IBN7 IBN7

[+] 193 और खबरें

नोटों की माला की आड़ में सियासत, विरोधी एकजुट

Posted on Mar 17, 2010 at 05:05pm IST | Updated Mar 18, 2010 at 08:41am IST

Email
Print

लखनऊ। माया ने फिर पढ़ा नोट मंत्र। धारण किए रंग-बिरंगे नोट। फिर प्रकट हुईं जनता के सामने और पहना कार्यकर्ताओं का प्रेम। नोटों की पुरानी माला से लगी आग अभी बुझी नहीं कि दूसरी माला सामने आ गई। सब कुछ एक दिन पहले जैसा लगा जैसे एक्शन रीप्ले हो। वैसा ही मंच, वैसे ही समर्थक, वैसी ही नोटों की माला, वैसे ही हाथ हिलाकर उसी मुस्कुराहट से माला पहनती मायावती।

पहले की माला में हजार हजार के करारे नोट थे। सो रंग लाल था। लेकिन इस माला में तरह-तरह के नोट थे लिहाजा ये रंग-बिरंगी थी। मायावती की ये जवाबी माला अपनी अकड़ में, अपनी धौंस में विरोधियों को करारा जवाब है।

बीएसपी का सिद्धांत है कि ‘नोट में कोई खोट नहीं, ये नोट गरीब को अमीर बनाता है।’ लिहाजा अगर मायावती नोटों की माला पहनती हैं तो उनका समर्थक हर दलित वोटर भी नोटों की ताकत को फक्र से देखता है। पार्टी मानती है कि अपने नेताओं को दौलत से तौलना, उन्हें नोटों की माला पहनाना बीएसपी का पुराना तरीका है। 25 साल में पार्टी इसी तरीके से लंबा सफर तय कर पाई।




दो दिन से मायावती की माला पर बवाल चल रहा है। संसद से सड़क तक तूफान उठ रहा है। मायावती ने अपनी पार्टी के सांसदों और विधायकों की बैठक बुलाई। लगा कि शायद पहली माला पर सफाई दें। शायद माया की असली कीमत का खुलासा कर दें, या शायद मुलायम सिंह यादव को खरी खरी सुना दें जिन्होंने माला की कीमत 51 करोड़ आंकी थी। लेकिन बैठक के बाद एक दूसरी नोटों की माला मायावती का इंतजार कर रही थी।

दरअसल बीएसपी ने विपक्ष की कमजोर नस पकड़ ली है। उसे पता है कि विरोध जितना बड़ा होगा समर्थकों पर पकड़ उतनी ही मजबूत होगी। माला पर बवाल जितना बढ़ेगा असल मुद्दों से ध्यान उतना ही बंटेगा। लिहाजा वो अपने विरोधियों को चिढ़ा रही है, ललकार रही है। ऐसे में नियम, कायदे, कानून और नैतिकता की परवाह भला किसको है।

कितने की है माया की ये माला

माया की माला में कितने नोट। कितने की है माया की ये माला। 21 लाख, 5 करोड़, 21 करोड़ या 51 करोड़ ये सवाल सब को मथ रहा है। लेकिन सवाल ये भी उठ रहे हैं कि आखिर ये माला कैसे बनी। किसने बनवाई, किससे बनवाई। इसे बनाने में कितने नोट लगे। माया की माला पर बवाल होने के बाद इस माला का क्या हुआ।

बीएसपी सूत्रों के मुताबिक माया को महारैली में करीब 1 मिनट के लिए पहनाई गई इस माला को बनाने में एक हफ्ते लगे।

माया को पहनाई गई नोटों की माला को बैंगलोर की माला फैक्ट्री के कारीगरों ने बनाया। बैंगलोर से खास इन कारीगरों को लखनऊ बुलाया गया। इन्हें नोटों की माला बनाने में महारत हासिल है।

सूत्रों के मुताबिक मायावती की इस माला का डिजाइन थाइलैंड में बनने वाले माला के डिजाइन की तरह है। बीएसपी सूत्रों के मुताबिक पहले माला का पेपर मॉडल बनाया गया और उसे पार्टी के सीनियर नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी और बाबू सिंह कुशवाहा को दिखाया गया। जब उन्हें माला पसंद आई तब जाकर नोटों की माला बनी।

दूर से देखने में ये माला फूलों की माला कैसे लगी

सवाल उठता है कि आखिर दूर से देखने में ये माला फूलों की माला कैसे लगी। इसके लिए नोट के सफेद किनारों को रंगा गया ताकि दूर से माला का रंग एक सा दिखे। फूलों की तरह लगे।

