नई दिल्ली। महिला आरक्षण पर समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने पलटी मार दी है। आईबीएन7 से एक्सक्लूसिव बातचीत में अब मुलायम सिंह यादव ये कह रहे हैं कि लोकसभा और विधानसभा में नहीं बल्कि पार्टियों के टिकट बंटवारे में महिला आरक्षण होना चाहिए।
आईबीएन7 से एक्सक्लूसिव बातचीत में मुलायम सिंह इस बात से एक सिरे से पलट गए कि उन्होंने महिला आरक्षण बिल में अल्पसंख्यकों, दलितों और पिछड़ों के लिए कोटा की मांग की थी। मुलायम सिंह का कहना है कि वो महिला आरक्षण के कतई विरोधी नहीं हैं लेकिन अब उन्होंने महिला आरक्षण पर नई ढपली बजानी शुरू कर दी है।
आईबीएन7 से एक्सक्लूसिव बातचीत में मुलायम सिंह का कहना था-आरक्षण के पक्ष में हम हैं लेकिन ये 20 फीसदी से ज्यादा नहीं होना चाहिए। वो भी विधानसभाओं और संसद में नहीं बल्कि पार्टियों के टिकट बंटवारे में आरक्षण दिया जाए। जो भी पार्टी टिकट बंटवारे में इसका पालन न करे उसकी मान्यता रद्द कर दी जाए।
इससे पहले मुलायम, लालू और शरद यादव लगातार ये कहते आ रहे हैं कि महिला आरक्षण का समर्थन वो तभी करेंगे जब इस बिल में अल्पसंख्यकों, पिछड़ों और दलितों को भी आरक्षण दिया जाए। लेकिन आईबीएन7 से बातचीत में मुलायम ने कहा कि उन्होंने कभी भी कोटा में कोटा की बात नहीं की। ये उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है।
(मुलायम से खास बातचीत खबर में लगे वीडियो में देखें।)
More on: women reservation, mulayam, ticket








कमेंट्स
0