बॉलीवुड एक्ट्रेस विद्या बालन फिल्म ‘पा’ में ऑरो(अमिताभ बच्चन) की मां का किरदार निभाकर बेहद खुश हैं। विद्या की मानें तो उनका ऑरो बेहद नटखट और तेज है। विद्या ने पा फिल्म की पूरी यादें आईबीएन7 के खास कार्यक्रम हॉट सीट में मैनेजिंग एडिटर आशुतोष के साथ बातचीत में रखीं।
विद्या का कहना है कि उन्होंने ऑरो के लिए मां के रोल में अपनी पूरी ममता उड़ेल दी। विद्या ने कहा कि वो ऑरो की मां बनकर बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि जब उनके पास ये ऑफर आया तो वो बेहद संकोच में थीं। एक तो पहली बार मां की भूमिका और तो और वो भी अमिताभ बच्चन की मां की भूमिका। लेकिन इस भूमिका ने उन्हें एक नई पहचान दी है।
उन्होंने कहा, फिल्म ‘पा’ प्रोजेरिया से पीड़ित ऑरो (अमिताभ बच्चन) की जिंदगी पर आधारित है जिसमें जिंदगी की धूप-छांव के बीच मानवीय संबंधों की खूबसूरत दास्तान है। ऑरो अपनी बीमारी के साथ ही अपनी एक अलग दुनिया में जीने वाला लड़का है जो जिंदगी को अपने अंदाज में जीता है।
विद्या ने कहा अमिताभ बच्चन अभिनय की एक पाठशाला है और इस फिल्म में भी उन्होंने अपने बेजोड़ अंदाज में लोगों के दिल पर छा जाने वाला अभिनय किया है।
उन्होंने कहा कि फिल्म में ऑरो का मेकअप सबसे खास है और फिल्म में बिग बी को एक 13 साल के बालक की भूमिका में देखना एक रोचक अनुभव है। फिल्म ‘पा में बिग बी के मंकी डांस का अंदाज बेहद उम्दा है और दिल जीतने वाला है।
इसके अलावा विद्या ने अपनी पूरी फिल्मी करियर के बारे में बताया। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म के बारे में भी बात की।
(पूरी बातचीत खबर के साथ लगे वीडियो देखें।)








कमेंट्स
0