कराची। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पिछले साल मादक पदार्थ के साथ दुबई हवाई अड्डे पर हिरासत में लिए जाने के मामले में विवादित तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
पीसीबी ने इस मामले की जांच कर रही पूर्व चयन प्रमुख वसीम बारी की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय विशेष समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला किया है।
समिति ने 31 मई को पीसीबी को सौंपी गई अपनी रिपोर्ट में हालांकि आसिफ पर 20 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाने की सिफारिश की थी लेकिन पीसीबी ने अंतत: जुर्माने की राशि को घटाकर 10 लाख रुपये कर दिया।
आसिफ को दुबई में 19 दिनों तक हिरासत में रहना पड़ा था। आसिफ पर दुबई हवाई अड्डे पर अफीम के साथ पकड़े जाने का आरोप साबित हो चुका है। इसे लेकर पीसीबी ने आसिफ पर फिलहाल सभी तरह का क्रिकेट खेलने पर प्रतिबंध लगा रखा है।
आसिफ पर इंडियन प्रीमियर लीग ने भी एक साल का प्रतिबंध लगा रखा है। आसिफ आईपीएल के पहले संस्करण के दौरान प्रतिबंधित दवा नेंड्रोलोन के सेवन के आरोप में पकड़े गए थे। आसिफ आईपीएल में दिल्ली डेयर डेविल्स के लिए खेले थे।
तेज गेंदबाज के प्रतिबंध की मियाद इस साल सितंबर में समाप्त हो रही है। इसके बाद ही वह राष्ट्रीय टीम में शामिल होने की योग्यता हासिल कर सकेंगे। आसिफ ने 11 टेस्ट मैचों में 56 और 31 एकदिवसीय मैचों में 36 विकेट लिए हैं।
खेल की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।








कमेंट्स
0