नागपुर। नागपुर टेस्ट में टीम इंडिया संकट में है। लेकिन धोनी के धुरंधरों के लिए इसके अलावा भी एक बुरी खबर है। दक्षिण अफ्रीका ने यदि मैच जीत लिया तो टीम इंडिया से नंबर वन का ताज एक हफ्ते के लिए ही सही लेकिन छिन जाएगा। आईसीसी टेस्ट रैंकिंग की चोटी पर फिर धोनी के धुरंधर नहीं, स्मिथ की सेना होगी। इसका मतलब ये हुआ कि जो ताज हमने दिसंबर में हासिल किया था वो हमारे पास नहीं होगा।
सीरीज की शुरुआत में टीम इंडिया 125 अंक के साथ रैंकिंग में टॉप पर थी और अफ्रीकी टीम 120 अंक के साथ दूसरे नंबर पर। दोनों टीमों में सिर्फ 5 अंक का अंतर था। अब अगर नागपुर में अफ्रीकी टीम जीतती है जो लगभग तय लग रहा है तो उसके 3 अंक बढ़ेंगे और टीम इंडिया के 3 अंक घटेंगे यानि दक्षिण अफ्रीका के हो जाएंगे 123 अंक और भारत के हो जाएंगे 122 अंक।
साफ है धोनी की टीम से नंबर वन का ताज छिनने में कुछ ही वक्त बाकी है। वैसे टीम इंडिया के पास इस ताज को दोबारा हासिल करने का भी मौका होगा जब कोलकाता टेस्ट में दोनों टीमें दूसरे टेस्ट में भिड़ेंगी। अगर भारत कोलकाता टेस्ट जीतने में कामयाब होता है तो वो दोबारा रैंकिंग में नंबर वन बन जाएगा जबकि एक और हार या फिर ड्रॉ भी भारत को नंबर वन पोजिशन से और दूर कर देगा।
बिग बॉस की इस जंग में फिलहाल पहले टेस्ट में दो और दूसरे टेस्ट के पूरे पांच दिन बाकी हैं लेकिन अगर टीम इंडिया ने अपनी गलतियों पर ध्यान नहीं दिया तो बाकी दिन भी मैदान पर वही होगा जो नागपुर टेस्ट के पहले तीन दिन हुआ।








कमेंट्स
1