भोपाल। वेतन और भत्तों के लिए विरोध का झंडा उठाए राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ियों के समर्थन में खड़ी मध्य प्रदेश सरकार ने एक और कदम आगे बढ़ते हुए 73 लाख रुपये के चेक बांटे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार रात एक समारोह में महिला हॉकी खिलाड़ियों को चेक बांटे।
एशिया कप में हिस्सा लेने वाले 18 खिलाड़ियों और पांच प्रशिक्षकों को एक-एक लाख रुपये का चेक दिया गया, वहीं 50 लाख का चेक प्रशिक्षणरत महिला खिलाड़ियों को दिया गया। यह राशि केंद्रीय खेल मंत्री को सौंपे गए एक करोड़ रुपये के चेक के अतिरिक्त है।
मुख्यमंत्री आवास पर गुरुवार रात आयोजित समारोह में चौहान ने महिला हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए कहा कि वह केंद्र सरकार और हॉकी इंडिया के खिलाफ सुविधाओं तथा वेतन भत्तों के लिए जारी महिला खिलाड़ियों के प्रतिरोध में उनके साथ है। यही कारण है कि उन्होंने खिलाड़ियों के साथ काली पट्टी बांधी थी।
चौहान ने कहा कि उनकी सरकार ने इस समारोह के जरिए उस त्रुटि को सुधारने की कोशिश की है जो उन्हें एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के बावजूद हासिल नहीं हो पाया था। उन्होंने कहा कि भोपाल हॉकी की नर्सरी माना जाता है, वह स्वर्णिम दिन लौटे इसके लिए प्रयास जारी रहेंगे। भोपाल में मार्च में ओबेदुल्ला कप हॉकी टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित सम्मान समारोह में पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
महिला हॉकी खिलाड़ियों ने कहा है कि मध्य प्रदेश सरकार का यह कदम सराहनीय है साथ ही उन्होंने साफ किया कि उनका हॉकी इंडिया के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक उन्हें पुरूष खिलाड़ियों के समान हक नहीं मिल जाता है।








कमेंट्स
0