पटना। राजधानी में कोचिंग संस्थानों की कथित मनमानी के खिलाफ छात्रों का गुस्सा मंगलवार को भी जारी रहा। कोचिंग संचालकों पर समय से पाठ्यक्रम न पूरा करने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतर आए और कई कोचिंग संस्थानों में जमकर तोड़फोड़ की।
पुलिस के अनुसार पटना के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के इन छात्रों का आरोप है कि कोचिंग संस्थानों में मनमाना शुल्क वसूले जाने के बावजूद समय पर पाठ्यक्रम पूरा नहीं होता।
आक्रोशित छात्रों ने मंगलवार को सुबह होते ही छात्रों ने 12 से ज्यादा कोचिंग संस्थानों पर धावा बोल दिया। इस दौरान खजांची रोड, नया टोला इलाके में खड़े कुछ वाहनों में छात्रों ने आग भी लगा दी। छात्रों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
पटना के नगर पुलिस अधीक्षक छत्रनिल सिंह ने बताया कि छात्रों द्वारा पुलिस पर की गई पत्थरबाजी में पुलिस के कुछ जवान भी घायल हो गए। उन्होंने कहा कि छात्रों से बातचीत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।
छात्रों का एक वर्ग सोमवार शाम को ही कोचिंग संस्थानों की मनमानी के विरोध में सड़क पर उतर गया था और कई कोचिंग संस्थानों में तोड़फोड़ की थी। ज्ञात हो कि बहादुरपुर थाना क्षेत्र में सात दर्जन से ज्यादा कोचिंग संस्थान हैं।








कमेंट्स
0