IBN7 IBN7

[+] 205 और खबरें

स्पीड न्यूज: पढ़ें-सोमवार की सभी बड़ी खबरें

Posted on Aug 24, 2009 at 06:46pm IST | Updated Aug 24, 2009 at 08:48pm IST


सीबीआई का सरेंडर, नहीं ढूंढ पाई टैगोर का नोबेल

नई दिल्ली। गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के नोबेल पदक की चोरी के मामले में सीबीआई ने हाथ खड़े कर दिए हैं। सीबीआई ने बोलपुर अदालत में इस जांच को बंद करने की अर्जी दी है। इससे टैगोर के चाहने वाले दुखी हैं क्योंकि उनकी आखिरी उम्मीद पर भी सीबीआई ने पानी फेर दिया है।




सीबीआई ने दो बार चोरी गये नोबेल पदक का पता लगाने की काफी कोशिश की लेकिन दोनों बार नाकामयाब रही। सीबीआई की याचिका का रेलमंत्री ममता बनर्जी ने विरोध करते हुए सोमवार को कहा है कि वो मामले को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सामने उठाएंगी।

ममता ने कहा कि टैगोर के पदक का सभी बंगाली लोगों के लिए बहुत महत्व है और इंटरपोल के कोई सुराग पाने में नाकामयाब रहने पर हमें जांच बंद नहीं करना चाहिए। सीबीआई ने इससे पहले सितम्बर 2007 में मामले को ये कहते हुए बंद कर दिया था कि उसे कोई सुराग नहीं मिला है।

बहरहाल दबाव के बाद सितम्बर 2008 में सीबीआई ने ये कहते हुए मामले को फिर से खोला था कि उसे कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं लेकिन उसे कुछ भी हासिल नहीं हुआ।


मनमोहन की टीम में जुड़ेंगे कुछ नए चेहरे

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होने की पूरी संभावना है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपनी टीम में तीन नए चेहरों को जगह दे सकते हैं।

मंत्री बनने की दौड़ में राज्यसभा के उपसभापति के. रहमान खान, तृणमूल नेता सुदीप बंदोपाध्याय और छत्तीसगढ़ के इकलौते कांग्रेस सांसद चरणदास महंत प्रमुख रूप से शामिल हैं। मनमोहन मंत्रिमंडल के इससे पहले हुए विस्तार में हर राज्य को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई थी, लेकिन गोवा और छत्तीसगढ़ से किसी को जगह नहीं मिल पाई थी।

सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार में बिहार के किशनगंज से आरजेडी के दमदार नेता तस्लीमुद्दीन को हराकर पहली बार लोकसभा पहुंचे असरारुल हक काजमी के नाम पर भी विचार हुआ था, लेकिन चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस में शामिल होने के कारण उनका पत्ता कट गया। इसके बाद रहमान खान का नाम सामने आया। बताया जाता है कि उनके नाम पर सहमति लगभग बन गई है।

सूत्रों ने ये भी बताया कि तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने अपने कोटे से सुदीप बंदोपाध्याय का नाम आगे किया है। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के करीबी समझे जाने वाले छत्तीसगढ़ के सांसद चरणदास महंत का नाम भी मंत्री पद की दौड़ में प्रमुखता से उभरा है।


फीस वृद्धि का विरोध करने पर मानहानि का केस

गुड़गांव। गुड़गांव के स्कॉटिश स्कूल ने अभिभावकों पर 20 लाख का मानहानि का मुकदमा ठोंक दिया है। इन अभिभावकों की गलती सिर्फ यही थी कि इन्होंने गूगल पर एक फोरम में बढ़ती फीस के खिलाफ विरोध जताया था।

गौरतलब है कि महीने भर पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने अभिभावकों को स्कूल के नाम से इंटरनेट पर किसी भी फोरम का इस्तेमाल करने पर रोक लगा दी थी। इसी फैसले के बाद स्कूल ने ये मुकदमा दायर किया है। हालांकि अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन उन्हें लगातार परेशान कर रहा है। फीस का ब्रेक-अप भी उन्हें नहीं दिया जाता।

