नई दिल्ली। मौजूदा चैम्पियन जर्मनी हीरो होंडा एफआईएच विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच गया है। जर्मनी ने सही मायने में विश्व चैम्पियन सरीखा प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को नेशनल स्टेडियम में खेले गए पूल-ए मुकाबले में न्यूजीलैंड को 5-2 से हराया।
लगातार तीसरी बार खिताब की रक्षा के लिए प्रयासरत जर्मनी की टीम के लिए क्रिस्टोफर मेनके ने 15वें मिनट में पहला गोल किया जबकि फ्लोरियन फुच्स ने 28वें मिनट में एक और गोल दागकर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। मैच का दूसरा गोल पेनाल्टी कार्नर के जरिए हुआ जबकि पहला फील्ड गोल था। मेनके ने फुच्स के पास पर ही गोल किया था।
मध्यांतर तक यही स्कोर रहा। मध्यांतर के बाद दोनों टीमों के बीच गोल करने के लिए जोरदार रस्साकशी चलती रही लेकिन अगले 11 मिनटों तक कोई टीम गोल नहीं कर सकी। 47वें मिनट में फिलिप विटे ने एक शानदार फील्ड गोल करके जर्मनी को एक और सफलता दिलाई। इस गोल के साथ जर्मनी ने 3-0 की बढ़त हासिल कर ली।
न्यूजीलैंड की टीम भी आसानी से हथियार डालने वाली नहीं थी। उसने तीन गोलों के अंतर से पिछड़ रहने होने के बावजूद मौजूदा चैम्पियन पर लगातार हमला जारी रखा। इसी की नतीजा था कि 51वें मिनट में शिया मैकालीस के स्टिक से एक शानदार गोल निकला और न्यूजीलैंड ने अपना पहला गोल कर दिया। यह गोल पेनाल्टी कार्नर के माध्यम से हुआ।
न्यूजीलैंड की टीम यहीं हार मानने वाली नहीं थी। उसने 54वें मिनट में एक और गोल करके जर्मनी की जान सांसत में डाल दी। कीवी टीम के लिए यह गोल निक विल्सन ने किया। यह फील्ड गोल था। अब स्कोर 2-3 हो चुका था। लगभग नौ मिनट तक दोनों टीमें गोल करने के लिए जूझती रहीं। 63वें मिनट में मोरित्ज फुत्से ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को 4-2 से आगे कर दिया।
इस गोल से जर्मनी का मनोबल इतना बढ़ा कि उसने एक मिनट बाद एक और गोल कर दिया। इस बार गोल करने की बारी टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी मथायस विथाउस की थी। मथायस ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में तब्दील कर अपनी टीम को 5-2 से आगे कर दिया।
इसके बाद जर्मनी की रक्षापंक्ति ने कीवी टीम को कोई और गोल करने का मौका नहीं दिया। पूल-ए में जर्मनी ने अपने पांच मैचों से 11 अंक जुटाए हैं जबकि इस हार के साथ न्यूजीलैंड के छह अंक रह गए हैं। जर्मनी ने एक भी मैच नहीं गंवाया है। उसे दक्षिण कोरिया के खिलाफ पहले ही मैच के अलावा हॉलैंड के साथ चौथे मैच में ड्रा खेलना पड़ा था।
उसने तीन मैचों में जीत हासिल की है। दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम को पांच मैचों में तीसरी हार का सामना करना पड़ा है। उसे कनाडा और दक्षिण कोरिया के खिलाफ जीत मिली थी जबकि अर्जेटीना, हालैंड और जर्मनी ने उसे हराया है।
More on: Germany, Defeat, New zealand, hockey world cup-2010








कमेंट्स
0