नई दिल्ली। T-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया हार गई। कई खिलाड़ी ज्यादा क्रिकेट खेलने की वजह से अनफिट हो गए। लोगों का क्रिकेट मैच देख देखकर मन भर गया, लेकिन बीसीसीआई की भूख है कि खत्म होने का नाम नहीं ले रही। बोर्ड ने 2009 में की गई भूल से कोई सबक नहीं सीखा है और उसने 2010 में भी T-20 वर्ल्ड से ठीक पहले IPL के आयोजन को हरी झंडी दे दी है।
IPL पार्ट-3 इस साल अप्रैल की बजाए मार्च महीने में ही शुरू हो जायेगा। 36 दिनों तक चलने वाला ये टूर्नामेंट 18 मार्च से शुरू होगा और संभावित कार्यक्रम के मुताबिक 23 अप्रैल को इसका फाइनल खेला जायेगा। गौरतलब है कि 2010 में वेस्टइंडीज में होने वाला टी-20 वर्ल्ड कप निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 23 अप्रैल से ही शुरू होना है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या एक बार फिर आईपीएल और आईसीसी इवेंट आपस में टकरायेंगे। शायद नहीं, सूत्रों के मुताबिक वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने वर्ल्ड कप टूर्नामेंट को हफ्ते से लेकर 10 दिनों तक आगे बढ़ाने का मन बना लिया है। वेस्टइंडीज बोर्ड के इस कदम से टूर्नामेंट की तिथियां तो आपस में नहीं टकराएंगी। लेकिन दो अहम प्रतियोगिताओं के बैक टू बैक आयोजित होने से भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
टीम इंडिया इस बार वर्ल्ड कप के सुपर 8 में एक भी मैच नहीं जीत पाई थी और इसका कारण आईपीएल में खिलाड़ियों को लगी चोट और थकान को माना जा रहा था। तो क्या अगले विश्वकप में भी यही कहानी दोहराई जाएगी? क्या गारंटी है कि इस बार आईपीएल के चलते टीम इंडिया का जैसा बंटाधार हुआ अगले साल भी ऐसा नहीं होगा?
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट को भी अपनी चपेट में ले रहा है। करोड़ों रुपये के इस टूर्नामेंट के आयोजन के लिए बीसीसीआई ने देवधर ट्रॉफी को रद्द कर दिया है। यानी अगले साल देश का ये जाना माना टूर्नामेंट नहीं खेला जाएगा। पिछले 36 साल से देवधर ट्रॉफी का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
इस टूर्नामेंट में पांच अलग-अलग जोन की टीमें हिस्सा लेती हैं। इस साल एक विदेशी टीम को भी इस टूर्नामेंट में लाया गया था। आईपीएल की बलि चढ़ने वाला ये दूसरा घरेलू टूर्नामेंट होगा। इस साल आईपीएल के चलते मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट का भी आयोजन नहीं किया जा सका। इसके अलावा भारत और पाकिस्तान की घरेलू चैम्पियन टीमों के बीच होने वाली मोहम्मद निसार ट्रॉफी भी नहीं खेली जाएगी।
खेल की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।
More on: Ipl 3, Cricket, March








कमेंट्स
0