

नई दिल्ली। ओलंपिक क्वालीफायर की तैयारी में जुटी भारतीय हॉकी टीम ने आज शाम दक्षिण अफ्रीका को यहां मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में 4-0 से धोकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली।
भारत ने पहले हाफ में तीन और दूसरे हाफ में एक गोल दागा। भारत का खेल हालांकि बहुत ज्यादा प्रभावशाली नहीं था लेकिन दक्षिण अफ्रीका की कमजोर चुनौती से निपटने में उसे ज्यादा पसीना नहीं बहाना पडा़।

दुबई। अर्जेटीना की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान और संयुक्त अरब अमीरात के क्लब अल वास्त के कोच डिएगो मैराडोना को गुर्दा में पथरी को हटाने के लिए ऑपरेशन कराना पड़ा है। समाचार पत्र 'गल्फ न्यूज' के मुताबिक दुबई स्थित कनाडाई विशेषज्ञ अस्पताल के प्रवक्ता ने मैराडोना का ऑपरेशन सफल होने की पुष्टि की है। प्रवक्ता के मुताबिक कुछ घंटों के बाद मैराडोना को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
वर्ष 2010 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित विश्व कप के दौरान अर्जेंटीना के कोच रहे मैराडोना को 2004 में दिल और स्वांस सम्बंधी दिक्कतों के कारण 10 दिनों तक गहन चिकित्सा कक्ष में बिताने पड़े थे।

नई दिल्ली। मेलबोर्न में आज से शुरू हुए साल के पहले ग्रैंड स्लेम ऑस्ट्रेलियन ओपन के एकल मुकाबलों में भारत की एकमात्र उम्मीद सानिया मिर्जा को ताजा डब्ल्यूटीए रैंकिंग में एक स्थान का नुकसान हुआ है और वह 106वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
सानिया को कलाई की चोट और फिटनेस की समस्याओं के कारण लगातार कोर्ट से बाहर रहना पड़ा है जिससे उनकी रैंकिंग प्रभावित हुई है। भारतीय खिलाड़ी की सर्वश्रेष्ठ एकल रैंकिंग 27वीं है जो उन्होंने जुलाई 2007 में हासिल की थी। युगल रैंकिंग में सानिया 11वें स्थान पर बरकरार हैं।

नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान भरत क्षेत्री और एक सीनियर प्लेयर सरदारा सिंह ने आरोप लगाया है कि इनाम की राशि उन्हें अभी तक नहीं मिली है। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद इन खिलाड़ियों को इनाम की राशि देने का जो वायदा किया गया था, वो अब तक पूरा नहीं किया गया है।
खिलाड़ियों के मुताबिक चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद खिलाड़ियों को हॉकी इंडिया ने सिर्फ 25 हजार रुपए इनाम के तौर पर देने का ऐलान किया था। इतनी कम रकम को लेने से हॉकी खिलाड़ियों ने इनकार कर दिया था। जिसके इनाम की राशि को लेकर पूरे देश में हल्ला मचा।

कुआलालम्पुर। भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल को मलेशिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के एकल मुकाबले के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। टूर्नामेंट की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, शनिवार को खेले गए महिलाओं की एकल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में विश्व की शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की यिहान वांग ने सायना को 21-15, 21-16 से शिकस्त दी। वांग ने इस मुकाबले को 41 मिनट में अपने नाम किया।
सायना और वांग के बीच यह पांचवीं और इस साल की पहली भिड़ंत थी। इससे पहले, वांग ने चारों मुकाबलों में सायना को मात दी थी। इसके साथ ही वांग ने सायना के खिलाफ अपनी कुल पांचवीं जीत दर्ज की है।

कुआलालंपुर। भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल मलेशिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के एकल मुकाबलों के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। विश्व की चौथी वरीयता प्राप्त सायना ने गुरुवार को 11वीं वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे की खिलाड़ी चेंग साओ चेह को 21-19, 21-8 से पराजित किया। यह मैच 31 मिनट चला।
सायना को बुधवार को पहले दौर में विश्व की 20वीं वरीयता प्राप्त सिंगापुर की खिलाड़ी गुयान गू को हराने के लिए 56 मिनट तक पसीना बहाना पड़ा था लेकिन गुरुवार को सायना ने अपने खेल में अपेक्षित सुधार किया। सायना और चेह के बीच यह चौथी भिड़ंत थी। इससे पहले दो मौकों पर सायना की जीत हुई थी जबकि एक बार चेह ने बाजी मारी थी।

नई दिल्ली। भारत के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी बाईचुंग भूटिया ने फुटबॉल को अलविदा कह दिया है। भूटिया ने मंगलवार को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में यूरोप के बड़े क्लब बायर्न म्यूनिख के खिलाफ अपना आखिरी मैच खेला। फुटबॉल को अलविदा कहने के बाद बाईचुंग भूटिया ने खास बातचीत की आईबीएन7 से जिसमें उन्होंने कहा कि अगर भारतीय फुटबॉल को जरूरत पड़ी तो फिर वापसी कर सकते हैं। (वीडियो देखें)

नई दिल्ली। बाइचुंग भूटिया ने उनके विदाई मैच में मंगलवार को यहां बायर्न म्यूनिख के खिलाफ मिली भारत को मिली 0-4 की हार के बाद कहा कि भारतीय खिलाड़ी बड़े नामों की चकाचौंध में खो गये जिससे उनका खेल प्रभावित हुआ। भूटिया ने मैच के बाद कहा कि पहले हाफ में हमारे खिलाडी जर्मन क्लब के बड़े नामों के सामने दबाव में आ गये थे जिससे उनका प्रदर्शन प्रभावित हो गया लेकिन दूसरे हाफ में हमने अच्छा प्रदर्शन किया और बायर्न म्यूनिख को कोई गोल नहीं करने दिया।
100 से भी अधिक अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले भूटिया का विदाई मैच देखने के लिए जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में लगभग 25000 दर्शक मौजूद थे। कई दर्शक हाथों में तख्ती लिए मौजूद थे जिन पर लिखा था ‘हू विल रिप्लेस भूटिया’ और ‘भूटिया वी विल मिस यू’ भूटिया 86 मिनट तक में रहे और इस दौरान उनके हर मूव को दर्शकों ने हाथोंहाथ लिया।

कुआलालम्पुर। भारत की ज्वाला गुट्टा और वी.दीजू की जोड़ी मलेशिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के मिश्रित युगल के दूसरे दौर में प्रवेश कर गई है। टूर्नामेंट की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, बुधवार को खेले गए मिश्रित युगल वर्ग के पहले दौर के मुकाबले में गुट्टा और दीजू की जोड़ी ने सिंगापुर के चायुत त्रियाचार्ट और लेई याओ को 21-13, 19-21, 21-16 से हराया।
गुट्टा और दीजू की जोड़ी ने इस मुकाबले को 39 मिनट में अपने नाम किया। हाल में सम्पन्न कोरिया ओपन सुपर सीरीज में ज्वाला और दीजू की मिश्रित जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान बाइचुंग भूटिया के जर्मनी के शीर्ष क्लब बायर्न म्यूनिख के खिलाफ मंगलवार की शाम यहां जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में विदाई मैच में भारतीय टीम को 4-0 की करारी हार का सामना करना पड़ा।
जर्मन टीम ने आक्रामक फुटबाल का प्रदर्शन करते हुए पहले ही हाफ में चार दनादन गोल कर दिए लेकिन दूसरे हाफ में कोई गोल नहीं हुआ। भारतीय टीम किसी भी हाफ में कोई गोल नहीं कर सकी।






















































