मारुति की पहली लग्जरी कार है ‘किजाशी’
Posted on Feb 07, 2011 at 02:55pm IST | Updated Feb 08, 2011 at 02:09pm IST
नई दिल्ली। मारुती सुजूकी अब आम आदमी के साथ साथ ख़ास लोगों के लिए भी कार बनाने लगी है। मारुती अपनी नयी किजाशी के जरिए लग्जरी सेगमेंट में उतर गई है। हाल ही में लॉन्च हुई किजाशी में 2.4 लीटर का पेट्रोल इंजन लगा है जिसे मैन्यूअल के साथ ऑटोमैटिक वर्जन में भी लांच किया गया है।
किज़ाशी का मतलब है अच्छी चिज़ों के आने का संकेत। अब तक मारुति लग्जरी सेडान गाड़ियों की भीड़ से दूर थी, लेकिन किज़ाशी के ज़रिए मारुति सुजुकी यह साबित करना चाहती है कि वह लग्ज़री कारें भी उतनी ही खूबसूरती से बना सकती है, जैसे छोटी कारें।
शंशाक श्रीवास्तव (चीफ मार्केटिंग मैनेजर) का कहना है कि इसे बनाने के लिए काफी मेहनत की गई है। ये कार A5 सेगमेंट की कार है। कहीं से भी निराश नहीं करेगी। किज़ाशी दिखने में SX4 और डीजाइर से मेल खाती है। कार की खासियत है इसका बाहरी डिज़ाइन। खासकर इसका क्रोम फिनिशिंग फ्रंट ग्रिल। जिसपर कड़ी मेहनत की गई है। भारतीय सड़कों के हिसाब से इसका ग्राउंट क्लियरेंस 145 मिलीमीटर है। किज़ाशी में 2.4 लीटर का जे सीरीज पैट्रोल इंजन है। जो कार को तकरीबन 178 BHP की ताकत देता है और वो भी 6,500 Rpm पर। किज़ाशी में मैन्युअल के साथ ऑटोमेटिक गीयर ट्रांसमिशन का भी ऑप्शन है। मैन्युअल में 6 स्पीड ट्रांसमिशन है, जबकि ऑटोमेटिक में कन्टिन्यू वैरिएबल ट्रांसमिशन और पैडल शिफ्ट गियर की सुविधा है। सबसे अहम बात कि कंपनी 1 लीटर में 12 से 13 किमी. माइलेज का दावा कर रही है।
किज़ाशी का इंटीरियर बेहद खूबसूरत है। इसमें वो तमाम फीचर्स देने की कोशिश की गई है, जो इस सेगमेंट की कार में देखने को मिलते हैं, लेकिन ऐसा कुछ नया नहीं है, जिसे देखकर कोई हैरानी हो। इसमें जो एक कमी खल रही है वो ये कि अक्सर इस सेगमेंट की कारों में रिवर्स पार्किंग सिस्टम और एलसीडी मिल जाते हैं, लेकिन इस कार में ये फीचर नहीं हैं। मनोरंजन के लिए 7 स्पीकर ऑडियो सिस्टम है, इसमें ब्लूटूथ का ऑप्शन नहीं है। किजाशी पहली मारुति कार है जिसमें की लेस एंट्री और पुश स्टार्ट-स्टॉप बटन दिया गया है। कार का स्टेयरिंग व्हील मल्टीफंक्श्नल है, जिसपर ऑडियो कंट्रोल, क्रूज़ कंट्रोल के साथ पैडल शिफ्ट नॉब्स लगे है। किज़ाशी स्पेस के मामले में बेहतर है। 6 फीट आदमी के लिए भी कार में हेड रूम और लेग रूम अच्छा खासा है। कार की सीट्स आरामदेह और इलैक्ट्रोनिक एडजस्टेबल हैं। इस सेगमेट की कार में पीछे बैठने वालों के लिए पीछे की सीट्स पर आर्म रेस्ट दिए गए हैं।
किज़ाशी को सुरक्षित कार बनाने के लिए इसमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम विद ट्रैक्शन कन्ट्रॉल, एबीएस और ईबीएडी जैसे सेफ्टी फीचर्स हैं, जो इस तरह की गाड़ियों में बहुत आम फीचर हो चुके हैं, लेकिन एक बात तो तय है, कि किजाशी के आने से स्कोडा लौरा, होंडा एकॉर्ड और शेवर्ले क्रूज़ जैसी गाड़ियां पड़ सकती हैं हैरत में। भले ही इसमें कोई नया फीचर ना हो, लेकिन खरीददारों के लिए मारुति का काम और नाम ही काफी है।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
(
अब IBN7 देखिए अपने आईपैड पर भी। इसके लिए IBNLive का आईपैड एप्स डाउनलोड कीजिए। बिल्कुल मुफ्त!)
More on: car, kisaazi, luxurious car, launch
कमेंट्स
0