छिंदवाड़ा। पाकिस्तानी युवक मुहम्मद असगर मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा की रंगमंचकर्मी रत्ना सोनी का ऐसा दीवाना हुआ कि वह उससे मिलने सरहद पार से यहां आ पहुंचा। वह रत्ना से अपने दिल की बात तक नहीं कह पाया और उसे जेल जाना पड़ा। मुहम्मद असगर से जो पासपोर्ट मिला वह फर्जी है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान का असगर (27) मलेशिया में एक पेट्रोल पम्प पर काम करता था। छिंदवाड़ा की रत्ना सोनी एक कार्यक्रम के सिलसिले में मलेशिया गईं तो असगर उन्हें देखते ही लट्टू हो गया। असगर ने रत्ना से प्रशंसक के तौर पर फोन किया और मुलाकात भी की।
रत्ना जहां उसे प्रशंसक मानती थी वहीं असगर उससे एक तरफा प्यार करने लगा। असगर पिछले दिनों मलेशिया से नेपाल होता हुआ भारत आया और रत्ना से मिलने छिंदवाड़ा पहुंच गया।
चांद थाने के प्रभारी एस.बी. मिर्जा ने बताया कि रत्ना एक कार्यक्रम के सिलसिले में चांद क्षेत्र में आई तो असगर भी वहां जा पहुंचा। उसे रत्ना के साथियों ने पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।
मिर्जा के मुताबिक असगर अब न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। रत्ना ने पुलिस में शिकायत की है कि असगर उसे फोन पर ब्लैकमेल करता था और उसे धमकाता था।
उसकी असगर से बतौर प्रशंसक फोन पर बात और मुलाकात हुई। वहीं असगर रत्ना से प्यार करने की बात कहता है और उससे मिलने छिंदवाड़ा तक आ पहुंचा।
मिर्जा ने बताया कि असगर के पास से जो पासपोर्ट मिला है वह फर्जी है क्योंकि तस्वीर असगर की है मगर नाम व पता नेपाल निवासी का है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: love, pakistan, india








कमेंट्स
0