

चेन्नई। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद और क्रिकेट के बादशाह सचिन तेंदुलकर को भारत रत्न दिए जाने की देशव्यापी बहस के बीच चार बार के शतरंज विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने आज कहा कि वह इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए कोई लॉबिंग नहीं करेंगे।
आनंद ने केन्द्र सरकार के खिलाड़ियों को भी ‘भारत रत्न’ दिए जाने के नए फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि मुझे खुशी और गर्व महसूस होगा यदि यह सम्मान मुझे मिलता है। लेकिन मैं इसके लिए कोई लॉबिंग नहीं करूंगा। विश्व चैंपियन ने यहां अपने प्रायोजक एनआईआईटी के कार्यक्रम में इस सम्मान के लिए किसी खिलाडी़ के नाम का सुझाव देने से भी इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में केन्द्रीय गृह मंत्रालय का पैनल बेहतर जानता है।

लास वेगास। वर्ल्ड बाक्सिंग काउंसिल वेल्टरवेट चैंपियन फ्लायड मेवैदर को लास वेगास की एक अदालत ने अपनी पूर्व गर्लफ्रेंड पर हमला करने के आरोप में तीन महीने कैद की सजा सुनाई है। क्लार्क काउंटी कोर्ट की प्रवक्ता मैरी एन प्राइस ने कल बताया कि मुक्केबाज मेवेदर को अपनी पूर्व गर्लफ्रेंड जोसी हैरिस के शोषण और उसके घर में लूटपाट करने का दोषी पाया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि न्यायाधीश मेलिसा सारागोसा ने मुक्केबाज को छह महीने की सजा सुनाई जिसमें 90 दिन उन्हें जेल में बिताने होंगे और अगर वह दोबारा गिरफ्तार होते हैं या अपनी सजा को पूरा नहीं कर पाते हैं तो उन्हें अपनी सजा के शेष तीन माह जेल में बिताने होंगे इसके अलावा मेवैदर को 100 घंटे की समाज सेवा और 12 महीने तक घरेलू हिंसा के खिलाफ चलने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेना होगा।
नई दिल्ली। भारत को इंटरनेशनल ग्रां प्री कुश्ती की मेजबानी मिली है जिसका आयोजन 2012 के मई महीने में किया जाएगा और इसमें 20 देशों के लगभग 400 पहलवानों के भाग लेने की संभावना है।
एशियन एसोसिएटेड रेसलिंग काउंसिल (एएडब्ल्यूसी) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कोरिया के चांग कियू किम ने भारत को यह मेजबानी सौंपी है। किम भारत दौरे पर आए हुए हैं और उन्होंने मंगलवार को राजधानी के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स के के डी जाधव कुश्ती हाल का जायजा लिया।

रोम। सिंगापुर स्थित एक अंतर्राष्ट्रीय मैच फिक्सिंग रिंग के साथ काम करने के आरोप में इटली में पांच फुटबॉल खिलाड़ियों सहित कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में फुटबॉल क्लब अटालांटा के कप्तान क्रिस्टियानो डोनी भी शामिल हैं। डोनी को इस वर्ष अगस्त में इटैलियन सॉकर फेडरेशन ने मैच फिक्सिंग के आरोपों के कारण साढ़े तीन वर्ष के लिए निलम्बित किया था।
डोनी को इसलिए गिरफ्तार किया गया, क्योंकि उनके द्वारा मैच फिक्सिंग मामले में सबूतों को नष्ट करने का डर है। इससे पहले जून में इटली के सेरी-बी लीग के मैच को फिक्स करने के आरोप में 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों का दावा है कि 2010-11 सत्र में कम से कम तीन सेरी-ए मैचों को फिक्स किया गया था।
मुंबई। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा का ध्यान अगले साल के शुरू में साल के पहले ग्रैंड स्लेम ऑस्ट्रेलियन ओपन में बेहतर प्रदर्शन करने पर लगा हुआ है जिसके लिए वह कड़ी मेहनत कर रही हैं।
सानिया ने 2012 की अपनी योजनाओं के बारे में कहा कि मेरा ध्यान ऑस्ट्रेलियन ओपन पर है जिसके लिए मैं कड़ा अभ्यास कर रही हूं। हालांकि इस टूर्नामेंट के लिए अभी काफी समय है और इस दौरान कुछ भी हो सकता है। साल के दौरान खुद से जुड़े विवादों के बारे में पूछे जाने पर सानिया ने कहा कि वह लोगों की बातों की परवाह नहीं करती हैं और उन्हें जो अच्छा लगता है, वही करती हैं।
सानिया ने कहा कि मैं इन बातों पर ध्यान नहीं देती कि लोग क्या कह रहे हैं। उनकी अपनी सोच है और मेरी अपनी। मैं कभी विवादों पर प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं करती कि मैं क्या पहनती हूं, किससे शादी करती हूं।

