लंदन। ब्रिटेन ने इस्लामी आतंकवादियों की तरफ मौजूद खतरे को देखते हुये अपने यहां आने वाले विदेशी छात्रों को वीजा देने के प्रावधानों के सख्त करने का मन बना लिया है।
ब्रिटेन के गृह मंत्री एलेन जानसन ने आज कहा कि छात्र वीजा के नाम पर यहां आकर काम करने वाले विदेशी लोगों पर अंकुश लगाने के साथ ही सुरक्षा चिंताओं के देखते हुये यह कदम उठाने का फैसला किया गया है। सुरक्षा विशेषज्ञ पहले ही इस बात की आशंका जता चुके हैं कि ब्रिटेन के विश्वविद्यालयों में अध्ययन के लिए आने वाले कई विदेशी छात्रों के इस्लामी आतंकवादियों के साथ संबंध हो सकते हैं।
जॉनसन ने अपने एक बयान में कहा कि हम अब भी ब्रिटेन आने वाले उन छात्रों का स्वागत करते हैं जो पढ़ाई के लिए यहां आना चाहते हैं लेकिन जो लोग यहां पढ़ाई के लिए नहीं बल्कि काम के लिए आना चाहते हैं उन्हें हम साफ कर देना चाहते हैं कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। गत सप्ताह ब्रिटेन ने भारत-नेपाल और बंगलादेश के लिए छात्र वीजा जारी करने पर अस्थायी रोक लगा दी थी जिससे वहां रह रहे छात्रों में नाराजगी देखी गई थी। हालांकि ब्रिटिश गृह मंत्रालय ने कहा है कि नए नियम किसी क्षेत्र विशेष के छात्रों को निशाना बनाने के लिए नहीं बनाए गए हैं।








कमेंट्स
0