

नई दिल्ली। पर्यावरण और विकास के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एक दूसरे के उलट दिख रहे हैं। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि पर्यावरण की कीमत पर विकास नहीं हो सकता है। सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश के दादरी के NTPC पावर प्लांट का उद्घाटन करते हुए ये बातें कहीं।
इस मौके पर उन्होंने साफ कर दिया कि खेती की जमीन नहीं ली जानी चाहिए। साथ ही किसानों को उनकी जमीन का वाजिब मुआवजा भी देने की वकालत की। उन्होंने कहा कि विकास टिकाऊ होना चाहिए और इसके लिए हम जंगल और पर्यावरण की अनदेखी नहीं कर सकते हैं।

नई दिल्ली। दुनियाभर के शेयरधारकों ने जिन कंपनियों से सबसे ज्यादा मुनाफा कमाया है उसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज दूसरे नंबर पर है। बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप ने दुनिया की उन 10 बड़ी कंपनियों की लिस्ट तैयार की है जिन्होंने पिछले 10 साल में अपने शेयरधारकों को सबसे ज्यादा मुनाफा दिया है और जिनका मार्केट कैप कम से कम 35 अरब डॉलर है।
इन 10 कंपनियों में RIL दूसरे नंबर पर है। इस लिस्ट में पहला नाम है ब्राजील की माइनिंग कंपनी वेल का जिसने साल 2000 से 2009 के बीच अपने शेयरधारकों को सबसे ज्यादा कमाई कराई। इस सर्वे में ये बात सामने आई है कि मंदी के बाद विकासशील देस ज्यादा तेजी से तरक्की कर रहे हैं।
नई दिल्ली। देश के शेयर बाजारों में गुरुवार को कारोबार के दौरान तेजी का रुख देखा गया। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 132.95 अंक उछलकर 18,799.66 पर और निफ्टी 32.20 अंक बढ़कर 5640.05 पर बंद हुआ।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक सेंसेक्स ने गुरुवार सुबह 18, 669.12 पर खुलने के बाद 18,823.17 के उच्च स्तर तक कारोबार किया।
सैन फ्रांसिसको। गूगल अपने यूजर्स के लिए अब ऐसी तकनीक लेकर आया है जिसमें इसके सर्च बॉक्स में शब्द टाइप होते ही सर्च रिजल्ट सामने होगा। इस तरह से हर सर्च पर यूजर्स के 2 से 5 सेकेंड तक बचेंगे। गूगल ने यह कदम इंटरनेट बाजार में अपने प्रतिद्वंद्वियों की बढ़ती मौजूदगी को देखकर उठाया है। मालूम हो कि इंटरनेट पर सर्च के लिए माइक्रोसॉफ्ट कॉर्प, याहू, फेसबुक जैसी साइट्स गूगल को खासी चुनौती पेश कर रही हैं। गूगल की यह नई तकनीक निश्चित ही इंटरनेट बाजार में उसको आगे बढ़ाने के लिए एक अस्त्र साबित होगी।
गूगल सर्च एंड यूजर्स एक्सपीरिएंस की वाइस प्रेसिडेंट मैरिसा मेयर ने बताया कि उनकी जानकारी में अभी तक किसी भी सर्च साइट पर ऐसी सुविधा उपलब्ध नहीं है जो कि टाइप खत्म करने से पहले ही परिणाम दिखा दे। जानकारों की मानें तो नई तकनीक गूगल को विश्व में न.1 सर्च इंजन की राह में और ऊपर उठाएगी। जानकार गूगल को एक तरह से बदलाव का रास्ता तैयार करने वाला बता रहे हैं जिसे बाद में उसी के प्रतियोगी दोहरा रहे हैं।

जोधपुर। राजस्थान के बाड़मेर जिले में मंगला क्षेत्र से तेल उत्पादन से जहां देश के तेल आयात में कमी आएगी वहीं राज्य के लिए राजस्व का एक बडा स्रोत बनेगा। आर्थिक मामलों में विश्लेषणकर्ता अन्तर्राष्ट्रीय कम्पनी गोल्डमेन सैश की एक रिपोर्ट के अनुसार आने वाले समय में राजस्थान का तेल उत्पादन भारत के कुल कच्चे तेल उत्पादन का करीब 22 फीसदी के बराबर होगा तथा यह देश के लिए 20 अरब डालर प्रतिवर्ष तेल आयात खर्च को कम करेगा।
राज्य में तेल उत्पादन शीर्ष स्तर पर पहुंचने पर राज्य को हर साल करीब 5000 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा और राज्य के लिए यह सबसे बडा राजस्व स्रोत बनेगा। एक साल के दौरान केयर्न इंडिया द्वारा मंगला क्षेत्र से एक करोड़ 23 लाख बैरल तेल का उत्पादन किया गया है। इससे देश के घरेलू तेल उत्पादन में बढ़ोतरी लगभग 40 लाख बैरल मासिक तक पहुंच चुकी है।

