नई दिल्ली। फिल्म '3 इडियट्स' करीब 400 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड व्यवसाय करने के बाद हिंदी सिनेमा की सबसे अधिक व्यवसाय करने वाली फिल्म बनने जा रही है लेकिन अभिनेता बोमन ईरानी कहते हैं कि फिल्म को अभी भी अपनी असली परीक्षा देना है।
बोमन ने मुंबई से फोन पर एक साक्षात्कार में कहा कि 3 इडियट्स' के प्रति उत्साह कभी भी कम नहीं होगा। फिल्म को काफी पसंद किया गया है लेकिन अभी इसे सफलतम फिल्म कहना जल्दबाजी होगी। फिल्म की असली परीक्षा यह नहीं है कि यह कितना व्यवसाय करती है लेकिन देखना यह है कि क्या लोग 10 साल बाद भी इस फिल्म का उदाहरण देते हैं या फिल्मों की चर्चा में इसका जिक्र करते हैं।
उन्होंने कहा कि बहुत कम फिल्में लोगों की याददाश्त में जगह बना पाती हैं। ये कुछ बेहतरीन फिल्में होती हैं। वह कहते हैं कि उम्मीद है कि '3 इडियट्स' भी इन बेहतरीन फिल्मों में शामिल हो सकेगी लेकिन इसके लिए कुछ सालों का इंतजार करना होगा।
विधु विनोद चोपड़ा के निर्माण और राजकुमार हीरानी के निर्देशन में बनी '3 इडियट्स' में बोमन के अलावा आमिर खान, आर. माधवन, शरमन जोशी और करीना कपूर ने भी अभिनय किया है।
प्रख्यात फिल्मकार श्याम बेनेगल के निर्देशन में बनी बोमन अभिनीत फिल्म 'वेल डन अब्बा' सिनेमाघरों में प्रदर्शन के लिए तैयार है।








कमेंट्स
0