चटगांव। भारतीय क्रिकेट टीम ने जोहुर अहमद चौधरी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहे पहला टेस्ट मैच 113 रन से जीत लिया है। पांचवें दिन 415 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही बांग्लादेशी टीम 301 रनों पर सिमट गई।
बांगलादेश की ओर से सबसे अधिक 101 रन मुश्फिकुर रहीम ने बनाए। मुश्फिकुर ने अपनी 114 गेंदों की पारी में 17 चौके और एक छक्का लगाया। इससे पहले चौथे दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने दो विकेट खोकर 67 रन बनाए थे।
भारत की ओर से ईशांत शर्मा ने तीन अमित मिश्रा ने 4 विकेट झटके हैं जबकि जहीर खान के खाते में दो विकेट आए हैं। कार्यकारी कप्तान वीरेंद्र सहवाग ने भी एक सफलता हासिल की है।
सचिन तेंदुलकर (105 नाबाद) के करियर के 44वें टेस्ट शतक की बदौलत भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 243 रन बनाए थे जबकि मेजबान टीम की पहली पारी मैच के तीसरे दिन 242 रनों पर सिमट गई थी। पहली पारी के आधार पर भारत को एक रन की बढ़त मिली थी।
पहली पारी में सहवाग ने भी 52 रनों का योगदान दिया था। भारत ने अपनी दूसरी पारी आठ विकेट पर 413 रनों पर घोषित कर दी थी। सहवाग ने दूसरी पारी में भी 45 रनों का योगदान दिया जबकि गौतम गंभीर ने अपने करियर का नौवां शतक लगाते हुए 116 रनों की नायाब पारी खेली। इसके अलावा वी.वी.एस. लक्ष्मण ने नाबाद 69 और मिश्रा ने 50 रन बनाए।








कमेंट्स
1