मुंबई। CIBIL अब कर्जदारों के साथ साथ लोन पर खरीदी गई प्रॉपर्टी का भी हिसाब-किताब रखेगा। इसके लिए होम लोन देने वाले 25 बैंक और फाइनेंस कंपनियों ने CIBIL के साथ करार किया है। ये सभी फाइनेंस कंपनियां मिलकर करीब 60 लाख से ज्यादा प्रॉपर्टी रिकॉर्ड CIBIL को मुहैया कराएंगीं।
यही नहीं ये कंपनियां CIBIL को अपने हर होमलोन की डिटेल भी देंगी। इस जानकारी से सिबिल एक डेटा बेस तैयार करेगा। इसका फायदा ये होगा की जब इनमें से किसी प्रॉपर्टी को दोबारा खरीदने के लिए कोई लोन की अर्जी देगा तो लोन देना वाली कंपनी उस प्रॉपर्टी के बारे में CIBIL से पूरी जानकारी ले पाएगी।
नई दिल्ली। अब आपको सेविंग अकाउंट में रखे पैसों पर ज्यादा ब्याज मिल सकता है। रिजर्व बैंक बचत खाते पर मिलने वाले ब्याज से अपना नियंत्रण हटा सकता है। RBI की डिप्टी गवर्नर उषा थोराट ने कहा है कि ब्याज दर से लगाम हटाने पर बैंकिंग सिस्टम में लोगों की दिलचस्पी बढ़ेगी और ज्यादा लोग बचत करेंगे। इसके अलावा इससे बैंकों के पास पैसे भी ज्यादा आएंगे।
आपके सेविंग अकाउंट पर आपको कितना ब्याज मिलेगा ये फिलहाल सरकार तय करती है। मौजूदा रेट साढ़े तीन परसेंट का है और कोई भी बैंक इससे कम ब्याज आपको नहीं दे सकता। करीब-करीब सभी बैंक इसी रेट पर अपके सेविंग अकाउंट पर ब्याज देते हैं।
नई दिल्ली। अमेरिका के राज्य ओहायो ने भारतीय आईटी कंपनियों पर बैन लगा दिया है। राज्य सरकार ने ये तय किया है कि वो किसी भी तरह के सरकारी प्रोजेक्ट, भारतीय आईटी कंपनियों को आउटसोर्स नहीं करेंगे।
इससे पहले भी अमेरिकी सरकार ने बॉर्डर सिक्योरिटीज बिल पास कर के, भारतीय आईटी कंपनियों के लिए वीसा कॉस्ट काफी बढ़ा दी थी। ओहायो की सरकार का कहना है कि भारतीय आईटी कंपनियों को आउटसोर्स किए गए काम में सरकार को क्वालिटी की परेशानी सामने आ रही थी। भारतीय आईटी कंपनियों को आउटसोर्सिंग से 50 अरब डॉलर की कमाई होती है, और अमेरिका उनके लिए एक बड़ा मार्केट है।
नई दिल्ली। प्राइवेट कंपनियों में साल 2010 के आखिर तक नौकरी के मौके बढ़ेंगे। युवाओं को हर 3 में से 1 कंपनी में नौकरी के मौके मिलेंगे। ये खुलासा हुआ है एचआर कंसल्टेंसी फर्म मैनपावर के एम्पलॉयमेंट के सर्वे में। इस सर्वे में दो तरह की बाते सामने आई हैं। सर्वे में शामिल करीब 5 हजार 4 सौ कंपनियों में से 47 फीसदी ने भरोसा दिलाया कि उनके यहां नए लोग रखे जाएंगे। जबकि 36 फीसदी कंपनियों का कहना है कि उनका अभी स्टाफ बढ़ाने का इरादा नहीं है। 5 फीसदी कंपनियों में छंटनी का खतरा भी बना हुआ है। इस सर्वे के मुताबिक नौकरियों के मौके 38 फीसदी है।
मुंबई। देश के शेयर बाजारों में बुधवार को हल्की मजबूती दर्ज की गई। सेंसेक्स में 21.65 अंक की मजबूती दर्ज की गई और निफ्टी 3.85 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 0.12 प्रतिशत बढ़कर 18,666.71 अंक पर बंद हुआ वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 0.07 प्रतिशत बढ़कर 5,607.85 अंक पर बंद हुआ।
दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने 18,721.21 अंक का उच्च और 18,540.65 अंक का निचला स्तर छुआ वहीं निफ्टी ने 5,625.30 अंक के उच्च और 5,567.75 अंक के निम्न स्तर तक कारोबार किया। बीएसई का मिडकैप सूचकांक 27.20 अंक (0.34 प्रतिशत) बढ़कर 7,996.42 अंक पर बंद हुआ और स्मॉलकैप सूचकांक 59.43 अंक (0.59 प्रतिशत) बढ़कर 10,216.05 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई पर प्रौद्योगिकी (0.86 प्रतिशत), सूचना प्रौद्योगिकी (0.57 प्रतिशत), रियल्टी (0.46 प्रतिशत) और हेल्थकेयर (0.38 प्रतिशत) सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले सूचकांक रहे। वहीं पूंजीगत वस्तुएं (-0.45 प्रतिशत), एफएमसीजी (-0.43 प्रतिशत), बिजली (-0.27 प्रतिशत) और तेल एवं गैस (-0.20 प्रतिशत) सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज करने वाले सूचकांक रहे।





















































