मेलबोर्न। गत चैंपियन और दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है लेकिन उनकी बड़ी बहन वीनस को उलटफेर का शिकार होना पड़ा है।
शीर्ष वरीय सेरेना ने यहां खेले गए क्वार्टरफाइनल में सातवीं वरीयता प्राप्त बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका को कड़े मुकाबले में 4-6 7-6 6-2 से शिकस्त दी। अजारेंका ने सेरेना के सुस्त खेल का पूरा फायदा उठाते हुए पहला सेट 6-4 से जीतने के बाद दूसरे सेट में भी 4-0 की बढ़त बना ली थी।
लेकिन सेट गंवाने के बाद सेरेना दूसरे सेट में भी 4-0 से पिछड़ी हुई थी लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार पांच गेम जीतते हुए मैच में बराबरी की और फिर निर्णायक सेट में 20 वर्षीय बेलारूसी खिलाडी को उबरने का कोई मौका दिए बगैर सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया।
सेमीफाइनल में उनका मुकाबला 16वीं वरीय चीन की ली ना ने होगा जिन्होंने सेरेना की बड़ी बहन और छठी वरीयता प्राप्त वीनस को 2-6 7-6 7-5 से हराकर टूर्नामेंट में एक बड़ा उलटफेर किया। ली पहली बार किसी ग्रैंड स्लेम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची हैं। उनकी हमवतन झेंग जेई पहले की अंतिम चार में पहुंच चुकी हैं।
वीनस ने पहला सेट जीतने के बाद दूसरे सेट में भी 5-4 की बढ़त बना ली थी लेकिन इसके बाद उन्हें चार बेजा भूलें की और चीनी खिलाड़ी को वापसी का मौका दे दिया। ली ने इस मौके को भुनाते हुए टाइब्रेकर में जीत दर्ज करते हुए मैच में 1-1 से बराबरी कर ली।
वीनस ने निर्णायक सेट में भी 2-0 की बढ़त बना ली थी लेकिन यहां भी उनकी बेजा भूल उन्हें भारी पड़ी और ली ने उन्हें 7-5 से शिकस्त देते हुए सेमीफाइनल में सेरेना से भिड़ने का अधिकार पा लिया।








कमेंट्स
0