माया को भी माला पसंद आई। लिहाजा महारैली में उन्हें पहनाए जाने के बाद फौरन नोटों की इस माला को पजेरो कार में रखकर सीधा मुख्यमंत्री आवास भेज दिया गया।

वापस नोटों की शक्ल देने में 12 घंटे लगे

महारैली में माया की माला का राज जब खुला तो विपक्ष ने हंगामा खड़ा कर दिया। फौरन माला को पार्टी हेडक्वॉर्टर भेज दिया गया। जहां ये माला माया की फाइनेंस कमेटी के खास लोगों की देखरेख में है। उन 4 लोगों को माला तोड़ने में लगाया गया जिन्होंने इसे बनाया था।

सूत्रों के मुताबिक माला को तोड़ने और वापस नोटों की शक्ल देने में करीब 12 घंटे लगे। इस काम में 4 कारीगरों के अलावा और 12 लोग लगे। यानी कुल 16 लोगों ने मिलकर मंगलवार शाम से रात भर में माला से नोटों को अलग किया। इस बात का खास ख्याल रखा गया कि नोट ठीक से निकाले जाएं, वो फटें नहीं। फिर मुड़े हुए नोटों को सीधा किया गया और बंडल बनाया गया।

भारी चीज से नोटों को दबाया गया। वापस करारा करने के लिए प्रेस किया गया। फिर नोट गिनने की मशीन के जरिए उन्हें गिना गया और गड्डियां बना दी गईं। इन्हें किस बैंक अकाउंट में जमा किया जाएगा। फिलहाल ये पता नहीं है। लेकिन बीएसपी के सूत्र ये जरूर कह रहे हैं कि माला सिर्फ 21 लाख की ही थी।

माला बनाने में कितने नोट लगे

आईबीएन7 को माया के नोटों के मामले में एक अहम सुराग हासिल हुआ है। माला में लगे नोटों के सीरीज के नंबर पता चले हैं। ये सभी नोट हजार हजार नए और एकदम कड़क हैं।

सोमवार को बीएसपी की मेगा रैली में मायावती को पहनाई गई माला के में गुथें इन नोटों का सीरियल नंबर। नोटों के सीरियल नंबर हैं 9AV : 410249... 9AV 416623.. 9AV 416663.... ...9 AV 416115.... 9AV 416611.... 9AV 416755।

करीब 16 फुट लंबी इस माला में हजार-हजार के जिन नोटों का इस्तेमाल हुआ है वो सभी 9AV सीरिज के हैं। जिसकी शुरूआत 4 के अंक से होती है। सभी नोट एक साथ एक ही सीरीज से लिए गए। फिर इन्हें माया की माला में पिरोया गया है।

ऐसे में कई कई सवाल उठते हैं। जिसका पहला छोर रिजर्व बैंक आफ इंडिया है।

सवाल नंबर-1

आखिर रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने 9AV सीरिज के हजार-हजार के नोट किस राज्य में भेजे।

सवाल नंबर-2

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने उस प्रदेश के किस शहर में ये नोट भेजे।

सवाल नंबर-3

उस शहर के किस बैंक की करेंसी चेस्ट को 9AV की सीरीज भेजी गई।

जैसे ही इन सवालों के जवाब मिल जाएंगे खुद-ब-खुद साफ हो जाएगा कि करेंसी चेस्ट ने अपने बैंक कि किस शाखा को ये नोट जारी किए। उस बैंक के रिकॉर्ड खंगालने से साफ हो जाएगा कि आखिर किस ग्राहक को ये नोट दिए गए। क्योंकि इतनी भारी संख्या में नए और करारे नोट एक साथ एक ग्राहक को देने का रिकॉर्ड बैंक के पास सौ फीसदी होता है।

साथ ही पांच लाख से ज्यादा की नकद निकासी पर आयकर विभाग की नजर होती है। नियमों के मुताबिक ये लेखा-जोखा बैंक के पास हर हाल में होगा।

माया ने फिर पहनी नोटों की माला

माया ने फिर पहनी नोटों की माला। लेकिन 17 मार्च और 15 मार्च की मालाओं में अंतर है। 15 मार्च को लखनऊ में बीएसपी की 25वीं वर्षगांठ पर महारैली में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मायावती को नोटों की माला पहनाई। दूर से देखने में फूलों की माला लग रही थी। जब विपक्ष की नजर नोटों की माला पर पड़ी तो उसने हंगामा मचा दिया।

17 मार्च को मायावती ने विरोधियों के विरोध को नीचा दिखाने के लिए फिर नोटों की माला पहनी। लेकिन इन दोनों मालाओं में फर्क है। हालांकि दोनों मालाएं नोटों से बनी हैं लेकिन 15 मार्च को पहनाई गई माला 1000-1000 के करारे नोटों से बनी थी।

