नई दिल्ली। हॉकी विश्वकप में पाकिस्तान के शर्मनाक प्रदर्शन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए टीम के सभी 18 खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने की आज घोषणा कर दी।
पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) के मीडिया मैनेजर शहजाद मलिक ने कहा कि टीम के सभी 18 खिलाड़ियों ने विश्वकप में हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने की घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि चार बार का विश्व चैंपियन पाकिस्तान मौजूदा विश्वकप में 12वें स्थान पर रहा। स्थान निर्धारण मैच में कनाडा ने आज उसे यहां 3-2 से शिकस्त दी। विश्वकप के इतिहास में पाकिस्तान का यह अब तक सबसे खराब प्रदर्शन है।
टीम के कप्तान जीशान अशरफ ने कहा कि हम पीएचएफ और अपने अवाम की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। इसलिए सभी खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने का फैसला किया है। हम भविष्य में पीएचएफ की किसी भी तरह की मदद लिए तैयार हैं।
पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ी इस प्रकार हैं:-
सलमान अकबर, सोहेल अब्बास, सज्जाद अनवर, मोहम्मद इमरान, वसीम अहमद, मोहम्मद इरफान, मोहम्मद राशिद, फरीद अहमद, जीशान अशरफ (कप्तान), मोहम्मद रिजवान, अब्दुल हाशिम खान, नासिर अहमद, अख्तर अली, सैय्यद अब्बास हैदर, रेहान बट्ट, मोहम्मद उमर भुट्टा, मोहम्मद जुबैर और शकील अब्बासी।
इस बीच पीएचएफ ने विश्वकप में शर्मनाक प्रदर्शन के मद्देनजर टीम प्रबंधन और राष्ट्रीय चयन समिति को आज भंग कर दिया। पाकिस्तानी अखबार ‘द नेशन’ के मुताबिक पीएचएफ के अध्यक्ष कासिम जिया ने विश्वकप में टीम के शर्मनाक प्रदर्शन के बाद टीम प्रबंधन और राष्ट्रीय चयन समिति को भंग कर दिया।
बर्खास्त किए गए अधिकारियों में मैनेजर आसिफ बाजवा, कोच शाहिद अली खान, सहायक कोच शफाकत मलिक और चयन समिति के अध्यक्ष हसन सरदार तथा चयनकर्ता राणा मुजाहिर अली, खालिद बशीर, फरहत खान और मोहम्मद शफीक शामिल हैं।
जिया ने कहा कि टीम की वतन वापसी के बाद पीएचएफ अपनी कार्यकारी समिति की बैठक बुलाएगी और इस शर्मनाक प्रदर्शन के कारणों की जांच की जाएगी। उन्होंने साथ ही स्पष्ट किया कि बाजवा पीएचएफ के सचिव पद पर बने रहेंगे।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: Pakistan, Team, Retirement, hockey world cup-2010








कमेंट्स
1