दुबई। न्यूजीलैंड की अपनी जमीन पर विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के हाथों दूसरे एकदिवसीय क्रिकेट मैच में हार के साथ ही भारतीय टीम ने एक अप्रैल तक आईसीसी एकदिवसीय रैंकिंग में अपनी दो नंबर की कुर्सी सुरक्षित कर ली है।
भारत 122 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और न्यूजीलैंड टीम अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला के शेष तीन मैच जीत भी जाती है तो वह भारतीय टीम को नंबर दो की कुर्सी से अपदस्थ नहीं कर पाएगी।
आईसीसी की रविवार को यहां जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि न्यूजीलैंड तीन मैच जीत जाती है तो उसके 120 अंक हो जाएंगे और वह फिलहाल तीसरे पायदान पर चल रहे दक्षिण अफ्रीका से तीन रेटिंग अंक आगे निकल जाएगी।
आईसीसी एकदिवसीय चैंपियनशिप में दूसरे स्थान पर रहने पर भारतीय टीम को 75000 डॉलर मिलेंगे। टीम टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक का ताज बरकरार रखते हुए पहले ही 175000 डॉलर का इनाम पक्का कर चुकी है।








कमेंट्स
0