मेलबर्न। आस्ट्रेलिया में तीन साल के भारतीय बच्चे गुरशान सिंह चन्ना को कार में अचेत हालत में छोड़कर चले जाने के आरोपी भारतीय नागरिक गुरसेवक ढिल्लन की मदद एक स्थानीय महिला ने की थी। बाद में गुरशान की मौत हो गई थी।
समाचार एजेंसी एएपी के अनुसार पुलिस का कहना है कि बीते गुरुवार की रात 12 बजे से तीन बजे के बीच ढिल्लन की मदद एक महिला ने की थी। पुलिस इस महिला से पूछताछ करना चाहती है।
उल्लेखनीय है कि मेलबर्न हवाई अड्डे के निकट वाइल्डवुड रोड पर गुरुवार रात गुरशान का शव बरामद किया गया था। उसके माता-पिता छुट्टियां बिताने यहां आए थे और वे लालोर इलाके में ठहरे थे।
अधिकारियों के मुताबिक ढिल्लन की कार का ईंधन खत्म हो गया था और इस दौरान महिला उसे पास के एक सर्विस स्टेशन तक अपनी कार से ले गई थी।
ढिल्लन के खिलाफ रविवार रात इस घटना के सिलसिले में मामला दर्ज किया गया। ढिल्लन पर आरोप है कि उसने गुरशान को अपनी कार में छोड़ दिया जबकि वह जीवित था। यह आरोपी उसी घर में रहता है जहां गुरशान के माता-पिता ठहरे हुए थे।
पुलिस इस मामले में अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। मेलबर्न में पुलिस ने गुरशान की मां हरप्रीत कौर चन्ना और पिता हरजीत सिंह से शुक्रवार रात पूछताछ की थी। दोनों ने अपने बच्चे की मौत के संदंर्भ में गुरुवार रात भी पुलिस में बयान दर्ज करवाए थे।
इस घटना के ठीक पहले बीते बुधवार को आस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री स्टीफन स्मिथ नई दिल्ली के दौरे पर आए थे। उन्होंने भारत दौरे पर स्वीकार किया था कि आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हुए कुछ हमले नस्लीय थे।








कमेंट्स
0