अब तो अभिभावकों के पास शायद ही कोई चारा बचा हो। बढ़ती फीस का विरोध करेंगे तो ऐसे मुकदमों के चक्कर में पड़ जाएंगे। अब बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दें या फिर स्कूल से लड़ाई में।


बेकाबू हुई हथिनी, पर्यटकों को पटककर भागी

जयपुर। जयपुर के आमेर किले में एक बड़ा हादसा होते होते उस समय बच गया जब दो जर्मन पर्यटकों को ले जा रही हथिनी बेकाबू होकर जंगल की ओर भाग गई।

महावत ने हथिनी को काबू करने की कोशिश की, लेकिन हथिनी का तांडव देखकर महावत और उसपर सवार दो जर्मन पर्यटकों ने कूद कर जान बचाई। उन्होंने बताया कि बिगड़ी हथिनी ने कुछ मकानों को नुकसान पहुंचाने के बाद जंगल की ओर रुख कर लिया।

इस दौरान वन विभाग और महावतों ने हथिनी को चारों ओर से घेर लिया। हथिनी को काबू में करने के लिए उसे टेक्यूंलाइजर गन से बेहोश करने की भी कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली।

काफी कोशिशों के बाद हथिनी को शांत किया जा सका। वन विभाग के मुताबिक हथिनी पागल नहीं है और किसी वजह से तंग होकर ही वो गुस्से में आई।


रीता का घर जलाने के आरोपी को तोहफा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के आरोपी बीएसपी विधायक को यूपी सरकार ने तोहफा दिया है। मायावती सरकार ने विधायक जितेन्द्र सिंह उर्फ बबलू को वाय कैटेगरी की सुरक्षा दी है। राज्य सरकार के इस फैसले पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है।

कांग्रेस का कहना है कि मायावती सरकार रीता बहुगुणा का घर जलाने वाले को इनाम दे रही है। पहले एक दूसरे आरोपी इंतेजार अहमद आबदी को मुख्यमंत्री मायावती ने राज्य चीनी निगम का अध्यक्ष नियुक्त कर तोहफा दिया था और अब विधायक बबलू को उन्होंने रीता का घर जलाने का इनाम दिया है।

गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा की मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी से बौखलाए बीएसपी कार्यकर्ताओं ने 15 जुलाई की रात लखनऊ में उनके घर को आग लगा दी थी।

आगजनी की घटना में रीता बहुगुणा का बंगला पूरी तरह से खाक हो गया था। कांग्रेस ने बीएसपी नेता आबदी और फिरोजाबाद जिले से बसपा विधायक जितेन्द्र सिंह बबलू पर रीता बहुगुणा का घर जलाने का आरोप लगाया था।


साध्वी प्रज्ञा से मकोका हटाने के खिलाफ अर्जी

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने मालेगांव ब्लास्ट मामले के आरोपियों पर से मकोका हटाए जाने के विशेष अदालत के फैसले को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी है। कोर्ट ने राज्य सरकार को सभी 11 आरोपियों को अपील की कॉपी का आदेश देते हुए सुनवाई 8 सितंबर तक स्थगित कर दी।

मकोका अदालत ने 31 जुलाई को सभी आरोपियों पर से मकोका हटाने का आदेश दिया था। राज्य सरकार ने अपनी अपील में कहा है कि विशेष अदालत का आदेश असंवैधानिक है।

एटीएस ने सितंबर 2008 में मालेगांव में हुए ब्लास्ट के सिलसिले में साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर और लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया था।


माओवादियों का बंद, पटरी व टावर उड़ाए

रांची। माओवादियों ने पांच राज्यों में 48 घंटे के बंद का ऐलान किया है। बंद के शुरू होते ही इन लोगों ने झारखंड के लातेहार में रेल पटरी को विस्फोट से उड़ा दिया। इसके अलावा पड़ोस के पलामू जिले में एक मोबाइल टावर उड़ा दिया गया।

