अहमदाबाद। पूरे देश की नजर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ है। गुजरात दंगों के मामले में आज एसआईटी को मोदी से पूछताछ करनी है। कई दिन पहले ही इसके लिए एसआईटी ने उन्हें समन भेजा था लेकिन सूत्रों की मानें तो मोदी की तरफ से न तो कोई जवाब आया है और न ही पेशी के दौरान उनके मौजूद रहने की कोई संभावना है।
पहली बार अहमदाबाद की गुलबर्ग सोसाइटी हत्याकांड में मोदी से आज पूछताछ होनी है। इस हत्याकांड में कांग्रेस के पूर्व सांसद एहसान जाफरी को जिंदा जला दिया गया था। उनकी सोसाइटी में आग लगा दी गई थी और कुल 69 बेगुनाह लोग धर्म की सूली पर टांग दिए गए थे। इस केस की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने नरेंद्र मोदी को समन भेजा है।
सवाल ये है कि क्या गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी एसआईटी के सामने हाजिर होंगे, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मोदी के आज एसआईटी के सामने पेश होने की संभावना बेहद कम है। क्योंकि एसआईटी को अब तक मुख्यमंत्री कार्यालय से कोई जानकारी नहीं मिली है। खुद एसआईटी के मुखिया आरके राघवन के मुताबिक मोदी की तरफ से उन्हें कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है और ये सब तब हो रहा है जब खुद सरकार ने ये दावा किया था कि वो गुजरात दंगे मामले में हर तरह से सहयोग करेगी।
वैसे मोदी एसआईटी के सामने हाजिर होते हैं या नहीं इस पर पूरे देश के साथ-साथ कानूनविदों की भी नजर है क्योंकि एसआईटी सीधे सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश पर जांच का काम कर रही है जिसमें जाकिया ने मुख्यमंत्री समेत 63 लोगों के खिलाफ बेहद संगीन इल्जाम लगाए हैं। एसआईटी अपनी जांच रिपोर्ट 30 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट के सामने पेश करेगी और इससे पहले उसे कई सफेदपोशों के अलावा मोदी का हिसाब किताब भी तैयार रखना होगा।








कमेंट्स
0