इस्लामाबाद। भारत-पाकिस्तान के बीच प्रस्तावित विदेश सचिव स्तर की बातचीत शुरू होने के पहले अपने पक्ष को मजबूत करते हुए पाकिस्तान ने कहा है कि उसने नई दिल्ली के साथ बातचीत शुरू करने के लिए उसके आगे घुटने नहीं टेका है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने रविवार को मुल्तान में कहा कि भारत ने ही समग्र बातचीत की प्रक्रिया तोड़ी थी और पाकिस्तान के साथ रिश्ते को बदनाम किया था। अब वह हमारे पास आया है और बातचीत का आग्रह किया है। हमने उसके आगे न तो घुटने टेके और न उसके दबाव के आगे झुके ही।
कुरैशी की टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब भारत में पाकिस्तानी उच्चायुक्त शाहिद मलिक बातचीत के लिए प्रस्तावित 18 या 25 फरवरी की दो तारीखों पर चर्चा के लिए इस्लामाबाद आए हुए हैं।
कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान बातचीत में शामिल होगा, क्योंकि उसके पास कश्मीर और नदी जल बंटवारे सहित कई दीर्घकालिक मुद्दों पर एक मजबूत तर्क है।
कुरैशी ने कहा कि वह भारत के प्रस्ताव के अध्ययन के लिए तथा बातचीत के एजेंडे को अंतिम रूप देने के लिए इस सप्ताह बैठकें आयोजित करेंगे।








कमेंट्स
1