नई दिल्ली। विश्व चैंपियन रह चुके सुशील कुमार और उनके छत्रसाल अखाड़े के ही अमित कुमार ने अमेरिका के कोलारेडो स्प्रिंग्स में डेव शुल्ट्ज मेमोरियल अंतरराष्ट्रीय कुश्ती टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीत लिये हैं। भारत ने इस टूर्नामेंट में कुल पांच पदक जीते।
सुशील ने 66 किग्रा फ्रीस्टाइल और अमित ने 55 किग्रा फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक जीते जबकि राहुल अवारे ने 60 किग्रा में रजत पदक जीता। प्रवीण राणा को 66 किग्रा में कांस्य पदक मिला जबकि बबीता कुमारी ने महिला वर्ग में 51 किग्रा में कांस्य पदक हासिल किया।

सुशील के गुरु द्रोणाचार्य अवार्डी सतपाल ने आज यहां यह जानकारी देते हुए कहा कि उनके छत्रसाल अखाड़े के तीन पहलवान सुशील. अमित और प्रवीण ने इस टूर्नामेंट में पदक हासिल किये। रजत पदक जीतने वाले राहुल अवारे महाराष्ट्र के पुणे के हैं।
पिछले बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले सुशील गत वर्ष विश्व चैंपियनशिप में अपने खिताब का बचाव नहीं कर पाये थे लेकिन ओलंपिक वर्ष की शुरुआत उन्होंने धमाकेदार अंदाज में की है।
महाबली सतपाल ने कहा कि भारत का कोई पहलवान अभी तक तक लंदन ओलंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया है लेकिन इस टूर्नामेंट के प्रदर्शन ने उम्मीदें जगाई हैं कि आगामी क्वालीफाईंग टूर्नामेंटों में भारत के कुछ पहलवान निश्चित ही ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेंगे।
लंदन ओलंपिक के लिए हुए ट्रायल के बाद भारतीय पहलवानों का शिविर अमेरिका में लगाया गया था जिसके साथ उन्होंने इस टूर्नामेंट में भी हिस्सा लेकर अपनी तैयारियों का जायजा लिया।
सुशील ने 66 किग्रा वर्ग में स्थानीय पहलवान चेज पामी को दोनों राउंड में धोकर रख दिया। भारत के पहले विश्व चैंपियन पहलवान सुशील ने पहला राउंड 3-0 से जीता और दूसरा राउंड उन्होंने 3-1 से अपने नाम कर देश को स्वर्ण पदक दिला दिया। इसी वजन वर्ग में भारत के प्रवीण राणा को टाड मेनीली के दूसरे राउंड में चोटिल होकर मुकाबला छोड़ देने के कारण कांस्य पदक मिल गया।
अमित ने 55 किग्रा वर्ग में न्यूयार्क के ब्रेंडन प्रेसी को 2-0 से हराया। उन्होंने दोनों राउंड 1-0 1-0 से जीते लेकिन 60 किग्रा वर्ग में राहुल अवारे तीन राउंड के संघर्ष में ओकलाहामा के कोलेमैन स्काट से तीन राउंड के कड़े संघर्ष में हार गए।
राहुल ने पहला राउंड 1-2 से हारने के बाद दूसरा राउंड 3-1 से जीत लिया। निर्णायक राउंड में जबर्दस्त मुकाबला हुआ मगर राहुल 2-3 से हारकर स्वर्ण जीतने का मौका गंवा बैठे। भारत के ही नरसिंह यादव 84 किग्रा वर्ग में जापान के ताकेशी यामागुची से हारकर कांस्य पदक जीतने का मौका चूक गये।
महिलाओं में भारत की बबीता कुमारी ने 51 किग्रा वर्ग में न्यू यॉर्क के हैली ओगेलो को 1-0 5-2 से हराकर कांस्य पदक जीता लेकिन 55 किग्रा वर्ग में भारत की पूजा ढांडा कनाडा की जीलियन गैलिस से कांस्य पदक के मुकाबले में पराजित हो गई।
सतपाल ने भारतीय पहलवानों के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि नए साल की शुरुआत अच्छी हुई है। पहलवानों को अभ्यास के लिए विदेश भेजने का मकसद यही था कि उनकी तैयारियों का एक आकलन हो जाए। हमने ओलंपिक वर्ष के लिए लक्ष्य तय किये हैं जिन पर हम सधे हुए कदमों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। यह एक अच्छा टूर्नामेंट है और भारतीय पहलवानों ने अपनी तैयारियों के प्रति अच्छा संकेत दिया है।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: wrestling, india, sushil kumar, london olympics, gold, winning








कमेंट्स
0