नई दिल्ली। खिताब की प्रबल दावेदार बन चुकी हालैंड की टीम हीरो होंडा एफआईएच हॉकी विश्वकप के पूल ए में दस अंकों के साथ बेशक चोटी पर है लेकिन जर्मनी, कोरिया और न्यूजीलैंड की टीमें भी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल की होड़ में दावेदार बनी हुई है।
हॉकी विश्वकप का यह ग्रुप वाकई दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुका है और इस ग्रुप से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली शीर्ष दो टीमों के लिए मंगलवार को होने वाले आखिरी लीग मैचों में महासंग्राम छिड़ेगा।
हालैंड चार मैचों में तीन जीत और एक ड्रा के साथ दस अंक लेकर चोटी पर है। जर्मनी दो जीत और दो ड्रा के साथ आठ अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। कोरिया दो जीत एक ड्रा और एक हार के साथ सात अंक लेकर तीसरे स्थान पर है जबकि न्यूजीलैंड दो जीत और दो हार के साथ छह अंक लेकर चौथे स्थान पर है। इस ग्रुप अर्जेंटीना तीन अंकों के साथ पांचवें और कनाडा खाता खोले बिना अंतिम स्थान पर है।
मंगलवार को गत दो बार के चैंपियन जर्मनी का मुकाबला न्यूजीलैंड से हालैंड का मुकाबला एशियाई शक्ति कोरिया से और कनाडा का मुकाबला अर्जेंटीना से होना है।
चोटी की दो टीमों के लिए हालैंड और जर्मनी प्रबल दावेदार हैं लेकिन वे कोरिया और न्यूजीलैंड को भी नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं। कोरिया को यदि सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें कायम रखनी है तो उसे हालैंड के खिलाफ बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी जोकि उसके लिए बेहद मुश्किल काम लगता है।
More on: Hockey, Pool a, Semifinal, hockey world cup-2010








कमेंट्स
0