पुणे। पुणे में एक शख्स ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर खुदकुशी कर ली। लंबे समय से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। लेकिन कुछ दिनों से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। प्रेमी ने खुदकुशी के पहले लिखे खत में प्रेमिका को धोखेबाज बताया है। अपनी तमाम प्रॉपर्टी उसने अपनी पहली बीवी के नाम कर दी है।
सुनील बापट नाम के शख्स ने अपनी प्रेमिका अनुराधा को चाकुओं से गोद कर मार डाला और उसके बाद खुद भी पंखे से लटक कर जान दे दी। पुलिस के लिए सबसे अधिक चौंकाने वाला था सुनील बापट का डाइंग डिक्लेरेशन।
जी हां, मरने से पहले छोड़ी गई चिट्ठी बाकायदा कंप्यूटर पर टाइप की गई है। इस चिट्ठी में सुनील ने अपनी प्रेमिका अनुराधा को धोखेबाज करार दिया है। पुलिस को इस वारदात का पता तब चला जब सुनील के एक रिश्तेदार ने दरवाजा न खुलने की शिकायत की।
सुनील बापट पुणे की बड़ी कंपनी में कंसलटेंट था। अनुराधा भी किसी कंपनी में काम करती थी। अनुराधा का डिवोर्स हो चुका था और सुनील का डिवोर्स होने वाला था। शादी से पहले ही दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे। इधर दोनों के बीच कुछ अनबन भी चल रही थी। पुलिस का कहना है कि सुनील ने बहुत सोच समझ कर अनुराधा का कत्ल किया। अपनी पूरी प्रॉपर्टी उसने अपनी पहली बीवी के नाम कर दी है।
पुलिस जानने में जुटी है कि आखिरकार इस वारदात की असल वजह क्या है। कल तक एक दूसरे के साथ शादी के सपने देखने वाले सुनील और अनुराधा के रिश्ते इस हद तक कैसे बिगड़े।








कमेंट्स
0