जबकि 17 मार्च को पहनाई गई माला 100, 500, 1000 के मिले जुले नोटों से बनी थी।

हालांकि दोनों मालाओं में कई समानताएं भी हैं। मसलन दोनों नोटों की माला है। दोनों मालाओं में नोट गूंथे गए हैं। दोनों की लंबाई 16 फीट है। दोनों मालाओं का वजन करीबन एक है।

लेकिन कई फर्क भी हैं। 15 मार्च वाली माला में सभी नोट नए थे, एक सीरीज के थे। लेकिन 17 मार्च वाली माला में अलग अलग नोट थे। सारे नोट बिल्कुल करारे नहीं थे।

विपक्ष के नेताओं की जुबान पर चढ़ी माया की माला

विवादों की माला मायावती के गले से होते हुए विपक्ष के नेताओं की जुबान पर चढ़ गई। इस तरह चढ़ी कि न तो माया के गले से उतरने का नाम ले रही है। विपक्षी नेताओं की जुबान से 15 करोड़ी माला का अध्याय खत्म भी नहीं हुआ कि 18 लाख की माला ने उसकी जगह ले ली। सो विपक्ष का पसंदीदा वाक्य फिर गूंजा। दलित की बेटी नहीं दौलत की बेटी।

कांग्रेस ने मायावती के खिलाफ मनी लॉन्डरिंग एक्ट लगाने की मांग की। साफ है, कांग्रेस बीएसपी की ये दलील मानने को तैयार नहीं कि माला के नोट कार्यकर्ताओं के हैं।

इसलिए वो जानना चाहती है कि ये नोट कहां से आए। किसके जरिए आए, और कहां गए।

पार्टी का तो ये भी आरोप है कि ये मायावती का काला पैसा है जिसे माला में गूंथकर सफेद कर दिया गया है।

ये माला अब केवल नोटों की नहीं रही ये माला अब दंभ, घमंड और ताकत-तिकड़म की माल भी बन गई है।

भले ही इस माला से रिजर्व बैंक की क्लीन नोट पॉलिसी की धज्जियां उड़े। भले ही ये माला देश के मेहनतकशों का मजाक उड़ाए लेकिन सियासी मकसद से ये माला नोटों से गुंथती रहेगी। सियासी मकसद से इस पर विवाद भी चलता रहेगा।


(अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!)

IBNKhabarMore on: Mayawati, Money, Garland



पिछली खबर
झारखण्ड: छात्राओं को मिलेंगी फ्री साइकिलें
अगली खबर
बैंक एजेंट की गुंडागर्दी से शख्स ने खुदकुशी की

IBN7IBN7
IBNLiveIBNLive
IBNLive IBNLive

कमेंट्स

2

  
अपना कमेंट भेजें

नाम *

 

सिटी *

ईमेल *

     

कमेंट्स *


IBN7IBN7
IBN7

देश में ये भी

पति-पत्नी से बनता है एक परिवार, तो संपत्ति में मिले बराबर हक

योजना आयोग से जुड़ी एक कमेटी ने ऐसा कानून बनाने की सिफारिश की है जिससे परिवार की संपत्ति में पति-पत्नी को बराबर का हिस्सेदार माना जाए। तलाक होने पर सारी संपत्ति दोनों के बीच बराबर-बराबर बांट दी जाए। 17:13 PM, Feb 07, 2012

फलक की मां के बाद बहन को भी पुलिस ने ढूंढ निकाला

दिल्ली पुलिस ने फलक की मां के बाद मंगलवार को उसकी बहन सनोवर को भी ढूंढ निकाला है। दिल्ली पुलिस ने फलक की बहन को बिहार के मुजफ्फरपुर से ढूंढ निकाला है। 16:35 PM, Feb 07, 2012

आम बजट 16 मार्च को पेश होगा, रेल बजट 14 मार्च को

संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल ने सरकार की ओर से आज बजट तारीखों का ऐलान कर दिया। उन्होंने बताया कि 14 मार्च को रेल बजट पेश होगा और आम बजट 16 मार्च को। 12 मार्च से बजट सत्र की शुरुआत हो जाएगी। 13:58 PM, Feb 07, 2012

वेबसाइटें 15 दिन में आपत्तिजनक कंटेंट हटाएं: अदालत

दिल्ली की एक अदालत ने आज गूगल, फेसबुक, याहू आदि 21 प्रमुख इंटरनेट साइटों और सर्च इंजन को निर्देश दिया कि वे 15 दिन के अंदर अपनी प्रणाली से आपत्तिजनक सामग्री हटा दें। 17:20 PM, Feb 06, 2012
IBN7