लातेहार के रेलवे स्टेशन मास्टर के मुताबिक 20 माओवादियों ने रांची से करीब 150 किलोमीटर दूर कुमंडी और हेगड़ा रेलवे स्टेशन के बीच विस्फोट से रेल पटरी को उड़ा दिया। उन्होंने बताया कि विस्फोट डाउन लाइन पर हुआ जिससे बड़वाडीह और बरकाकना के बीच रेल यातायात रुक गया। विस्फोट से पहले सुबह साढ़े पांच बजे राजधानी एक्सप्रेस घटनास्थल से गुजरी थी।

विस्फोट सुबह लगभग साढ़े छह बजे हुआ। लातेहार पुलिस के मुताबिक विस्फोट किसी ट्रेन को निशाना बनाकर नहीं किया गया। सीपीआई एमएल के दो वरिष्ठ सदस्यों की गिरफ्तारी के विरोध में माओवादियों ने उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और बिहार में बंद का ऐलान किया है।


दिल्ली में बिजली महंगी, तमाम सब्सिडी खत्म

नई दिल्ली। महंगाई के इस दौर में दिल्ली वालों के लिए एक और झटका लगा है। दिल्ली सरकार ने बिजली दरें बढ़ा दी हैं। सरकार ने बिजली पर मिलने वाली तमाम सब्सिडी खत्म कर दी है।

दरअसल कैबिनेट ने सोमवार को फैसला लिया कि 200 यूनिट से ज्यादा बिजली खपत करने वालों को अब कोई सब्सिडी नहीं दी जाएगी। पहले उन्हें 10 फीसदी की सब्सिडी दी जा रही थी। हालांकि कैबिनेट ने ये फैसला भी लिया है कि 200 यूनिट से कम बिजली खपत करने वालों के लिए प्रति यूनिट एक रुपए की छूट जारी रहेगी।

200 यूनिट तक बिजली खर्ज करने वाले को 1 रुपए 40 पैसे की दर से बिल भरना पड़ेगा, लेकिन 200 से 400 यूनिट बिजली खर्च करने पर आपको 25 पैसे हर यूनिट पर ज्यादा खर्च करने होंगे। पहले इसके 3 रुपए 60 पैसे देने होते थे अब इसके लिए 3 रुपए 85 पैसे देने होंगे। वहीं 400 यूनिट से ज्यादा बिजली का इस्तेमाल करने वालों को 45 पैसे हर यूनिट पर ज्यादा खर्च करना होगा।


हरियाणा में अकेले चुनाव लड़ेगी BJP, इनेलो से कु्ट्टी

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला की पार्टी इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) से नाता तोड़ कर अकेले दम पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। दोनों के बीच गठबंधन ने होना कांग्रेस के लिए अच्छी खबर है।

मालूम हो कि 2004 में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। बीजेपी नेता और हरियाणा के पर्टी प्रभारी विजय गोयल ने कहा कि दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर आपसी सहमति नहीं बन पाई।

उन्होंने कहा कि कि सीट बंटवारे को दोनों के बीच काफी दिनों से गतिरोध चल रहा था। विजय ने कहा 'हमने हरियाणा चुनाव में खुद के दम पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।'

वहीं इनेलो नेता ओम प्रकाश चौटाला का कहना है कि दोनों पार्टी अब भी एक साथ हैं जबकि इनेलो की राज्य इकाई के अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि ये फैसला खुद बीजेपी ने लिय़ा है। अध्यक्ष की मानें तो वो साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहते हैं।

साथ ही उन्होंने कहा कि अगर सीट बंटवारे को लेकर कोई दिक्कत है तो उसका हल निकाला जा सकता है।

इस बीच बीजेपी के एक नेता के मुताबिक 90 सदस्यों वाली हरियाणा विधानसभा के लिए चुनाव में इनेलो लगभग 60 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती थी जो बीजेपी को कतई मंजूर नहीं है।


तालिबान के पास यूएस पर हमले की ताकतः मुलर

वॉशिंगटन। तालिबान अमेरिका पर हमला करने की ताकत भी रखता है। ये कहना है अमेरिका के एडमिरल माइक मुलर का। मुलर ने एक टीवी इंटरव्य़ू में कहा कि अफगानिस्तान में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। आतंकियों ने पाकिस्तान को अपना सुरक्षित ठिकाना बना रखा है।

