

नई दिल्ली। भारत को इंटरनेशनल ग्रां प्री कुश्ती की मेजबानी मिली है जिसका आयोजन 2012 के मई महीने में किया जाएगा और इसमें 20 देशों के लगभग 400 पहलवानों के भाग लेने की संभावना है।
एशियन एसोसिएटेड रेसलिंग काउंसिल (एएडब्ल्यूसी) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कोरिया के चांग कियू किम ने भारत को यह मेजबानी सौंपी है। किम भारत दौरे पर आए हुए हैं और उन्होंने मंगलवार को राजधानी के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स के के डी जाधव कुश्ती हाल का जायजा लिया।

रोम। सिंगापुर स्थित एक अंतर्राष्ट्रीय मैच फिक्सिंग रिंग के साथ काम करने के आरोप में इटली में पांच फुटबॉल खिलाड़ियों सहित कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में फुटबॉल क्लब अटालांटा के कप्तान क्रिस्टियानो डोनी भी शामिल हैं। डोनी को इस वर्ष अगस्त में इटैलियन सॉकर फेडरेशन ने मैच फिक्सिंग के आरोपों के कारण साढ़े तीन वर्ष के लिए निलम्बित किया था।
डोनी को इसलिए गिरफ्तार किया गया, क्योंकि उनके द्वारा मैच फिक्सिंग मामले में सबूतों को नष्ट करने का डर है। इससे पहले जून में इटली के सेरी-बी लीग के मैच को फिक्स करने के आरोप में 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों का दावा है कि 2010-11 सत्र में कम से कम तीन सेरी-ए मैचों को फिक्स किया गया था।
मुंबई। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा का ध्यान अगले साल के शुरू में साल के पहले ग्रैंड स्लेम ऑस्ट्रेलियन ओपन में बेहतर प्रदर्शन करने पर लगा हुआ है जिसके लिए वह कड़ी मेहनत कर रही हैं।
सानिया ने 2012 की अपनी योजनाओं के बारे में कहा कि मेरा ध्यान ऑस्ट्रेलियन ओपन पर है जिसके लिए मैं कड़ा अभ्यास कर रही हूं। हालांकि इस टूर्नामेंट के लिए अभी काफी समय है और इस दौरान कुछ भी हो सकता है। साल के दौरान खुद से जुड़े विवादों के बारे में पूछे जाने पर सानिया ने कहा कि वह लोगों की बातों की परवाह नहीं करती हैं और उन्हें जो अच्छा लगता है, वही करती हैं।
सानिया ने कहा कि मैं इन बातों पर ध्यान नहीं देती कि लोग क्या कह रहे हैं। उनकी अपनी सोच है और मेरी अपनी। मैं कभी विवादों पर प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं करती कि मैं क्या पहनती हूं, किससे शादी करती हूं।

नई दिल्ली। भारत की महिला हॉकी टीम ने अर्जेंटीना के शहर पाराना में खेले गए चार देशों के टूर्नामेंट में कांस्य पदक हासिल किया है। भारत ने तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में सोमवार को आयरलैंड को 4-1 से पराजित किया। दोनों टीमें मध्यांतर तक 1-1 से बराबरी पर थीं।
भारतीय टीम ने दूसरे हॉफ में जोरदार वापसी की और तीन गोल दागकर अपनी जीत पक्की की। जसप्रीत कौर ने सातवें मिनट में पेनाल्टी कार्नर के माध्यम से भारत के लिए पहला गोल किया था। आयरलैंड की ओर से इसी मिनट में एनी कॉनरी ने मैच का पहला गोल किया था लेकिन भारतीय टीम ने 58वें मिनट में थाकचोम अनुराधा के गोल की मदद से 2-1 की बढ़त हासिल कर ली।
नई दिल्ली। भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला बैडमिंटन स्टार खिलाड़ी सायना नेहवाल को पहला गेम जीतने के बावजूद बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड सुपर सीरीज फाइनल्स टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त चीन की खिलाड़ी यिहान वांग ने विश्व की चौथी वरीयता प्राप्त सायना को 18-21, 21-13, 21-13 से हरा दिया।
एक घंटे और 11 मिनट तक चले इस मुकाबले में सायना ने वांग को कड़ी टक्कर दी लेकिन वह मुकाबला जीतने में असफल रहीं। सायना और वांग के बीच यह चौथा मुकाबला था। वांग का सायना के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड 4-0 हो गया है। इससे पहले, सायना और वांग का तीन बार आमना-सामना हुआ था जिनमें वांग ही विजयी रहीं थीं।