नई दिल्ली। भारत की महिला हॉकी टीम ने अर्जेंटीना के शहर पाराना में खेले गए चार देशों के टूर्नामेंट में कांस्य पदक हासिल किया है। भारत ने तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में सोमवार को आयरलैंड को 4-1 से पराजित किया। दोनों टीमें मध्यांतर तक 1-1 से बराबरी पर थीं।
भारतीय टीम ने दूसरे हॉफ में जोरदार वापसी की और तीन गोल दागकर अपनी जीत पक्की की। जसप्रीत कौर ने सातवें मिनट में पेनाल्टी कार्नर के माध्यम से भारत के लिए पहला गोल किया था। आयरलैंड की ओर से इसी मिनट में एनी कॉनरी ने मैच का पहला गोल किया था लेकिन भारतीय टीम ने 58वें मिनट में थाकचोम अनुराधा के गोल की मदद से 2-1 की बढ़त हासिल कर ली।
नई दिल्ली। भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला बैडमिंटन स्टार खिलाड़ी सायना नेहवाल को पहला गेम जीतने के बावजूद बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड सुपर सीरीज फाइनल्स टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त चीन की खिलाड़ी यिहान वांग ने विश्व की चौथी वरीयता प्राप्त सायना को 18-21, 21-13, 21-13 से हरा दिया।
एक घंटे और 11 मिनट तक चले इस मुकाबले में सायना ने वांग को कड़ी टक्कर दी लेकिन वह मुकाबला जीतने में असफल रहीं। सायना और वांग के बीच यह चौथा मुकाबला था। वांग का सायना के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड 4-0 हो गया है। इससे पहले, सायना और वांग का तीन बार आमना-सामना हुआ था जिनमें वांग ही विजयी रहीं थीं।

चेन्नई। भारतीय हाकी टीम के पूर्व कोच जोस ब्रासा ने टीम के लंदन ओलंपिक्स में क्वालिफाई करने की उम्मीद जताई है। वर्ल्ड सीरीज हॉकी (डब्ल्यूएसएच) की टीम (चेन्नई चीताज) के प्रशिक्षण के लिए यहां मौजूद ब्रासा ने कहा, मुझे उम्मीद है कि लंदन ओलंपिक्स में भारतीय हाकी टीम अपनी जगह जरूर बना लेगी और कनाडा जैसी शीर्ष टीमों में से एक को हराने में भी सफल साबित होगी।
पूर्व कोच ने कहा, उन्हें लगता है कि फाइनल में भारत का मुकाबला फ्रांस से भी हो सकता है। 1992 में स्पेन की महिला हॉकी टीम को ओलंपिक दिलाने वाले पूर्व भारतीय हॉकी कोच ने साथ ही कहा कि भारत में हॉकी आज भी काफी लोकप्रिय खेल है। भारत में हॉकी के प्रशंसकों की संख्या आज भी अन्य देशों की तुलना में काफी अधिक है।

नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम को अर्जेंटीना के पराना में चल रहे चार देशों के टूर्नामेंट में मेजबान अर्जेंटीना के हाथों आज 1-3 से पराजय का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम पहले हाफ में कोई गोल नहीं कर सकी और उसने दूसरे हाफ में जाकर अपना एकमात्र गोल किया। मेजबान टीम ने पहले हाफ तक 2-1 की बढ़त बना रखी थी।
अर्जेंटीना के जोसेफीना श्रूओगा ने 11वें मिनट में, डेल्फीना मेरिनो ने 22वें और रोजारियो ल्यूचेटी ने 51वें मिनट में गोल किए जबकि भारत का एकमात्र गोल रानी ने 39वें मिनट में किया। टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में अर्जेंटीना ने पहले हाफ में पूरी तरह नियंत्रण बनाते हुए भारतीय मिडफील्डरों किरणदीप कौर, ऋतु रानी और कप्तान असुंता लाकड़ा तथा फारवर्डों वंदना कटारिया, पूनम रानी, टी. अनुराधा और रानी को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया।

नई दिल्ली। अगले साल होने वाले लंदन ओलंपिक के साथ डाउ केमिकल्स के प्रायोजन करार से नाराज भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) को पत्र लिखकर जल्द यह करार खत्म करने की मांग करेगा।
आईओए के कार्यकारी बोर्ड ने आज इस मसले पर चर्चा कर अंतिम निर्णय आम सभा पर छोड़ दिया है। बैठक के बाद आईओए के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि हम आईओसी को पत्र लिखकर ओलंपिक खेलों में डाउ केमिकल्स के साथ उसके करार को लेकर आपत्ति जताएंगे। इस करार से भारतीय लोगों को गहरा झटका लगा है। हालांकि बोर्ड ने ओलंपिक का बहिष्कार करने से इंकार कर दिया है।






















































