नई दिल्ली। फिल्म इंडस्ट्री शिवसेना से नहीं डरती। ये कहना है बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान का। आईबीएन7 के एडिटर इन चीफ राजदीप सरदेसाई के साथ खास बातचीत में शाहरुख ने कहा कि बॉलीवुड किसी से डरता नहीं। बॉलीवुड कई दूसरी चीजों का ख्याल करके किसी बात का खुलकर विरोध नहीं करता। बॉलीवुड बेवजह न तो हंगामा करता है और न ही इसका हिमायती है।
शाहरुख से पूछा गया कि जब भी कोई बड़ा स्टार शिवसेना का निशाना बनता है चाहे वो अमिताभ हों या आमिर तो बॉलीवुड से कोई बोलता नहीं है। तो क्या फिल्म इंडस्ट्री भी डरती है? इस सवाल पर शाहरुख ने कहा कि नहीं, ऐसा कहना गलत होगा। मेरे मसले पर जिन्होंने बोला उन्हें शुक्रिया लेकिन जिन्होंने नहीं बोला वो इसलिए नहीं कि वो डरते हैं। दरअसल जब फिल्म स्टार बोलते हैं तो वे मुद्दा बन जाता है क्योंकि कैमरा, मीडिया उनकी बात को ज्यादा उठाता है, कई बार उठाता है। इससे मामला बढ़ता जाता है तो हमारी कोशिश रहती है कि मामले को ज्यादा बढ़ाने की बजाय उसे ठंडा किया जाए।
शाहरुख ने कहा कि तीन चीजें दिमाग में रहती हैं जिनसे हमें डर लगता है। पहली बात ये कि कमर्शल मामला है। बिजनेस है किसी का। दूसरा जिनके साथ पार्टनरशिप है उन्हें किसी तरह का नुकसान हमारे कुछ कहने से पड़े तो ये सही नहीं होगा। इसके अलावा तीसरी सबसे अहम बात कि अगर विवाद होता है और आम आदमी इसमें पिसता है। हम चाहते हैं कि हमारे काम से लोग खुश हों न कि वो हमारी फिल्म देखने आएं और उनको चोट लग जाए। उसे एक पत्थर ही क्यों न लगे लेकिन हमारी वजह से ऐसा न हो इसलिए हम चुप रहते हैं।








कमेंट्स
2