चेन्नई। भारतीय हाकी टीम के पूर्व कोच जोस ब्रासा ने टीम के लंदन ओलंपिक्स में क्वालिफाई करने की उम्मीद जताई है। वर्ल्ड सीरीज हॉकी (डब्ल्यूएसएच) की टीम (चेन्नई चीताज) के प्रशिक्षण के लिए यहां मौजूद ब्रासा ने कहा, मुझे उम्मीद है कि लंदन ओलंपिक्स में भारतीय हाकी टीम अपनी जगह जरूर बना लेगी और कनाडा जैसी शीर्ष टीमों में से एक को हराने में भी सफल साबित होगी।
पूर्व कोच ने कहा, उन्हें लगता है कि फाइनल में भारत का मुकाबला फ्रांस से भी हो सकता है। 1992 में स्पेन की महिला हॉकी टीम को ओलंपिक दिलाने वाले पूर्व भारतीय हॉकी कोच ने साथ ही कहा कि भारत में हॉकी आज भी काफी लोकप्रिय खेल है। भारत में हॉकी के प्रशंसकों की संख्या आज भी अन्य देशों की तुलना में काफी अधिक है।

नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम को अर्जेंटीना के पराना में चल रहे चार देशों के टूर्नामेंट में मेजबान अर्जेंटीना के हाथों आज 1-3 से पराजय का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम पहले हाफ में कोई गोल नहीं कर सकी और उसने दूसरे हाफ में जाकर अपना एकमात्र गोल किया। मेजबान टीम ने पहले हाफ तक 2-1 की बढ़त बना रखी थी।
अर्जेंटीना के जोसेफीना श्रूओगा ने 11वें मिनट में, डेल्फीना मेरिनो ने 22वें और रोजारियो ल्यूचेटी ने 51वें मिनट में गोल किए जबकि भारत का एकमात्र गोल रानी ने 39वें मिनट में किया। टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में अर्जेंटीना ने पहले हाफ में पूरी तरह नियंत्रण बनाते हुए भारतीय मिडफील्डरों किरणदीप कौर, ऋतु रानी और कप्तान असुंता लाकड़ा तथा फारवर्डों वंदना कटारिया, पूनम रानी, टी. अनुराधा और रानी को खुलकर खेलने का कोई मौका नहीं दिया।

नई दिल्ली। अगले साल होने वाले लंदन ओलंपिक के साथ डाउ केमिकल्स के प्रायोजन करार से नाराज भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) को पत्र लिखकर जल्द यह करार खत्म करने की मांग करेगा।
आईओए के कार्यकारी बोर्ड ने आज इस मसले पर चर्चा कर अंतिम निर्णय आम सभा पर छोड़ दिया है। बैठक के बाद आईओए के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि हम आईओसी को पत्र लिखकर ओलंपिक खेलों में डाउ केमिकल्स के साथ उसके करार को लेकर आपत्ति जताएंगे। इस करार से भारतीय लोगों को गहरा झटका लगा है। हालांकि बोर्ड ने ओलंपिक का बहिष्कार करने से इंकार कर दिया है।

नई दिल्ली। भारत ने खिताबी मुकाबले में अफगानिस्तान को हराकर सैफ कप फुटबाल टूर्नामेंट जीत ली है। भारत ने इस टूर्नामेंट पर छठी बार कब्जा किया। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को 4-0 से पराजित किया। भारत की ओर से स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने मैच के 70वें मिनट में पेनल्टी के सहारे गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
इसके बाद क्लिफोर्ड मिरांडा ने मैच के 77वें मिनट में गोल कर भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया। जेजे लालपेखलुआ ने मैच के 79वें मिनट में गोल कर भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया। भारत की ओर से सुशील सिंह ने 94वें मिनट में गोल कर टीम की बढ़त को 4-0 कर दिया। अफगानिस्तान की टीम कोई भी गोल नहीं कर सकी।

नई दिल्ली। स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री के दो गोलों की मदद से मौजूदा चैम्पियन भारत ने शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में मालदीव को 3-1 से हराकर सैफ कप फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। नेहरू स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत के सैयद नबी ने मैच का पहला गोल किया लेकिन मालदीव ने शमवील कासिम के शानदार प्रयास के बूते बराबरी कर ली।
इसके बाद छेत्री ने गोल करके भारत को बढ़त दिला दी। 2-1 की बढ़त के बाद छेत्री ने अपने सबसे अच्छे सहयोगी जेजे लालपेखलुआ की मदद से टूर्नामेंट का छठा गोल करते भारत को फाइनल में पहुंचा दिया। खिताबी मुकाबले में भारत का सामना अफगानिस्तान और नेपाल के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले के विजेता से होगा। फाइनल रविवार को खेला जाएगा।






















































