इस वर्ष भले ही विश्व भ्रमण पर नहीं निकली हो लेकिन भारतीय कलाकारों के समूह ‘जयपुर कावा ब्रास बैंड’ और ‘कावा म्युजिकल सर्कस’ ब्रिटेन के बेलफास्ट में इस मशाल यात्रा के दौरान अपनी प्रस्तुति से भारतीय कलाओं और संस्कृति की छटा बिखेरेंगे।
राजस्थान विश्विद्यालय में तबला के प्राध्यापक रहे हामिद खान कावा के नेतृत्व में यह 16 सदस्यीय दल जल्द ही ब्रिटेन रवाना होगा जहां इसे बेलफास्ट में 30 मई और 13 जून को इस बैंड को अपनी प्रस्तुति देनी है। इसके लिए बैंड ने ‘हंस ध्वनि’ की विशेष प्रस्तुति की तैयारी की है।
लंदन। लंदन ओलम्पिक आयोजन समिति ने जुलाई-अगस्त में होने वाले इस महाआयोजन के लिए और अधिक टिकट जारी करने का फैसला किया है। टिकटों की बिक्री के पहले चरण में 10 लाख से अधिक लोग टिकट नहीं प्राप्त कर सके थे। ऐसे में इन लोगों के पास गुरुवार को टिकटों के लिए आवेदन करने का मौका है।
13 मई को आवेदनकर्ताओं को 100 मीटर पुरुषों की रेस का फाइनल देखने के लिए टिकट प्राप्त करने का मौका मिला था। इसके अलावा हॉकी, टेनिस, बीच बॉलीबॉल, जिमनास्टिक और फुटबाल के लिए भी टिकट जारी किए गए हैं।
नई दिल्ली। भारत के बसंत बहादुर राणा ने रूस के सरंस्क में आईएएएफ बर्ल्ड रेस वाकिंग कप में 50 किमी. पैदल चाल स्पर्धा में चार वर्ष पुराने अपने राष्ट्रीय रिकार्ड में आठ मिनट का सुधार किया और ‘बी’ मापदंड हासिल कर ओलंपिक का टिकट हासिल कर लिया।
गुजरात के राणा ने 4 घंटे 2 मिनट 13 सेकंड का समय लेकर 32वें स्थान के साथ लंदन ओलंपिक का टिकट पाया। आईएएएफ वर्ल्ड रेस वाकिंग कप में ये दूसरी बार हिस्सा ले रहे हैं। राणा तीन घंटे 59 मिनट के ‘ए’ मापदंड के काफी करीब रहे। राणा के टीम साथी संदीप कुमार 4 घंटे 3 मिनट 45 सेकंड के साथ 36वें स्थान पर रह कर राणा से चार स्थान पीछे रहे। हालांकि यह समय चार घंटे नौ मिनट के ‘बी’ मापदंड से कम था। लेकिन इस मापदंड में केवल एक एथलीट ही राष्ट्रीय टीम में जगह बना सकता था इसलिए संदीप को निराश होना पड़ा।
जकार्ता। इंडोनेशिया के जयापुरा में एक स्थानीय फुटबॉल मैच में अपनी टीम की हार से गुस्साए प्रशंसकों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया और आसपास खड़ी कारों को आग लगा दी। इसके जवाब में पुलिस ने उपद्रवियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े और उन्हें स्टेडियम से बाहर खदेड़ दिया।
स्थानीय मीडिया ने पुलिस के हवाले से बताया कि पर्सिपुरा जयापुरा टीम की घरेलू मैदान पर पर्सिजा जकार्ता के हाथों 0-1 से हार के बाद स्थानीय टीम के प्रशंसक आपे से बाहर हो गए और उन्होंने पुलिस तथा मैच सुरक्षा अधिकारियों पर जमकर पथराव किया।
लंदन। लंदन ओलम्पिक आयोजन समिति के प्रमुख सबास्टियन कोए ने कहा है कि ब्रिटेन के खेल प्रेमियों ने ओलम्पिक के लिए जारी कुल टिकटों में से 75 फीसदी टिकट खरीद लिए हैं। कोए ने बीबीसी से कहा ऐसे में जबकि ब्रिटेनवासियों ने दो तिहाई टिकट खरीद लिए हैं, दूसरे स्थान से आने वाले खेल प्रेमियों को निराश झेलनी पड़ सकती है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने कोए के हवाले से लिखा है, "ओलम्पिक टिकटों को लेकर इतनी मांग और जिज्ञासा इससे पहले कभी नहीं देखी गई।"
नई दिल्ली। भारत के सोमदेव देवर्बमन और सानिया मिर्जा को विश्व वरीयता ताजा एकल रैंकिंग में क्रमश: पांच और चार पायदान का फायदा हुआ है।
पेशेवर टेनिस संघ (एटीपी) की ओर से सोमवार को जारी ताजा एकल रैंकिंग में सोमदेव 235वें से 230वें स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) की ओर से जारी एकल रैंकिंग में सानिया 191वें से 187वें स्थान पर पहुंच गई हैं। युगल में सानिया को तीन स्थान का नुकसान हुआ है। सानिया नौंवे से 12वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

कीव। यूक्रेन के कीव के इंडेपेन्डेंस स्क्वॉयर पर 12 मई को यूरो कप ट्रॉफी के प्रदर्शन के दौरान 'फेमेन' की महिला अधिकार कार्यकर्ता यूक्रेन में यूरो 2012 फुटबॉल टूर्नामेंट का टॉपलेस होकर विरोध करती हुई।

नई दिल्ली। भारतीय लड़कियों ने स्पेन के शहर गिरोना में जारी स्पेनिश जूनियर एंड केडेट ओपन टेबल टेनिस चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता है। भारतीय टीम फाइनल में जापान से 0-3 से हार गई। भारतीय टेबल टेनिस महासंघ से प्राप्त जानकारी के मुताबिक भारतीय लड़के हालांकि क्वार्टर फाइनल में ही हार गए थे।
भारतीय लड़कियों की टीम में मानिका बत्रा, रीत टेनिसन और कर्णम स्पूथी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने बीते राउंड में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में जगह बनाई।
रोम। इटैलियन फुटबाल पर इन दिनों मैच फिक्सिंग का मामला चल रहा है। इसके मद्देनजर 22 क्लबों और 61 लोगों के खिलाफ जांच की जा रही है।
द इटैलियन फुटबाल फेडरेशन (एफआईजीसी) ने बुधवार को कहा कि आरोपियों में 52 सक्रिय खिलाड़ी और तीन कोच शामिल हैं। सभी को इनके अपराध का ब्यौरा दे दिया गया है।






















































