कोलंबो। श्रीलंका के पूर्व सेना प्रमुख जनरल सरथ फोंसेका को सरकार का तख्ता पलटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
समाचार एजेंसी ‘डीपीए’ के अनुसार उनकी गिरफ्तारी की जानकारी सबसे पहले सेना के एक प्रवक्ता प्रासा समरसिंघे ने दी। उन्होंने कहा कि सेना पुलिस ने फोंसेका को सोमवार को उनके राजनीतिक कार्यालय से गिरफ्तार किया।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मीडिया केंद्र के निदेशक लक्ष्मण हुलुगाले ने कहा कि फोंसेका एक सैन्य न्यायालय में सरकार के खिलाफ षड्यंत्र रचने के आरोपों का सामना करेंगे।
हुलुगाले ने कहा कि विपक्ष के साथ सरकार का तख्ता पलटने के लिए चर्चा करने और सेना प्रमुख रहते हुए सेना में विभाजन पैदा करने के आरोप में फोंसेका को गिरफ्तार किया गया।
फोंसेका ने पिछले महीने राष्ट्रपति पद के चुनाव में राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे को चुनौती दी थी, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
गिरफ्तारी की सूचना के तुरंत बाद विपक्षी दलों के राजनेता फोंसेका से एकजुटता दिखाने के लिए उनके कार्यालय पहुंचे।








कमेंट्स
0