लखनऊ। लखनऊ। लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस फिर से जिंदा हो गई है लेकिन पार्टी की यही हालत आगे भी बनी रहे इसके पूरे इंतजाम किये जा रहे हैं। आने वाले दिनों में पार्टी मायावती और मुलायम दोनों से लड़ेगी।
हॉट सीट पर आईबीएन7 के मैनेजिंग एडिटर आशुतोष से बातचीत में ये ऐलान यूपी में कांग्रेस के कद्दावर नेता सलमान खुर्शीद ने किया। सलमान ने ये भी कहा कि केन्द्र सरकार माया या मुलायम के समर्थन की मोहताज नहीं है। उन्होंने समर्थन किया उसका स्वागत है। लेकिन बीएसपी को जहां-जहां हमने हराया वहां के अफसर बदल दिए गए।
मुलायम अभी सरकार में नहीं हैं लेकिन उन्हें भी ये बात माननी होगी कि अपनी जमीन के लिए तो हम लड़ेंगे ही। यदि वे हमसे नहीं लड़ना चाहते तो उनके हमारे नेताओं के साथ बैठकर इस बारे में बात करना चाहिए। हॉट सीट पर बात कुछ इस तरह हुई:-
आशुतोष-सलमान जी आपको दो-दो मंत्रालय मिले लेकिन यूपी को कोई कैबिनेट मंत्री पद नहीं मिला। क्या कुछ मलाल रह गया?
खुर्शीद-मलाल की बात नहीं है। हर आदमी चाहता है कि बड़े से बड़ा पद मिले लेकिन वो हमेशा संभव नहीं होता है।
आशुतोष-लेकिन जिस तरीके से यूपी में कांग्रेस को अप्रत्याशित सफलता मिली अगर कैबिनेट मंत्री पद मिलता तो वहां के लोग और उत्साह के साथ जुड़ते। पार्टी को खड़ा करने में और मदद मिलती?
खुर्शीद-हो सकता है कि उत्साह होता लेकिन वो दो-तीन दिन की बात होती है। असल बात है आप यूपी या देश को कुछ दे सकते हैं या नहीं। अगर आपका काम अच्छा होगा तो उससे उत्साह ज्यादा बढ़ेगा।
आशुतोष-आपको कोई कसक रह गई?
खुर्शीद-मैं समझता हूं कि कौन नहीं चाहेगा कि सीधे-सीधे राजनीति से जुड़ा बड़ा मंत्रालय मिले लेकिन जो कुछ मुझे मिला है उसका भी बड़ा महत्व है।
आशुतोष-लगता है कि रिवॉर्ड पूरा है?
खुर्शीद-रिवॉर्ड की बात नहीं है। हम लोगों ने काम किया और रिवॉर्ड तो जनता ने दे दिया है।
आशुतोष-इस बार के चुनाव में किसी को उम्मीद नहीं थी कि यूपी में कांग्रेस इतना बेहतर करेगी। क्या चीज फेवर में गई?
खुर्शीद-मैं समझता हूं कि हम जो कुछ कह रहे थे वो बातें कहीं न कहीं जाकर एक दीवार से टकराकर बाउंस बैक कर रही थीं। हम विकास के बारे में, अपने नेताओं के बारे में काफी अच्छी बातें कह रहे थे। इस बार ये दीवार टूटी। जातीय समीकरणों में नरेगा और भारत निर्माण ने सेंध लगाई फिर लोग सुनने को तैयार हुए।
आशुतोष-तो क्या अब तक नहीं सुना जाता था?
खुर्शीद-कैसे मानें कि सुना जाता था। जब हमें 21 असेंबली सीट मिली थीं और आज हमें 21 लोस सीट मिल गई हैं।
आशुतोष-इन चुनाव में यूपी का जो मुस्लिम चेहरा है वो कांग्रेस की तरफ आया?
खुर्शीद- यूपी का मुसलमान बहुत दिन से कांग्रेस की ओर देख रहा है। वो बढ़ता था और फिर रुक जाता था।
आशुतोष-क्यों?
खुर्शीद-उसका कारण था कि यूपी में हम ये विश्वास नहीं दे पा रहे थे कि हमारे पास संख्या है। उसे लगता था कि हमें वोट देगा तो बेकार जाएगा क्योंकि हम जीतेंगे तो हैं नहीं।
More on: Congress, Against, Maya, election2009








कमेंट्स
0