

वाशिंगटन। अमेरिका में आगामी नवंबर में होने वाले चुनावों की मतदाता सूची में अब भी 20 लाख मृत लोग पंजीकृत हैं, जबकि अन्य 24 लाख मतदाताओं के पंजीकरण में गलतियां हैं। एक नई रपट में यह खुलासा हुआ है।
समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार यह अध्ययन आरटीआई इंटरनेशनल ने 'पेव सेंटर ऑन द स्टेट' के लिए किया। अध्ययन में मतदाता पंजीकरण प्रणाली और गलतियों को सुधारने व करदाताओं का पैसा बचाने के लिए आधुनिकरण पर जोर दिया गया।
ढाका। बांग्लादेश के एक हैकर समूह ने मंगलवार को दावा किया कि उसने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की वेबसाइट सहित 20 हजार भारतीय वेबसाइटों को हैक किया। समूह ने कहा कि उसने यह कदम भारतीय सीमा सुरक्षाकर्मियों द्वारा बांग्लादेशी नागरिकों की कथित हत्या के बाद उठाया।
खुद को 'बांग्लादेश ब्लैक हैट हैकर्स' बताने वाले इस समूह ने सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक पर अपने प्रशंसकों के पेज पर कहा कि भारत ने हमारी कुल 400 वेबसाइटों को हैक किया और लड़ाई शुरू होने के बाद से हमने उनकी 20 हजार वेबसाइटें हैक की।
खंडवा। किस्मत भी कैसे-कैसे खेल दिखाती है इसकी बानगी देखिये कि कभी रेलगाडियों में झाडू लगाकर भीख मांगने वाले बच्चे शेरू की तकदीर ने ऐसी करवट ली कि घर से बिछड़ कर वह ऑस्ट्रेलिया कि एक करोडपति दंपत्ति के घर गोद चला गया और 25 साल में उसने वह सब कुछ पाया जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की थी ,लेकिन बस कमी थी तो सिर्फ अपनी मां की। मां की यही ममता ही उसे सात समंदर पार के महलों से अपने झोपड़े में वापस खींच लाई।
खंडवा के गणेश तलाई क्षेत्र की गरीब बस्ती में फिल्मों की तर्ज पर हुए इस वाकए ने सबको अचंभे में डाल दिया। हुआ यूं कि फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने वाला एक विदेशी युवक महंगा मोबाइल हैंडसेट और एक पुरानी तस्वीर हाथ में लिए फातमा बी यानी अपनी मां का घर ढूंढ रहा था। उस युवक और फातमा का क्या सम्बन्ध है यह किसी को भी समझ नहीं आया। इस बीच लोगो ने उसे फातमा के घर पहुंचा दिया। फातमा के सामने हुए पच्चीस साल पहले बिछड़े बच्चे ने मां को तुरंत पहचान लिया। मां को भी बेटे को पहचानने में देर नहीं लगी। इस घर में ही नहीं, पूरे मोहल्ले में खुशियों का सैलाब उमड़ पड़ा। फातमा को बधाई देने वालों का तांता लग गया। लोग सारू उर्फ शेरू को पाकर ढोल की थाप पर नाचने लगे।
लंदन। ब्रिटेन में पहली बार एक पुरुष ने बच्चे को जन्म दिया है। दरअसल, इस पुरुष का जन्म एक महिला के रूप में हुआ था, लेकिन एक ऑपरेशन कर उसने अपना लिंग बदलवा लिया था। बच्चे को जन्म देने के लिए उसने अपनी हारमोन चिकित्सा करवाकर अपने गर्भाशय को फिर से सक्रिय किया। ऐसा करने वाला वह ब्रिटेन का पहला पुरुष है, लेकिन अमेरिका तथा स्पेन के एक पुरुष ने भी पहले इस तरह की मिशाल पेश की है।
समाचार पत्र डेली मेल के मुताबिक पुरुष की उम्र 30 वर्ष से अधिक है। उसने पिछले साल ही बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन इसे हाल में सार्वजनिक किया गया। लिंग बदलवाते वक्त उसने अपना गर्भाशय नहीं निकलवाया था।
लंदन। ब्रिटेन में एक सुरक्षाकर्मी को चोरी के वारदात के 19 साल बाद गिरफ्तार किया गया। सुरक्षाकर्मी 19 साल पहले लॉयड्स बैंक का नकदी से भरा वाहन लेकर फरार हो गया था। उसमें 10 लाख पाउंड (1.5 लाख डॉलर) रकम थी।
समाचार 'डेली एक्सप्रेस' में प्रकाशित खबर के अनुसार, एड्डी मेहर ने साल 1993 में चोरी की इस वारतदात को अंजाम दिया था। सफोक काउंटी के फेलिक्सटोव शहर में बैंक को पैसे देने पहुंचा मेहर वहीं से वाहन लेकर फरार हो गया। आज उसकी उम्र 56 साल है।
