मथुरा। कृष्ण और रसखान की नगरी मथुरा में आज एक ऐसी अनूठी शादी हुई जिसने प्रेम का एक ऐसा संदेश दिया जो दूसरों के लिए नजीर बन गया।
एक ही मंच पर जहां मौलवी मुसलमान जोड़ों को निकाह पढा़ रहे थे वहीं दूसरी ओर पंडित हिंदू जोडों का विवाह वैदिक विधि से सम्पन्न करा रहे थे।
साम्प्रदायिक सौहार्द की ऐसी मिशाल देखकर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ फरीदाबाद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सुरेश कुमार वशिष्ठ टीकली वालों ने कहा कि सामूहिक विवाह तो वे भी हर साल सम्पन्न कराते हैं किंतु संकल्प सोसाइटी द्वारा कराए यहां वैवाहिक कार्यक्रम जैसी नजीर आज तक नहीं देखी।
संकल्प वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष रियाजुद्दीन ने बताया कि आज के इस आयोजन में हिंदू एवं मुसलमान जोड़ों का सामूहिक विवाह एक मंच पर हुआ। पिछले चार साल से कर रहे इस आयोजन के बारे में उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल साम्प्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया गया है बल्कि गरीब कन्या के पिता पर उसकी बेटी के विवाह के लिए कर्ज लेने से रोकने का प्रयास किया गया है।
इस मौके उत्तर प्रदेश सतर्कता आयोग के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि युवकों द्वारा किया गया यह अभिनव प्रयास सराहनीय है क्योंकि यह दहेज उन्मूलन की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
उनका कहना था कि साम्प्रदायिक सौहार्द के लिए भी आयोजित ऐसे कार्यक्रम तो जिला प्रशासन को कराने चाहिए।








कमेंट्स
0