मुंबई। पुलिस भी ये मान रही है कि मुंबई में पिछले दो महीने में अंडरवर्ल्ड की सक्रियता काफी हद तक बढ़ी है।
भले ही वकील शाहिद आजमी की छोटा राजन के इशारे पर करवाई गई हत्या का मामला हो या फिर डी कंपनी द्वारा भिन्डी बाजार में खुले आम करवाई गई फॉयरिंग का मामला। अंडरवर्ल्ड दोबारा इसी फिराक में है कि अपनी धाक दिखाकर वो मुंबई के बिल्डरों और व्यापारियों से प्रोटेक्शन मनी ले सके। ठीक उसी तरह से जैसे 90 के दशक में हुआ करता था।
विदेशो में बैठे अलग-अलग कंपनियों के सरगनाओं को मुंबई में खुले आम घूम रहे उनके गुर्गे इस काम में सीधे मदद भी कर रहे है। बिल्डरों को धमकाने के मामले में डी कंपनी सबसे आगे है। वहीं एजाज लकड़ावाला, छोटा राजन और रवि पुजारी गैंग के भी कॉल्स लगातार आने लगे हैं।
भारत ही नहीं बल्कि दुनिया का सबसे खतरनाक अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम कासकर है। मुंबई के डोगरी इलाके में जन्मा और आठवीं तक पढ़ा दाऊद इन दिनों कहां है ये दुनिया की किसी भी जांच एजेंसी को नहीं पता। लेकिन इंटरपोल से लेकर आईबी और रॉ से लेकर सीबीआई सभी दाऊद को ढूढ़ रही है।
1993 में मुंबई में सिलसिलेवार बम धमाके करवाने के बाद से दाऊद ने संगठित आपराध का अपना काम अनीस इब्राहिम और छोटा शकील को दे दिया और खुद आईएसआई के साथ आतंकी गतिविधियों में जुट गया। लेकिन पिछले दो महीने से दाऊद खुद फोन कॉल्स कर मुंबई और दुबई के बिल्डरों से अपना बकाया मांग रहा है।
दाऊद की डी कंपनी का 1 हजार करोड़ से ज्यादा पिछले 1 साल में मंदी की भेट चढ़ गया। सूत्रों के मुताबिक मुंबई में नवंबर और दिसंबर 2009 में दाऊद ने कुछ बिल्डरों को खुद फोन कर अपने पैसे मांगे थे। उसके बाद जबसे रियल एस्टेट बाजार में तेजी आई है तबसे मुंबई के बिल्डरों को कई सरगनाओं के कॉल्स आने शुरू हो गए हैं। इनमें छोटा राजन, एजाज लकड़ावाला, रवि पुजारी,बंटी पान्डे, हेमंत पुजारी, संतोष शेट्टी यानि लगभग सबी गैंग के सरगनाओं के सक्रिय होने की खबर है।
मुंबई क्राइम ब्रांच में भी कई बिल्डरों ने ऐसे धमकी भरे फोन कॉल्स आने की शिकायत दर्ज करवाई है।
अंडरवर्ल्ड के जानकारों का भी यही कहना है कि जब-जब अंडरवर्ल्ड को कोई वैक्यूम या स्पेस मिलता है तभी गैंग के ये सरगना एक्टिव होते हैं। इन दिनों रियल एस्टेट बाजार में दोबारा आई तेजी और मुंबई में इन गैंगों के कई गुर्गो का जेल से बाहर आना ये एक ऐसा कॉम्बिनेशन है जिसके दम पर बिल्डरों, डेवलपरों और बुकियों तक को फोन कॉल्स आने का सिलसिला शुरू हुआ है।
डी कंपनी के जो बड़े नाम मुंबई शहर में जेल से छूटकर आने के बाद घूम रहे हैं उनमें इकबाल कासकर, तारीक परवीन, छोटा मुन्ना फाइनांसर, सलीम दयावान, छोटा राजन के खासमखास डी के राव, सलीम चिकना, काशीनाथ पासी सहित बंटी पांडे, रवि पुजारी और हेमंत पुजारी गैंग के कई नामचिन पुराने गैंगस्टर अपनी सजा काटकर बाहर आ गए है।
मुंबई में एक बार फिर अंडरवर्ल्ड के फोन की घंटी
पिछले एक दशक से शांत पड़ी मुंबई में एक बार फिर अंडरवर्ल्ड के फोन की घंटिया घनघनाने लगी है। जैसे-जैसे मुंबई का रियल इस्टेट मार्केट तेजी पकड़ रहा है प्रोटेक्शन मनी के लिए मुंबई के बिल्डरों और डेवलपरों को धमकी भरे फोन कॉल्स आने भी शुरू हो चुके हैं।
हालात ये है कि पिछले 2 महीने में ही मुंबई क्राइम ब्रांच में 14 से ज्यादा मामले ऐसे दर्ज हुए है जिसमें फिरौती के लिए जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायत दर्ज करवाने वालों में बिल्डरों के अलावा शहर के नामचिन बुकी, व्यापारी और हवाला कारोबारी शामिल है।
आईबीएन7 के पास ऐसे दो धमकियों की ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है जिसमें धमकी देने वाला खुद को एजाज लकड़ावाला और छोटा शकील बता रहा है। फिरौती के साथ ही कई अंडरवर्ल्ड सरगना बिल्डरों को अपने बकाए पैसे देने को लेकर भी धमका रहे हैं। पिछले साल आई मंदी के बाद हालात ऐसे हो गए कि दिसंबर 2009 में खुद दाऊद को भी मुंबई के कई बिल्डरों को फोन करना पड़ा। इसी के बाद मुंबई में अंडरवर्ल्ड का कॉल आना दोबारा शुरू हो गया।
