हैदराबाद। सचिन तेंदुलकर की ऐतिहासिक पारी के बावजूद भारत के साथ खेले जा रहे पांचवें वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया तीन रन से जीत हासिल करने में कामयाब रहा। मेहमान टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 4 विकेट खोकर 350 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया है। 351 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 49.4 ओवर में 347 रन पर ही सिमट गई।
सचिन ने महज 81 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वे 175 रन बनाकर आउट हुए। 141 गेंदों की पारी में सचिन ने 19 चौके और 4 छक्के लगाए। सचिन तेंदुलकर ने वनडे में अपने 17 हजार रन भी पूरे कर लिए हैं। वे ऐसा करने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर हैं।
भारत का पहला विकेट वीरेंद्र सहवाग के रूप में गिरा। वे 38 रन बनाकर हिलफेनाहौस का शिकार बने। 5 चौके और एक छक्के लगाने वाले वीरू का कैच बॉलिंगर ने लिया। इसके बाद गौतम गंभीर भी महज 8 रन पर मैकी की गेंद पर लपक लिए गए। युवराज 9 रन बनाकर शेन वॉटसन की गेंद पर कॉट एंड बोल्ड हो गए। कप्तान धोनी भी 6 रन से आगे नहीं बढ़ सके और मैकी का दूसरा शिकार बने। रैना ने सचिन के साथ शानदार बल्लेबाजी की और वे 59 गेंदों पर तीन छक्कों और तीन चौकों की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुए।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने सबसे पहले अपने सलामी बल्लेबाज शेन वॉटसन का विकेट गंवाया। वॉटसन 93 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। शॉन मार्श के साथ पहले विकेट के लिए 145 रन जोड़ने वाले वॉटसन ने 89 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके और तीन छक्के लगाए। उन्होंने 40 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। वॉटसन को हरभजन सिंह ने रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया।
शेन मार्श दो छक्कों और 8 चौकों की मदद से 112 गेंदों पर 112 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट आशीष नेहरा को मिला। गंभीर ने उनका शानदार कैच पकड़ा। रिकी पोंटिंग 45 गेंदों पर 45 रन बनाकर प्रवीण कुमार की गेंद पर बोल्ड हो गए। आखिरी गेंद पर कैमरून व्हाइट-57 को सचिन ने लपका। उनका विकेट प्रवीण कुमार को मिला। माइक हसी-31 अंत तक आउट नहीं हुए। आज की जीत से ऑस्ट्रेलियाई टीम 7 मैचों की सीरीज में 3-2 से आगे हो गई है। दो मैच अभी खेले जाने हैं।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: India, Australia, Hyderabad, about sachin tendulkar








कमेंट्स
6