भुवनेश्वर। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के अंतर्राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण तोगड़िया प्रशासन द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद शुक्रवार को उड़ीसा के दंगा प्रभावित कंधमाल जिले का दौरा करेंगे। विहिप के एक नेता ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
विहिप के राज्य इकाई के सचिव गौरी प्रसाद रथ ने बताया कि हमारी योजना में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि तोगड़िया और कई अन्य नेता शुक्रवार को न केवल कंधमाल पहुंचेंगे बल्कि वे जिले में पूरी रात भी गुजारेंगे।
दूसरी तरफ, जिला प्रशासन को इस बात का डर सता रहा है कि तोगड़िया के कंधमाल दौरे से क्षेत्र में शांति भंग हो सकती है। कंधमाल में वर्ष 2008 में 23 अगस्त को विहिप की केंद्रीय समिति के सदस्य स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की हत्या के बाद भड़की सांप्रदायिक हिंसा में कम से कम 38 लोगों की मौत हो गई थी।
पुलिस का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा एक सूचना जारी की गई है जिसमें विहिप महासचिव तोगड़िया और अन्य नेताओं के जिले में प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
जिले के पुलिस अधीक्षक एस.प्रवीण कुमार ने बताया कि हम स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है।








कमेंट्स
0