सिडनी। इंडोनेशिया के मशहूर पर्यटन स्थल बाली में वर्ष 2002 में हुए बम विस्फोटों के लिए कथित तौर पर बम बनाने वाले दुलमतिन को पुलिस के आतंकवाद विरोधी दस्ते ने जकार्ता में मार गिराया। राष्ट्रपति सुसिलो बाम्बेंग युधोयोनो ने बुधवार को इसकी पुष्टि की।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार आस्ट्रेलिया के दौरे पर पहुंचे युधोयोनो ने राजधानी कैनबरा में संसद भवन में अपने सम्मान में आयोजित दोपहर भोज में इसकी पुष्टि की। युधोयोनो ने भोज के दौरान कहा कि जकार्ता के बाहर एक सफल पुलिस छापे में दक्षिण-पूर्व एशिया का एक शीर्ष आतंकवादी दुलमतिन मारा गया।
इंडोनेशिया के नागरिक दुलमतिन (39 वर्ष) को अफगानिस्तान में अलकायदा ने प्रशिक्षित किया था। एक इंटरनेट कैफे पर मंगलवार को मारे गए छापे में उसे मार गिराया गया। बाली में वर्ष 2002 में हुए धमाकों में 202 लोगों की मौत हुई थी। मारे गए लोगों में अधिकांश पर्यटक थे, इनमें ऑस्ट्रेलिया के 88 नागरिक शामिल थे।








कमेंट्स
0