कुआलालम्पुर। भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल को मलेशिया ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के एकल मुकाबले के सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। टूर्नामेंट की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, शनिवार को खेले गए महिलाओं की एकल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में विश्व की शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की यिहान वांग ने सायना को 21-15, 21-16 से शिकस्त दी। वांग ने इस मुकाबले को 41 मिनट में अपने नाम किया।
सायना और वांग के बीच यह पांचवीं और इस साल की पहली भिड़ंत थी। इससे पहले, वांग ने चारों मुकाबलों में सायना को मात दी थी। इसके साथ ही वांग ने सायना के खिलाफ अपनी कुल पांचवीं जीत दर्ज की है।

विश्व की चौथी वरीयता प्राप्त सायना ने शुक्रवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पांचवीं वरीयता प्राप्त डेनमार्क की टिने बायून को 21-13, 21-23, 21-13 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
उल्लेखनीय है कि सायना और वांग इससे पहले पिछले वर्ष दिसम्बर में खेले गए बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड सुपर सीरीज फाइनल्स टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में आमने-सामने हुई थीं जहां वांग ने सायना को हराकर खिताबी जीत दर्ज की थी। वर्ल्ड सुपर सीरीज फाइनल्स के फाइनल में पहुंचने वाली सायना ने भारत की पहली खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया था।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: saina nehwal, malaysian open, badminton tournament, india player








कमेंट्स
0