लखनऊ। कन्नौज लोकसभा सीट के उप-चुनाव के लिए पर्चा दाखिल करने पहुंची उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने मंगलवार को कहा कि वह इस क्षेत्र के विकास के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम करेंगी। नामांकन दाखिल करने पहले कन्नौज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए डिंपल ने कहा कि कन्नौज से समाजवादियों का बहुत पुराना नाता है। मैं आपकी बहू और बेटी होने के नाते पूरे हक से कह रही हूं कि उप-चुनाव की कमान आप अपने हाथों में लें और आचार संहिता का पालन करते हुए भारी मतों के जीत दर्ज कराएं।
डिंपल ने कहा कि आपके आग्रह पर ही पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने मुझे उप-चुनाव के लिए सपा का उम्मीदवार बनाया है। मैं यकीन दिलाती हूं कि मैं पूरी ईमानदारी से आपके क्षेत्र के विकास के लिए काम करुंगी। उन्होंने कहा कि सपा ऐसी पार्टी है जिसकी करनी और कथनी में अंतर नहीं रहता। उन्होंने कहा कि वर्तमान सपा सरकार देश की ऐसी पहली सरकार है जिसने अपने चुनावी घोषणा पत्र में किए वादों को अमली जामा पहनाया। इस दौरान डिंपल ने पूर्ववर्ती बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मायावती के निरंकुश शासनकाल में उत्तर प्रदेश बीस साल पीछे हो गया।

जनसभा में डिंपल के साथ मंच पर सपा के कई वरिष्ठ नेता और पति मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मौजूद थे। मालूम हो कि यह दूसरा मौका है जब डिंपल सपा उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा के उप-चुनाव में मैदान में उतरी हैं। इससे पहले साल 2009 में अखिलेश ने फिरोजाबाद सीट से लोकसभा की सदस्यता छोड़ दी थी और पार्टी ने यहां से डिंपल को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन डिंपल को कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर से हार का सामना करना पड़ा था।
(IBNkhabar के मोबाइल वर्जन के लिए लॉगआन करें m.ibnkhabar.com पर!)
More on: Dimple yadav, Wife of Akhilesh Yadav, Kannoj loksabha seat, Raj Babbar, samajwadi party








कमेंट्स
2