नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन में मनमोहन मंत्रिमंडल के दूसरे चरण का विस्तार आज पूरा हो गया। आज कुल 59 सदस्यों ने मंत्रीपद की शपथ ली। शपथ लेने वालों में 14 कैबिनेट, 7 स्वतंत्र प्रभार और 38 राज्यमंत्री हैं।
मनमोहन सिंह की मंत्रिपरिषद में इस बार 29 नए चेहरे शामिल किए गए हैं। वहीं इस बार मंत्रिमंडल में 9 महिलाओं को शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री ने अपनी मंत्रिपरिषद में युवा और अनुभवी नेताओं का तालमेल बिठाने का भी प्रयास किया है।
तीन दिनों तक सहयोगी दलों के बीच मंत्री पद को लेकर चली खींचतान के बाद आखिरकार प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेतृत्व ने बुधवार को मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया। गुरुवार को 59 मंत्रियों के शपथ लेने के साथ ही केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों की संख्या 79 हो चुकी है। इसमें प्रधानमंत्री के अलावा 33 कैबिनेट और 45 राज्यमंत्री हैं। पूर्ववर्ती मनमोहन सरकार में भी 79 मंत्री ही थे।
कांग्रेस के नेतृत्व वाली मौजूदा संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में 19 मंत्री पद घटक दलों को दिए गए। इनमें तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के सात-सात सदस्य, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के तीन सदस्य व मुस्लिम लीग और नेशनल कॉन्फ्रेंस के एक-एक सदस्य हैं।
कैबिनेट मंत्री
आज कैबिनेट मंत्रियों की सूची में तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों ने भी शपथ ली। हिमाचल प्रदेश के वीरभद्र सिंह, महाराष्ट्र के विलासराव देशमुख और जम्मू एवं कश्मीर के फारूक अब्दुल्ला इसमें शामिल हैं।
इसके अलावा डीएमके के दयानिधि मारन, एम. के. अझागिरी और ए. राजा, कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे, कुमारी शैलजा, सुबोध कांत सहाय, एम. एस. गिल, जी. के. वासन, पवन कुमार बंसल, मुकुल वासनिक और कांतिलाल भूरिया ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री और 19 कैबिनेट मंत्रियों ने गत 23 मई को पद और गोपनीयता की शपथ ली थी।
राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार)
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में राकांपा के प्रफुल्ल पटेल, कांग्रेस के पृथ्वीराज चव्हाण, श्रीप्रकाश जायसवाल, सलमान खुर्शीद, जयराम रमेश, कृष्णा तीरथ और दिनशॉ पटेल शपथ ली।
राज्यमंत्रियों के नाम
राज्यमंत्री के रूप में ई. अहमद, वी. नारायणसामी, श्रीकांत जेना, एम. रामचंद्रन, डी. पुरंदेश्वरी, पानाबाका लक्ष्मी, अजय माकन, के. एच. मुनियप्पा, नमो नारायण मीणा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, जितिन प्रसाद, ए. साई प्रताप, गुरुदास कामत, एम. एम. पल्लमराजू, महादेव खंडेला, हरीश रावत, के. वी. थामस, सौगात राय, दिनेश त्रिवेदी, शिशिर अधिकारी, सुल्तान अहमद, मुकुल राय, मोहन जटुआ, एस. एस. पलाणिमनिकम, डी. नेपोलियन, एस. जगतरक्षकन, एस. गांधी सेलवन, प्रणीत कौर, सचिन पायलट, शशि थरूर, भरतसिंह सोलंकी, तुषारभाई चौधरी, अरूण यादव, प्रतीक प्रकाशबापू पाटिल, आर. पी. एन. सिंह, विंसेंट पाल, प्रदीप जैन और अगाथा संगमा ने शपथ ली।
नहीं मिली मंत्रिमंडल में जगह
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्रियों के सूची से इस बार हंसराज भारद्वाज, शिवराज पाटिल, अर्जुन सिंह, शीशराम ओला, अश्विनी कुमार, विलास मुत्तेमवार और पी. आर. किंडिया के नाम गायब रहे। ये सभी पूर्ववर्ती सरकार में मंत्री थे।
महिलाओं की भागीदारी
मनमोहन मंत्रिमंडल में 9 महिलाओं को मौका मिला है। विगत 23 मई को तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्षा ममता बनर्जी, कांग्रेस की अंबिका सोनी और मीरा कुमार ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली थी। और आज जिन 6 महिलाओं ने मंत्रिमंडल की शपथ ली, उनमें कांग्रेस की कृष्णा तीरथ और परनीत कौर और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की अगाथा संगमा हैं। तीरथ को राज्यमंत्री (स्वंतत्र प्रभार) और कौर व संगमा को राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
इनके अलावा कुमारी शैलजा, डी. पुरंदेश्वरी और पानाबाका लक्ष्मी ने आज शपथ ली। ये तीनों ही पूर्ववर्ती सरकार में भी मंत्री थीं।
मंत्रिमंडल में नए चेहरे
इस बार मंत्रिपरिषद में विलासराव देशमुख, फारूक अब्दुल्ला और शशि थरूर सहित 29 नए चेहरे को शामिल किए गए हैं। इनमें अगाथा संगमा, कृष्णा तीरथ, परनीत कौर, मल्लिकार्जुन खड़गे, एम. के. अझागिरी, ए. साईप्रताप, गुरुदास कामथ, महादेव खंडेला, हरीश रावत, के. वी. थामस, सौगात रॉय, शिशिर अधिकारी, सुल्तान अहमद, मुकुल रॉय, मोहन जाटुआ, डी. नेपोलियन, एस. जगतरक्षकन, एस. गांधीसेल्वन, सचिन पायलट, भरतसिंह सोलंकी, तुषारभाई चौधरी, अरुण यादव, प्रतीक प्रकाशबापू पाटिल, आर. पी. एन. सिंह, विंसेंट पाल और प्रदीप जैन हैं।
उम्र का फासला
मनमोहन की मंत्रिपरिषद में एस. एम. कृष्णा सबसे अधिक उम्र के सदस्य हैं। उनकी उम्र 77 है। उनकी मंत्रिपरिषद में सबसे युवा सदस्य अगाथा संगमा हैं। वह महज 28 वर्ष की हैं।
मनमोहन सिंह की कैबिनेट में तमिलनाडु और महाराष्ट्र के पांच-पांच प्रतिनिधियों को स्थान मिले। उत्तर प्रदेश के किसी भी प्रतिनिधि को कैबिनेट में शामिल नहीं किया गया है।
More on: Manmohan, UPA, election2009








कमेंट्स
1