बीजिंग। भारतीय टेबिल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल ने अपने ओलंपिक अभियान की शुरुआत उस खिलाड़ी को हराकर की जिसके साथ वे प्रशिक्षण लेते हैं।
शरत ने मंगलवार को स्पेन के अल्फ्रेडो कार्नरॉस को हराकर पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। शरत का अब मुकाबला विश्व के 31 वीं वरीयता प्राप्त आस्ट्रिया के चेन वेइझिंग से होगा। जिन्हें पहले दौर में 'बाई' मिली है।
शरत वेइझिंग से पिछले कई मुकाबलों में हार चुके हैं। लेकिन अगर दूसरे दौर में वे जीत हासिल कर लेते हैं तो क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला विश्व के शीर्ष खिलाड़ी चीन के वांग हाओ से हो सकता है।
मंगलवार को पीकिंग यूनिवर्सिटी जिम्नेजियम में खेले गए मुकाबले में गत राष्ट्रमंडल खेलों में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले शरत ने यह जीत तो हासिल कर ली। शरत ने मुकाबले में 6-11, 12-10, 11-8, 9-11, 11-6, 11-7 के स्कोर के साथ 4-2 से जीत हासिल की।
शरत दो वर्षो तक स्पेनी खिलाड़ी के साथ एक ही क्लब में खेल चुके हैं। शरत ने इस बारे में कहा, "अपने क्लब के साथी के साथ खेलना अजीब सा लग रहा था। हम एक साथ प्रशिक्षण लेते हैं और एक ही अपार्टमेंट में रहते हैं इसलिए यह मुकाबला हम दोनों के लिए कठिन था।"
उन्होंने कहा कि चूंकि हम दोनों एक दूसरे के खेल को अच्छी तरह समझते हैं इसलिए यह दिमाग का खेल बनकर रह गया था।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)








कमेंट्स
0