ग्वाटेमाला सिटी। ग्वाटेमाला सिटी में 25 साल पहले 1960-1996 गृहयुद्ध के दौरान तितर-बितर हुआ एक परिवार बुधवार को फिर से एक हो गया। 'द म्यूचूअल सपोर्ट ग्रुप' व जीएएम ने अंतर्राष्ट्रीय रेड क्रॉस सोसाइटी की मदद से एंटोनियो मोरालेस बारटोलेम और उसकी पत्नी फ्रांसिस्का को उनके माता-पिता और बेटी से मिला दिया। वर्ष 1987 में गृह युद्ध के दौरान परिवार के सदस्य एक दूसरे से बिछड़ गए थे।
जीएएम के एनरिक बारेरा ने कहा कि एंटोनियो के माता-पिता और बेटी का पता लगाने में आठ महीनों का वक्त लगा। अपने परिवार से मिलने के बाद एंटोनियो ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि उन्होंने मेरे मां-बाप और मेरी बेटी को ढूंढ़ लिया। अपने परिवार को वापस पाना मेरे लिए खुशी की बात है।
वाशिंगटन। अमेरिका के कोलोराडो राज्य में लाइव शो के दौरान एक टीवी प्रस्तोता के चेहरे पर कुत्ते ने काट लिया। इसके बाद प्रस्तोता को तुरंत सर्जरी के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। समाचार पत्र 'डेली मेल' के मुताबिक केयूएसए-टीवी पर सुबह के एक शो में प्रस्तोता केली डायर जब 85 पाउंड के अर्जेटीनियाई मैस्टिफ कुत्ते पर झुकीं तो उसने उनके चेहरे पर काट लिया।
डायर इस चैनल के लिए 15 साल से काम कर रही हैं। बुधवार को उनकी सर्जरी हुई। वह कई सप्ताह तक टीवी पर कार्यक्रम नहीं दे पाएंगी। इस कुत्ते को एक ठंडे तालाब से बचाया गया था। शो के दौरान उस कुत्ते को उसके बचावकर्ताओं से दोबारा मिलाया जा रहा था।
शिवपुरी। शिवपुरी शहर में स्थित प्रसिद्ध प्राचीन पर्यटन स्थल भदैया कुंड का पानी पीने से कभी आपस में झगड़े नहीं होते की मान्यता के चलते यहां नवविवाहित जोडों की भीड़ लगने लगी है। प्राचीन समय ऐसी मान्यता है कि भदैया कुंड का पानी पीने से दंपत्तियों के आपस में झगड़े नहीं होते हैं। इसके चलते वर्तमान समय विवाह मुर्हतों के चलते दांपत्य जीवन में बंधने वाले नवविवाहित जोड़ों की भिंड इस कुंड का पानी पीने के लिए बढने लगी है।
भदैया कुंड के पास देश की आजादी के पहले रियासत काल के समय एक सोडा फैक्ट्री भी बनी थी जो काफी समय से बंद पड़ी है। जब फैक्ट्री चालू थी उस समय सोड़ा बनाने के लिए इसी कुंड का पानी उपयोग किया जाता था। फैक्ट्री में बनने वाला सोडा उस समय इंग्लैंड तक ले जाया जाता था।
नई दिल्ली। चीन में एक मां बाप ने अपने 4 साल के छोटे से बच्चे को मजबूत बनाने के लिए उसे माइनस तेरह डिग्री की बर्फीली ठंड में बिना कपड़ों के दौड़ाया। चीनी पिता ने इस वीडियो को फिर इंटरनेट पर पोस्ट कर दिया
वीडियो को ऑनलाइन पोस्ट किए जाने के बाद लोगों ने तीव्र प्रतिक्रियाएं दी हैं। (वीडियो देखें)

लंदन। कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सच बोल रहे हैं कि नहीं, अब इस बात का पता लगाया जा सकेगा। वैज्ञानिकों ने एक नई तकनीक ईजाद की है जिससे इस बात का पता आसानी से चल जाएगा कि अधिकारी सही बोल रहे हैं या झूठ। समाचार पत्र 'डेली मेल' के मुताबिक ड्यूक विश्वविद्यालय और इलिनोइस विश्वविद्यालय के अनुसंधानकर्ताओं ने 'लेयर्ड वॉयस अनैलिसिस' तकनीक तैयार की है।
अनुसंधानकर्ताओं ने इस तकनीक का प्रयोग इजरायल की कम्पनी नेमेसिस्को में किया। अनुसंधानकर्ताओं ने दावा किया कि कम्पनी के अधिकारी अपने भाषण में जिस जगह झूठ बोल रहे थे, उस जगह उनकी आवाज में बेसुरापन पाया गया। समाचार पत्र के मुताबिक यदि यह सही है तो यह तकनीक बाजार की दुनिया में क्रांति ला सकती है और इसका असर जीवन के कई क्षेत्रों में देखने को मिलेगा।





















































