ढाका। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जहीर खान ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में अपने करियर की शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस प्रदर्शन से उनका मनोबल काफी ऊंचा हुआ है।
अपने शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ और ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का खिताब पाने वाले जहीर ने मैच के बाद कहा कि मेरे लिए यह काफी मुश्किल काम था क्योंकि विकेट धीमा था। लेकिन जब एक बार गेंद ने रिवर्स स्विंग लेना शुरू कर दिया तो मेरे लिए काम आसान हो गया।
गौरतलब है कि जहीर ने बंगलादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 149 रन देकर दस विकेट लिए जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की टीम ने शानदार शुरुआत की थी और उन्होंने तीसरे दिन की समाप्ति तक बडा़ स्कोर बना लिया था। इसलिए हमें उन्हें जल्दी आउट करने की जरूरत थी। मुझे खुशी है कि आज के मेरे स्पेल ने मेरी टीम के जीत में अहम भूमिका निभाई। इससे मेरा मनोबल भी ऊंचा उठा है।
हालांकि जहीर ने साथ ही कहा कि उन्हें अपनी फिटनेस पर अभी काफी मेहनत करने की जरूतर है। उन्होंने कहा कि मुझे अभी अपनी फिटनेस पर काफी मेहनत करने की जरूरत है और ज्यादा से ज्यादा गेंदबाजी करने की जरूरत है।
जहीर ने कहा कि ‘मैं अपने कंधे पर ज्यादा ध्यान दे रहा हूं और इसके लिए मैं एक बार फिर से रिहैबिलिटेशन करना चाहूंगा। मैं ज्यादा से ज्यादा गेंदबाजी करना चाहता हूं। इसके अलावा मेरी नजर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज पर भी लगी हुई है।‘








कमेंट्स
0