तालिबान की बढ़ती ताकत और रसूख से अमेरिका परेशान है। सुरक्षा एजेंसियों के रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान अमेरिका पर हमला करने में पूरी तरह से सक्षम है और अमेरिका के खिलाफ अभी भी साजिश रची जा रही हैं।

मुलर ने माना कि अलकायदा और तालिबान ने पाकिस्तान को अपना सुरक्षित ठिकाना बना लिया है। पिछले 2-3 साल में तालिबान और अल कायदा की ताकत कई गुना बढ़ गई है। इसलिए हमारा पूरा जोर इस बात पर है कि 11 सितंबर की घटना फिर न दोहराई जाए।

हालांकि मूलर ने ओबामा के दिए मिशन का भी जिक्र किया कि अमेरिकी सेना किसी भी कीमत पर तालिबान- अल कायदा के खात्मे की पुरजोर कोशिश कर रही है लेकिन आतंकियों की बढ़ती ताकत और जबर्रदस्त नेटवर्क से अमेरिका भी परेशान नजर आ रहा है।


वेनेजुएला की सुंदरी स्टेफेनिया बनीं मिस यूनिवर्स

बहामास।बहामास में हुए 'मिस यूनिवर्स' प्रतियोगिता में भारत को एक फिर निराशा हाथ लगी है। भारत की ओर से प्रतियोगी में हिस्सा ले रही दिल्ली की 22 वर्षीय एकता चौधरी अंतिम 15 में भी जगह नहीं बना पाईं।

इस तरह पिछले 9 साल से जारी इंतजार और एक वर्ष के लिए टल गया है। भारत को मिस इंडिया एकता चौधरी से काफी उम्मीदें थीं। वहीं मिस वेनेजुएला स्टेफेनिया फर्नांडेज मिस यूनिवर्स-2009 चुनी गईं।

स्टेफेनिया को उनकी हमवतन सुंदरी और वर्ष 2008 की मिस यूनिवर्स डायना मेंडोजा ने 1,20,000 डॉलर का ताज पहनाया। मिस यूनिवर्स बनने के बाद 18 वर्षीय स्टेफेनिया के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती थी।

मिस डोमिनिकन गणराज्य अदा दे ला क्रूज दूसरे और मिस कोसोव मैरीगोना द्रागुसा तीसरे स्थान पर रहीं। इस प्रतियोगिता में 84 देशों की सुंदरियों ने हिस्सा लिया था।

मालूम हो कि इस प्रतियोगिता में 84 देशों की सुंदरियों ने हिस्सा ली। फाइनल से पहले करीब एक महीने तक प्रतियोगिता के विभिन्न राउंड हुए थे। इन राउंड्स में भारत की प्रतिनिधि कर रही एकता ने पूरी कॉन्फिडंट से शिरकत की थी। एकता चौधरी दिल्ली की रहने वाली है।


फिर साथ-साथ नजर आएंगी शबाना-नंदिता

मुंबई। फिल्मकार दीपा मेहता की फिल्म 'फायर' में साथ-साथ दिखने वाली अभिनेत्री शबाना आजमी और नंदिता सेन एक बार फिर उनकी फिल्म में नजर आएंगी। मेहता मशहूर उपंयासकार सलमान रुश्दी की रजना 'मिडनाइट्स चिल्ड्रन' पर फिल्म बनाने जा रही हैं।

मेहता ने बताया कि अपनी आगामी फिल्म में शबाना और नंदिता के साथ वह अभिनेत्री सीमा बिस्वास को भी शामिल कर रही हैं। सीमा उनकी फिल्म 'वाटर' में थी। उन्होंने कहा कि मैं शबाना, नंदिता और सीमा को पसंद करती हूं।

फिल्म के बारे में मेहता ने कहा हॉलीवुड निर्माता 'मिडनाइट्स चिल्ड्रन' पर आधारित फिल्म बनाने के लिए रुश्दी से लगातार संपर्क में थे लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि रुश्दी उनके साथ फिल्म बनाने के लिए तैयार हैं।

