नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल के नेता मनमोहन सिंह ने बुधवार को यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी के साथ राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। राष्ट्रपति ने उन्हें सरकार बनाने का न्यौता दिया है।
मनमोहन सिंह अपने मंत्रिमंडल के साथ 22 मई को शपथ लेंगे लेकिन समय क्या होगा इसके बारे में कुछ नहीं कहा गया है। सोनिया-मनमोहन अपने साथ 16 दलों के समर्थन की चिट्ठी लेकर राष्ट्रपति के पास गए थे। इन दलों के समर्थन के साथ यूपीए का आंकड़ा 322 तक पहुंच गया है।
इससे पहले आज 10 जनपथ में यूपीए की बैठक में नई सरकार की रूपरेखा तय की गई। इस बैठक में यूपीए के तमाम सहयोगी शामिल हुए। सोनिया गांधी को एक बार फिर यूपीए का चेयरपर्सन चुना गया। और सरकार को समर्थन देने की बात कही गई।
बैठक में डीएमके चीफ करुणानिधि, फारूक अब्दुल्ला, ममता बनर्जी, शरद पवार, प्रफुल्ल पटेल जैसे सहयोगी शामिल हुए। इसके बाद कांग्रेस कोर ग्रुप की बैठक हुई जिसमें राष्ट्रपति से मिलने के लिए वक्त तय किया गया। मनमोहन को मंगलवार को कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुना गया था। इस बार के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है जबकि यूपीए को 262 सीटें मिली हैं। अन्य सहयोगी दलों के साथ उसकी सीटों का आंकड़ा 326 के पार पहुंच गई है।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: sonia, manmohan, pm, election2009








कमेंट्स
1