नई दिल्ली। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेले गए विश्व कप हॉकी के तीसरे मुकाबले में रविवार को भारत ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 4-1 से पराजित कर दिया। अपने पहले ही मैच में जीत दर्ज कर भारत ने विश्व कप में धामकेदार शुरुआत की। संदीप सिंह को दो महत्वपूर्ण गोल करने के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
रविवार को ही खेले गए एक अन्य मुकाबले में इंग्लैंड ने बड़ा उलटफेर करते हुए विश्व कप प्रतियोगिता के प्रबल दावेदार ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से मात दी। इससे पहले एक अन्य मुकाबले में स्पेन ने दक्षिण अफ्रीका को 4-2 से शिकस्त दी।
भारत ने दो गोल मध्यांतर से पहले और दो मध्यांतर के बाद किए। संदीप सिंह ने दो और प्रभजोत और शिवेंद्र ने एक-एक गोल दागे।
इन चार गोलों के जवाब में आखिरी क्षणों में पाकिस्तान के सोहेल अब्बास ने एक गोल दागकर पाकिस्तान की लाज बचाई।
भारतीय खिलाड़ी मध्यांतर से पहले भी हावी रहे और मध्यांतर के बाद भी उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर दबाव बनाए रखा।
नियमित अंतराल पर गोल दागकर भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को उबरने का मौका नहीं दिया।
सेंटर फॉरवर्ड शिवेंद्र सिंह ने भारत के लिए पहला गोल किया। उन्होंने मध्यांतर से पहले पेनॉल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। इसके बाद 35वें मिनट में ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह ने भारत के लिए दूसरा गोल दागकर 2-0 की बढ़त दिला दी।
मध्यांतर के बाद प्रभजोत ने तीसरा गोल करके भारत को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसके बाद संदीप सिंह अपना दूसरा और टीम का चौथा गोल करके भारत की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। उन्होंने पेनॉल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 4-0 की बढ़त दिलाई। आखिरी क्षणों में पाकिस्तान के सोहेल अब्बास ने एक गोल करके स्कोर को 4-1 कर दिया।
एजेंसियों की जानकारी के साथ
More on: hocky world cup, india, pakistan, hockey world cup-2010








कमेंट्स
0