छोटा शकील का गुर्गा- 25 रुपए पहुंचाया क्यों नहीं।
विक्टिम बिल्डर- कौन से 25 रुपए, 25 रुपए यानी क्या।
छोटा शकील का गुर्गा- बोरीवली में रहता है ना बे तू।
विक्टिम बिल्डर- नहीं भाई कांदीवली में।
छोटा शकील का गुर्गा- ....में गोली डालू क्या तेरे। अजय (......) के यहां 25 रुपए भिजवा दे जल्दी। मैं खुल के नहीं
बोलूंगा।..... में गोली डालूंगा।
मुंबई के लगभग हर तीसरे बिल्डर के मोबाइल फोन की घंटी लगातार बज रही है। लेकिन कॉल करने वाला कोई साधारण ग्राहक नहीं बल्कि भाई है। जी हां भाई यानी अंडरवर्ल्ड का डॉन। प्रॉपट्री बाजार में आए बूम के बाद मुंबई में अंडरवर्ल्ड के फोन कॉल्स दुबारा आने शुरू हो गए है। अंडरवर्ल्ड डॉन बिल्डर से हर प्रोजेक्ट पर प्रोटेक्शन मनी मांग रहे है। यानि जिंदा रहना है तो हिस्सा दो।
जो बिल्डर या डेवलपर इन धमकियों से डर जा रहे हैं वो चुपचाप डॉन द्वारा मांगी गई रकम हवाला के जरिए दुबई, बैंकॉक, यूके या मलेशिया भाई के पास पहुंचा भी रहे हैं और जो नहीं डर रहे वो सीधे पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने जा रहे हैं। कई बिल्डरों ने तो अपने मोबाइल और लैंडलाइन फोन पर रिकॉर्डिंग सिस्टम ही लगवा लिया है और साथ ही ऑफिस, घर में सीसीटीवी कैमरे भी।
ऐसे में सवाल ये है कि देश के सबसे बड़े रियल एस्टेट मार्केट मुंबई को क्या एक बार फिर अंडरवर्ल्ड ने अपने टारगेट पर रख लिया है। पिछले दो महीने में मुंबई के कई नामचिन बिल्डरों, बुकियो, हीरा व्यापारियों और डेवलपरों को फिरौती मांगने वाले धमकी भरे फोन आए हैं। धमकी देने वालों में खासकर डी कंपनी,एजाज लकडावाल कंपनी,सीआर कंपनी,रवि पुजारी गैग और हेमंत पुजारी गैंग के फोन कॉल्स सबसे ज्यादा आ रहे हैं। छोटा शकील की तरह ही एजाज लकड़ावाला के नाम पर भी बिल्डरों को जमकर फिरौती के लिए फोन काल्स आ रहे हैं।
एजाज लकड़ावाला- हैलो....
विक्टिम बिल्डर- हैलो कौन....
एजाज- एजाज बोल रहा हू...
विक्टिम- कैन एजाज....
एजाज- एजाज बोल रएला हू...
विक्टिम- कौन लकडे़वाला...
एजाज- 1 सीआर गुडलक पहुंचा दो। अपने वाले हो इसलिए बता रहे हैं।
विक्टिम बिल्डर- मेरे रिलेशन में छोटे बड़े सभी लोग है...
एजाज लकड़ावाला- अपन तो किसी की भी सुनते नहीं है। किसी भी छोटे या बड़े से पूछो अपन के बारे में वो यही कहेगा कि साला सर्किट है। इसलिए बोल रएला हूं अपने वाले हो ईदी दे दो।
विक्टिम बिल्डर- आप तो मेरे से बड़े हो ईदी तो आपको देना चाहिए भाई। अपुन लोग ना किसी से लेते हैं ना देते हैं। कोई और काम हो बताएं भाई।
एजाज- कोई मुश्किल नहीं। अपनी तरफ से फोन आया। नहीं दोगे तो रिश्ता बदल जाएगा। आपके हालात बदलवा देगें।
पुलिस और सरकार भी मान रही है कि फोन कॉल्स आ रहे हैं लेकिन हर कॉल अंडरवर्ल्ड सरगना का है ये कहना मुश्किल है। कई बार छोटे मोटे गुर्गे भी बड़े सरगनाओं का नाम लेकर फोन कॉल्स करने फिरौती वसूलने की कोशिश करते हैं। इसलिए हम हर कॉल्स पर बारीकी से नजर रखते हैं। उनका ये भी कहना है कि जो भी पुलिस के पास आ रहा है उसे पूरी सुरक्षा दी जा रही है। पुलिस हर कॉल को गंभीरता से ले रही है।
मुंबई में अंडरवर्ल्ड की सक्रियता की वजह
मुंबई में अंडरवर्ल्ड की सक्रियता के पीछे पुलिस एक वजह ये भी मान रही है कि इन दिनों कई ऐसे पुराने गैंगस्टर है जो मुंबई में कोर्ट में अपने सारे केस क्लीयर करवा कर सफेद पोश बनकर बैठ गए हैं। इनमें दाऊद का सगा भाई इकबाल कासकर, डी कंपनी का खासमखास रह चुका तारीक परवीन, आशीफ बेग, छोटा राजन का खासमखास डी के राव, सलीम चिकना और बंटी पांडे, रवि पुजारी, हेमंत पुजारी और एजाज लकड़ावाला के कई गुर्गे अपनी सजा पूरी कर या केस खत्म कर शहर में खुलेआम घूम रहे हैं। वैसे पुलिस का ये भी कहना है कि इतने पुराने अपराधियों पर उनकी नजर 24 घंटे नजर बनी हुई है।












कमेंट्स
0