लाहौर। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम की पिछले महीने ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर हुई शर्मनाक पराजय की गाज विवादास्पद आलराउंडर शाहिद आफरीदी और विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल पर गिर सकती है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की एक जांच कमेटी ने अपनी अंतिम रिपोर्ट तैयार कर ली है और इसमें आफरीदी और अकमल पर गाज गिरनी तय बताई जा रही है। पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के हाथों टेस्ट श्रृंखला में 0-3 और वनडे सीरीज में 0-5 से शर्मनाक शिकस्त का सामना करना पड़ा था। टीम कंगारुओं के खिलाफ एकमात्र ट्वेंटी-20 मैच भी हार गई थी।
पीसीबी के सूत्रों के अनुसार आफरीदी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें और अंतिम वनडे में बाल टेंपरिंग के लिए भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है। इसके अलावा अकमल पर मैच फिक्सिंग का आरोप है और वह खिलाड़ियों की आचार संहिता के उल्लंघन के दोषी पाए गए हैं।
उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि कमेटी के प्रमुख वसीम बारी मंगलवार को अपनी रिपोर्ट पीसीबी प्रमुख एजाज बट्ट को सौपेंगे। माना जा रहा है कि कमेटी अकमल और आफरीदी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सिफारिश कर सकती है।








कमेंट्स
0