मेहता ने कहा कि रुश्दी के साथ उनकी दोस्ती तीन वर्ष पुरानी है। उन्होंने कहा कि न्यूयार्क में चार नवंबर 2008 को रुश्दी से भोजन पर मेरी मुलाकात हुई। मैंने उनसे कहा कि मिडनाइट्स चिल्ड्रन पर फिल्म बनाना अच्छा रहेगा। उन्होंने मुझसे कहा कि आप क्यों नहीं बनाती हैं।

मेहता ने कहा कि रुश्दी ने फिल्म वाटर देखी है और वह जानते हैं कि मैं उनकी पुस्तक से साथ न्याय करूंगी। वैसे उन्होंने अभी यह नहीं बताया है कि उनकी आने वाली फिल्म का नायक कौन होगा।


अफगानिस्तानः चुनावी धांधली की 200 शिकायतें

काबुल। अफगानिस्तान में राष्ट्रपति चुनाव के चार दिन बाद भी नतीजे का इंतजार है, लेकिन 200 से ज्यादा जगहों से चुनाव में धांधली की शिकायत दर्ज हो गई हैं।

राष्ट्रपति हामिद करजई के मुकाबले चुनाव लड़ रहे पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला अब्दुल्ला का कहना है कि उनके पास चुनाव धांधली के सबूत हैं। करजई की सरकार में विदेशमंत्री रह चुके अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने कहा कि 36 उम्मीदवारों में से किसी को जीत के लिए जरूरी वोट मिलने के आसार नहीं दिखते।

अब्दुल्ला अब्दुल्ला ने कहा है कि दोबारा चुनाव टालने की गरज से करजई दूसरे प्रत्याशियों से गठबंधन की संभावना तलाश रहे हैं। हालांकि अब्दुल्ला के सीधे-सीधे लगाए गए इन आरोपों का करजई के प्रवक्ता ने खंडन किया है।

जीत के लिए किसी को जरूरी वोट न मिलने की स्थिति में दोबारा चुनाव अक्टूबर में हो सकते हैं। अफगान चुनाव आयोग का कहना है कि इन शिकायतों के बावजूद चुनाव नतीजों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।

उधर अमेरिकी विशेष दूत रिचर्ड हॉलब्रुक का कहना है कि करजई और अब्दुल्ला दोनों ने चुनाव नतीजों का सम्मान करने की बात कही है। वोटों की गिनती जारी है।


गुरेज में घुसपैठिये ही नहीं पर्यटक भी आएंगे

श्रीनगर। घुसपैठ और आतंकी हमले के साये में जी रहे कश्मीर के गुरेज कस्बे के लोगों के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के वादों ने नई आस जगा दी है। उमर ने गुरेज की खूबसूरत वादियों को टूरिज्म के नक्शे पर लाने का वादा किया।

दरअसल गुरेज कस्बा नियंत्रण रेखा से काफी सटा हुआ है। जिसकी वजह से घुसपैठ और आतंकी गतिविधियों ने इस इलाके में दहशत फैला रखी है। उमर ने यहां तीन दिन तक चलने वाली गुरेज फेस्टिवल की शुरुआत की और एक टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर का उद्घाटन भी किया। उमेर ने इस इलाके की तरक्की के लिये 3.65 करोड़ रुपये देने का ऐलान भी किया।

उमर ने गुरेज कस्बे में रंगीन महफिल सजाकर ना सिर्फ इस पिछड़े इलाके के लोगों की उम्मीद और हौसला बढ़ाया बल्कि ये संदेश भी दिया कि जम्मू-कश्मीर की तरक्की में वो आने वाली सारी रुकावटों को पार करने की पूरी कोशिश करेंगे।


शेयर बाजारों में तेजी, सेंसेक्स 388 अंक उछला

मुंबई। देश के शेयर बाजारों में सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स 387.92 अंकों यानी 2.55 प्रतिशत और निफ्टी 114 अंकों यानी 2.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ बंद हुए। बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप सूचकांकों में भी तेजी दर्ज की गई।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 387.92 अंकों की वृद्धि के साथ 15,628.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 15,676.35 के ऊपरी और 15,362.93 के निचले स्तर पर पहुंचा। कारोबार के आरंभ में सेंसेक्स 122.10 अंक की बढ़त के साथ खुला।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित सूचकांक निफ्टी 114 अंकों की वृद्धि के साथ 4,642.80 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 4,656.30 के ऊपरी और 4,536.95 के निचले स्तर पर पहुंचा। कारोबार के आरंभ में निफ्टी 8.15 अंकों की बढ़त के साथ खुला।

बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप सूचकांकों में भी वृद्धि दर्ज की गई। मिडकैप सूचकांक 145.06 अंकों (2.61 प्रतिशत) की वृद्धि के साथ 5,704.38 पर बंद हुआ। स्मालकैप सूचकांक 182.89 अंकों (2.83 प्रतिशत) की वृद्धि के साथ 6,645.87 पर बंद हुआ।

बीएसई में कारोबार के दौरान रियल्टी, टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं (कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, सीडी), तेज खपत वाली उपभोक्ता वस्तुओं(एफएमसीजी) और पूंजीगत वस्तुओं (कैपिटल गुड्स, सीजी) के शेयर मूल्यों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई।

रियल्टी के शेयर मूल्यों में 5.09 प्रतिशत, सीडी के शेयर मूल्यों में 3.59 प्रतिशत, एफएमसीजी के शेयर मूल्यों में 3.53 प्रतिशत और सीजी के शेयर मूल्यों में 3.46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

बीएसई में कारोबार का रुख सकारात्मक रहा और 2044 कंपनियों के शेयर मूल्यों में वृद्धि दर्ज की गई। 715 कंपनियों के शेयर मूल्यों में गिरावट दर्ज की गई।


(अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!)

IBNKhabarMore on: monday, speed news, 24 august



पिछली खबर
साध्वी प्रज्ञा से मकोका हटाने के खिलाफ अर्जी
अगली खबर
राजनाथ हंपटी-डंपटी हैं, सारे टॉप नेता हटने चाहिए: शौरी

IBN7IBN7
IBNLiveIBNLive
IBNLive IBNLive

कमेंट्स

1

  
अपना कमेंट भेजें

नाम *

 

सिटी *

ईमेल *

     

कमेंट्स *


IBN7IBN7
IBN7

देश में ये भी

पढ़ें: चिदंबरम पर कोर्ट के आदेश पर किसने क्या कहा

राजधानी की एक अदालत ने 2जी मामले में केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम के खिलाफ दाखिल याचिका को खारिज कर दी। 14:07 PM, Feb 04, 2012

चिदंबरम को सहआरोपी बनाने की याचिका खारिज LIVE

टेलीकॉम घोटाला मामले में केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम को सह आरोपी बनाने की याचिका खारिज कर दी गई है। पटियाला हाउस कोर्ट के जज ओ पी सैनी ने यह फैसला सुनाया। 07:52 AM, Feb 04, 2012

जर्जर हो चुकी रेलवे का कायापलट करेंगे रेलमंत्री

पहली बार रेल बजट पेश करने की तैयारी में जुटे दिनेश त्रिवेदी मानते हैं कि रेलवे में सुरक्षा से लेकर रखरखाव तक, कुछ भी ठीक नहीं है। 22:25 PM, Feb 03, 2012

पाक आतंकी को लाइव शो में अय्यर ने सुनाईं खरी-खरी

कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने एक पाकिस्तानी चैनल पर मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफ़िज़ सईद को जमकर खरी-खोटी सुना दी। 20:44 PM, Feb 03, 2012

लाइसेंस रद्द होने से 25 हजार कर्मचारियों पर तलवार

टेलीकॉम घोटाले में सुप्रीम कोर्ट ने आठ कंपनियों के 122 लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। टेलीकॉम लाइसेंस रद्द होने से सिर्फ टेलीकॉम कंपनियां ही नहीं बल्कि इन टेलीकॉम कंपनियों में काम कर रहे 25 हजार कर्मचारियों के भी होश उड़े हुए हैं। 20:22 PM, Feb 03, 2012

काश...मैं इंदिरा गांधी का इंटरव्यू ले पाताः विजय अमृतराज

‘काश.. मैं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का इंटरव्यू कर पाता..’ ये शब्द भारत के महान टेनिस खिलाड़ियों में शुमार विजय अमृतराज के हैं। 18:08 PM, Feb 03, 2012
IBN7