नई दिल्ली। फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में बुधवार को खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) एक मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली के जीत का अभियान रोक दिया है। सचिन की सेना ने डेयरडेविल्स को उनके ही घर में हरा दिया है।
जीत के लिए 219 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डेयरडेविल्स की शुरुआत तो अच्छी रही लेकिन सलामी बल्लेबाज दिलशान के आउट होते ही पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। कप्तान गंभीर चोट के चलते अंत तक बल्लेबाजी करने नहीं उतरे।
इससे पहले दिल्ली डेयर डेविल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। चौथे ओवर में उसका पहला विकेट दिलशान के रूप में गिरा। दिलशान ने 12 गेंदों में तीन चौके की मदद से 17 रन बनाए।
इसके बाद छठे ओवर में उसके दो विकेट गिर गए। वीरेंद्र सहवाग 16 गेंदों में चार चौके की मदद से 26 रन और एवी डिविलियर्स 11 गेंदों में दो चौके की मदद से 11 रन बनाकर आउट हो गए।
दिनेश कार्तिक नौवें ओवर में छह गेंदों में तीन चौके की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 10वें ओवर में मिथुन मन्हास (1) का विकेट गिरा। महारुफ 12वें ओवर में आउट हुए। उन्होंने 18 गेंदों में दो चौके और दो छक्के की मदद से 28 रन बनाए। इसके बाद अमित मिश्रा तीन रन और सांगवान चार रन बनाकर आउट हुए।
मुंबई की ओर से ब्रावो और जयसूर्या ने दो-दो विकेट हासिल किए। मलिंगा, पोलार्ड और हरभजन सिंह को एक-एक विकेट मिला।
मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए। मुंबई की ओर से कप्तान सचिन तेंदुलकर ने 63, सौरभ तिवारी ने 61 और अंबाती रायडू ने 34 रनों का योगदान दिया।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस पहला विकेट सनथ जयसूर्या के रूप में गिरा। वह सात रन बनाकर आउट हुए। मुंबई का दूसरा विकेट सातवें ओवर में एपी तारे (17) का गिरा। 11वें ओवर में आउट होने वाले सचिन तेंदुलकर 32 गेंदों में 11 चौके की मदद से 63 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद अंबाती रायडू ने 21 गेंदों में एक चौके और तीन छक्के की मदद से 34 रन बनाए। इसके बाद सौरभ तिवारी 37 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 61 रन बनाकर रन आउट हो गए। ब्रावो नौ रन और पोलार्ड 10 रन बनाकर आउट हुए।
दिल्ली डेयर डेविल्स की ओर से महारुफ और लड्डा को दो-दो विकेट मिले। प्रदीप सांगवान और अमित मिश्रा को एक-एक विकेट मिला।
आईपीएल के तीसरे संस्करण में गौतम गंभीर की कप्तानी वाली दिल्ली डेयर डेविल्स की टीम का यह तीसरा और सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में खेल रही मुंबई इंडियंस का दूसरा मैच है।
दिल्ली की टीम अपने दोनों मुकाबले जीत चुकी है जबकि मुंबई की टीम को भी अब तक खेले गए अपने एकमात्र मुकाबले में जीत मिली है।
मुंबई की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को हराया था जबकि दिल्ली की टीम किंग्स इलेवन पंजाब और राजस्थान रॉयल्स को पराजित कर चुकी है।
More on: ipl, Delhi, Mumbai, IPL-3








कमेंट्स
0